नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

हिसार में अंधड़ और बारिश, बालसमंद क्षेत्र में ओलावृष्टि; दो दिन गर्मी से राहत के आसार

हिसार टाइम्स – हिसार जिले में कल दोपहर तक भीषण गर्मी और तेज धूप रही, जिसके बाद शाम करीब चार बजे अचानक मौसम बदल गया. शहर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश (3 एमएम) दर्ज की गई, जबकि बालसमंद और सुलखनी क्षेत्रों में अंधड़ के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई, जिससे कई पेड़ उखड़ गए. बारिश से पहले शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक यानी 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग ने 29 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें 60-70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज बारिश की संभावना है. वहीं 30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

आंधी से बिजली गुल: 440 KV लाइन के टावर टूटे, 70 से ज्यादा पोल धराशायी गुरुवार शाम आई भीषण आंधी ने हिसार के बिजली वितरण तंत्र को पूरी तरह झकझोर दिया है. गांव किरमारा के पास खेदड़ थर्मल पावर प्लांट से फतेहाबाद को जोड़ने वाली 440 केवीए की मुख्य लाइन का एक बड़ा टावर पहले आधा झुका और फिर जमीन पर आ गिरा, जिससे इस लाइन की सप्लाई तुरंत रोकनी पड़ी. इसके अलावा मतानी में भी टावर टूटने की सूचना है. आंधी के कारण पूरे हिसार सर्कल में 33 केवीए की 10 और 11 केवीए की 15 लाइनें ब्रेकडाउन हो गईं. चूली-मोडा खेड़ा फीडर समेत विभिन्न क्षेत्रों में 70 से अधिक पोल और ट्रांसफार्मर टूटकर गिर गए, जिससे 18 से 20 गांवों में ब्लैकआउट रहा. शहर के पॉश इलाकों (सेक्टर-16, मॉडल टाउन, हाउसिंग बोर्ड) में भी सप्लाई बाधित रही, जिसे बहाल करने के लिए बिजली निगम की टीमें लगातार जुटी हुई हैं.

आरटीई दाखिलों में भारी लापरवाही, 137 निजी स्कूलों का वेरिफिकेशन अटका

3 जून तक रिकॉर्ड अपडेट न करने पर स्कूलों और अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

हिसार टाइम्स – शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने की प्रक्रिया में हिसार जिले में गंभीर लापरवाही सामने आई है. जिले के 137 निजी स्कूलों के मान्यता प्रमाण पत्र और दस्तावेजों का सत्यापन महीनों से लंबित है, जिसके कारण 519 गरीब बच्चों का एडमिशन अधर में लटका हुआ है. निदेशालय की समीक्षा रिपोर्ट में हिसार की प्रगति शून्य पाए जाने पर विभाग ने ‘अर्जेंट रिमाइंडर’ जारी कर 3 जून तक रिकॉर्ड अपडेट करने की अंतिम चेतावनी दी है. जिले में कुल 1548 बच्चों को सीटें आवंटित की गई थीं, लेकिन कुल प्रगति केवल 71.92% रहने के कारण हर चौथा बच्चा अभी भी एडमिशन के इंतजार में भटक रहा है. ब्लॉक स्तर पर उकलाना 51.30% के साथ सबसे पीछे है, जबकि बास ब्लॉक ने 100% रिकॉर्ड अपडेट कर दिए हैं.

हिसार पहुंची नेशनल टीम, 4 दिन तक करेगी गुप्त निरीक्षण

नगर निगम ने झोंकी ताकत, सफाई कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

हिसार टाइम्स – शहर को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाने के लिए नगर निगम ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है क्योंकि स्वच्छता सर्वेक्षण की नेशनल टीम हिसार पहुंच चुकी है. शुक्रवार को निगम के अधिकारी टीम के सामने शहर की सफाई व्यवस्था का पूरा ब्योरा और दस्तावेज पेश करेंगे, जिसके बाद केंद्रीय टीम बिना किसी पूर्व सूचना के स्लम इलाकों, सार्वजनिक शौचालयों और कमर्शियल मार्केट का जमीनी व गुप्त निरीक्षण करेगी. इस परीक्षा को देखते हुए सैनिटेशन स्टाफ की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. मुख्य सफाई एजेंसी ने प्रमुख सेक्टर्स और बाजारों में 250 से अधिक अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात किए हैं, जिनका मुख्य फोकस मैकेनाइज्ड व मैन्युअल रोड स्वीपिंग और 100% डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर है.

एचएसवीपी की कार्रवाई: अतिक्रमण के मलबे को लेकर सख्त निर्देश

प्लॉट मालिक खुद उठाएं मलबा, वरना पोर्टल पर दर्ज कर वसूली जाएगी फीस

हिसार टाइम्स – हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शहर के विभिन्न सेक्टर्स (विशेषकर सेक्टर 14 और 33) में अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए बुलडोजर के बाद बचे मलबे को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. एचएसवीपी के एसडीओ रामप्रसाद ने बताया कि एजेंसी ने सीएनडी वेस्ट उठाने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं जो मलबे को सातरोड स्थित प्लांट में डाल रही हैं. अधिकारियों ने निर्देश जारी किया है कि यदि प्रॉपर्टी मालिक अपने घरों के सामने से मलबा खुद नहीं उठवाते हैं, तो अथॉरिटी द्वारा मलबा उठाने का पूरा खर्च संबंधित मालिक के पोर्टल पर ड्यूज (बकाया) के रूप में अपलोड कर उनसे वसूला जाएगा.

पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लाखों की ठगी

पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर युवक से ₹1 लाख की ठगी हिसार शहर के एक युवक से ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ₹1 लाख 1 हजार 891 की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित को टेलीग्राम के माध्यम से “गूगल टास्क” पूरे करने के बदले कमीशन का झांसा दिया गया था. शुरुआत में छोटे टास्क देकर उसका विश्वास जीता गया और बाद में “कमिशन बेस्ड टास्क” में निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए गए. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महावीर कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला, मुख्य आरोपी अंकित गिरफ्तार

महावीर कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर सुभाष चन्द्र पर दफ्तर के बाहर बैठते समय 8-9 युवकों द्वारा लाठी-डंडों और गंडासी से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन उर्फ अंकित को गिरफ्तार कर लिया है. इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं. पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे पुरानी रंजिश का मामला मान रही है और जेल में बंद ललित उर्फ बल्लू हामी व उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

जेल से लौटे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले 22 वर्षीय युवक आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया था और उस पर चोरी के कई मुकदमे दर्ज थे. परिजनों के अनुसार बुधवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है; शुरुआती अंदेशा नशे या बीमारी का जताया जा रहा है.

शूटिंग चैंपियनशिप में आरती पूनिया ने जीता रजत पदक

यदुवंशी शूटिंग अकादमी की होनहार शूटर आरती पूनिया ने हरियाणा शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर फ्री पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. यह प्रतियोगिता 23 मई से 1 जून तक तुगलकाबाद स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जा रही है. आरती की इस सफलता पर उनके कोच संजू यादव ने इसे खिलाड़ी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया है.

शहर में आज के कार्यक्रम

शहर की हलचल: जिला लघु सचिवालय के सभागार में दोपहर 3 बजे ‘जन परिवाद समिति’ की मीटिंग का आयोजन तय है. इसके अलावा, ओपी जिंदल मेमोरियल पार्क (मिलगेट) में सुबह 5 बजे योग शिविर और सेक्टर-14 स्थित मां दुर्गा माता मंदिर में शाम 4 से 7 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है.

सोना-चांदी के भाव: हिसार के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,52,500 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत ₹1,40,300 प्रति 10 ग्राम रही. वहीं चांदी का भाव ₹2,60,000 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया.

खास खबरें देश विदेश से

पूर्व सीजेआई का बयान: सोशल मीडिया बिना संदर्भ समझे विवाद खड़ा करता है

पूर्व चीफ जस्टिस भूषण गवई ने साक्षात्कार में कहा कि कोर्ट में अनजाने में निकले शब्दों का सोशल मीडिया गलत अर्थ निकाल लेता है। उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और हमारा संविधान हर नागरिक को उपासना की स्वतंत्रता देता है। रिटायरमेंट के बाद सरकारी पद लेने के सवाल पर उन्होंने इसे निजी मामला बताया पर कहा कि वे खुद कोई पद नहीं लेंगे। न्यायपालिका में भ्रष्टाचार को उन्होंने अन्य क्षेत्रों की तुलना में लगभग नगण्य बताया।

हरियाणा में मौसम बदला: आंधी, बारिश और ओलों से भीषण गर्मी से राहत

हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, जींद और पानीपत सहित कई जिलों में गुरुवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। रेवाड़ी, दादरी और नारनौल में ओले गिरने से दिन के तापमान में 3.4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन भी प्रदेश में आंधी-बारिश की संभावना है। शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

केरल तट पर अटका मानसून: मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत साबित

केरल में मानसून की दस्तक को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत साबित हुआ है। विभाग ने पहले 26 मई को मानसून आने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन मानसून पिछले 5 दिनों से केरल के तट से 30-35 किलोमीटर दूर अटका हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो-तीन दिन इसके आगे बढ़ने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं।

प्रशांत महासागर का तापमान बढ़ा: तेजी से अलनीनो फेज की ओर बढ़ रहा मौसम

जनवरी 2026 से अब तक मध्य प्रशांत महासागर के औसत तापमान में इस सदी का सबसे तेज वार्मिंग ट्रेंड देखा गया है। महासागर का नीनो 3.4 इंडेक्स -0.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो अलनीनो की शुरुआत का संकेत है। पिछले 75 वर्षों में देश ने 17 बार अलनीनो का सामना किया है, जिससे मानसून की बारिश प्रभावित होती है।

अंतरराष्ट्रीय तनाव से बासमती निर्यात ठप: पोर्ट्स पर फंसा 1425 करोड़ का चावल

अमेरिका-ईरान तनाव और इजरायल युद्ध के कारण खाड़ी देशों का समुद्री रास्ता बंद होने से बासमती निर्यात गहरे संकट में है। पिछले तीन महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार से बासमती चावल का एक भी नया सौदा नहीं हो पाया है। देश के विभिन्न बंदरगाहों पर 1425 करोड़ रुपये की कीमत का 150 लाख मीट्रिक टन चावल फंसा हुआ है। निर्यात बंद होने से कई राइस मिलें बंद होने की कगार पर हैं और हजारों मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।

सीएम नायब सिंह सैनी ने रवाना कीं 80 ई-बसें, स्टूडेंट्स के पास को दी मंजूरी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में प्रदेश के पहले इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया और 5 जिलों के लिए 80 लो-फ्लोर एसी ई-बसों को हरी झंडी दिखाई。 इससे राज्य में ई-बसों की संख्या 155 हो गई है। सीएम ने इन ई-बसों में स्कूल-कॉलेज के छात्रों के पास को मान्यता देने की घोषणा की है। साथ ही धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक एक्सप्रेस बसें जल्द खरीदने की बात कही।

(CUET-UG) की संशोधित परीक्षाएं अब 31 मई और 6-7 जून को होंगी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं। ये परीक्षाएं अब 31 मई, 6 जून और 7 जून को आयोजित की जाएंगी। 31 मई की परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। इससे पहले 28 मई को होने वाली परीक्षा ईद के त्योहार के कारण स्थगित कर दी गई थी।

नॉर्वे शतरंज: भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रागनानंदा ने विश्व चैंपियन कार्लसन को हराया

भारतीय ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रागनानंदा ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में बड़ा उलटफेर किया है। उन्होंने पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल फॉर्मेट में दूसरी बार शिकस्त दी। इस शानदार जीत के बाद प्रागनानंदा के 4.5 अंक हो गए हैं। वे अब इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में अब ऑनलाइन माध्यम से होगा शिक्षकों का ट्रांसफर

अरुणाचल प्रदेश सरकार ने पारदर्शिता और स्कूलों में उपस्थिति की निगरानी के लिए शिक्षक स्थानांतरण की डिजिटल प्रणाली शुरू की है। ‘रोच टू टीच’ पहल के तहत शिक्षकों के आवेदन, सर्विस रिकॉर्ड और पोस्टिंग हिस्ट्री को ऑनलाइन डेटाबेस में सुरक्षित रखा जाएगा। इसका उद्देश्य दूरदराज के स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों के बीच 1:45 का निर्धारित अनुपात बनाए रखना है।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी: अंबाला के व्यक्ति से एजेंट ने ठगे 32 लाख रुपये

अंबाला के बलकार सिंह अमेरिका जाने की चाह में एक ट्रैवल एजेंट की ठगी का शिकार हो गए। एजेंट ने वीजा और दस्तावेजी प्रक्रिया के नाम पर उनसे 32 लाख रुपये ऐंठ लिए。 इसके लिए बलकार को पत्नी के गहने और प्लॉट बेचने पड़े। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया है, लेकिन पैसे वापस न मिलने के कारण बलकार अब 12 हजार रुपये की मैकेनिक की नौकरी करने को मजबूर हैं。

वैज्ञानिकों की बड़ी खोज: दुनिया का पहला कार्बन-फ्री फेरोसीन अणु तैयार

आईआईटी मद्रास और आईआईएससी बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने रसायन विज्ञान की 70 साल पुरानी पहेली को सुलझा लिया है। उन्होंने दुनिया का पहला ‘कार्बन-फ्री फेरोसीन’ जैसा अणु विकसित किया है। इस शोध में वैज्ञानिकों ने लोहे की जगह ऑस्मियम धातु और कार्बन की जगह बोरॉन आधारित रिंगों का इस्तेमाल किया है। यह नया अणु बेहद स्थिर है और इसकी बॉन्डिंग पारंपरिक फेरोसीन से भी मजबूत है।

कड़कती धूप से राहत के लिए दिल्ली में बनाई जाएंगी ‘सोलर कूलिंग हट’

दिल्ली में गर्मी से राहत देने के लिए झोपड़ी के आकार की विशेष ‘सोलर कूलिंग हट’ बनाई जा रही हैं। इसमें प्राकृतिक ठंडक के लिए चारों ओर खस घास की पैडिंग और स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया जाएगा। इसकी छत पर लगे सोलर पैनल अंदर की बिजली व्यवस्था को संचालित करेंगे। इस हट में लोगों के बैठने, ठंडे पानी और मोबाइल चार्जिंग की सुविधाएं मिलेंगी।

पुणे में डॉक्टरों का कमाल: 9 महीने के बच्चे के फेफड़े से निकाला एलईडी बल्ब

पुणे में आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियो-थोरैसिक साइंसेस के डॉक्टरों ने एक 9 महीने के शिशु की जान बचाई है। बच्चे ने गलती से एक छोटा एलईडी बल्ब निगल लिया था, जो उसके बाएं फेफड़े में गहराई तक फंस गया था। बल्ब के तारों से फेफड़ों को गंभीर नुकसान और आंतरिक संक्रमण का खतरा था। डॉक्टरों ने जटिल ब्रोंकोस्कोपिक प्रक्रिया से बल्ब को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

कनाडा में भारतीय छात्रा की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या

कनाडा के नायाग्रा क्षेत्र में पढ़ाई कर रही गुजरात की 22 वर्षीय छात्रा विधि कल्पेशभाई मेसा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। विधि पिछले चार साल से कनाडा में रह रही थी और वहां स्थायी निवास (PR) की तैयारी कर रही थी। वह 15 मई से लापता थी और बाद में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय छात्रों में सुरक्षा को लेकर काफी डर है。

सुबह की देश राज्यों से बड़ी खबरें

◾ अमेरिका और ईरान 60 दिन के सीजफायर पर राजी, ट्रम्प की मंजूरी बाकी; ईरान 30 दिन में होर्मुज से माइंस हटाएगा

◾घुसपैठियों को अमित शाह की चेतावनी- अपने देश लौट जाओ, जो अपने आप वापस नहीं जाएंगे तो सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी

◾ केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का दूसरा और आखिरी दिन है। इस दौरान वह भुज जाएंगे। वहां वह बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा करेंगे और हरामीनाला क्षेत्र में तैनात जवानों से बातचीत करेंगे। यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है।

◾NEET री-टेस्ट पेपर सेना-वायुसेना की मदद से एग्जाम सेंटर पहुंचेगा, फीस रिफंड की डेडलाइन भी बढ़ाई गई; राजनाथ सिंह के घर हुई बैठक में फैसला

◾ धर्मेंद्र प्रधान बोले- CBSE मामले में गड़बड़ी की जिम्मेदारी लेता हूं, मानता हूं कुछ गड़बड़ियां हुईं हैं; अधिकारियों से बोले- सिस्टम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

◾ पूर्व CJI बोले- कोई भी संस्था भ्रष्टाचार से अछूती नहीं, पर न्यायपालिका में यह कम; कहा- सरकार से किसी पद की उम्मीद नही करनी चाहिए

◾भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने गुरुवार को मॉस्को में आयोजित पहले अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है।

◾सीएम सिद्धारमैया इस्तीफे के बाद बोले: कांग्रेस आलाकमान के कहने पर पद छोड़ा, राज्यपाल के सचिव को दिया त्यागपत्र

◾ सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद दिया और कहा, ‘जब साल 2006 में वे कांग्रेस में शामिल हुए, तब से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं ने मुझे पूरा समर्थन दिया और मैं आज सभी को धन्यवाद देता हूं। मैं दो बार मुख्यमंत्री रहा। इस दौरान मेरे सहयोगियों से मुझे पूरा सहयोग मिला, उसके लिए उन सभी का धन्यवाद

◾5 दिन भारत दौरे पर म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग हाइंग, 30 मई को भारत पहुंचेंगे; PM मोदी से भी करेंगे मुलाकात

◾ विधानसभा चुनाव में हार के बाद पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस अब अपने सबसे गंभीर संगठनात्मक दबाव के दौर से गुजरती दिख रही है। पार्टी के भीतर लगातार सामने आ रहे इस्तीफों, वरिष्ठ नेताओं के बीच बढ़ते टकराव और सार्वजनिक बयानबाज़ी ने हालात को इस स्तर तक पहुंचा दिया है कि संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

◾ कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी TMC, ममता बनर्जी के ही सांसद ने कर दिया सनसनीखेज दावा

◾ वैश्विक मंदी के बीच राहत की खबर: भारत बना रहेगा मजबूत अर्थव्यवस्था, 6.5 फीसदी रह सकती है विकास दर

◾दिल्ली-MP में बारिश, हरियाणा-उत्तराखंड में ओले गिरे, छत्तीसगढ़ में आंधी से पेड़ उखड़े; राजस्थान-MP समेत 15 राज्यों में आज से गर्मी से राहत संभव

◾ क्या राजस्थान को IPL फाइनल का टिकट दिला पाएंगे सूर्यवंशी, गुजरात की गेंदबाजी सबसे मजबूत, रॉयल्स-टाइटंस में क्वालिफायर-2 मैच आज

===================================

====================================