नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
हिसार टाइम्स – हिसार के योग नगर मे रहने वाले 51 वर्षीय प्रवीण की ट्रेन में चढ़ते समय एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जीआरपी जांच अधिकारी के अनुसार, प्रवीण सब्जी की दुकान पर काम करता था और वैष्णो देवी की यात्रा पर जा रहा था। जैसे ही उसने ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, अचानक उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म तथा चलती गाड़ी के बीच के खाली हिस्से में फंस गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवीण शादीशुदा था और अपने पीछे परिवार छोड़ गया है।

शोरूम मैनेजर हत्याकांड: छलांग लगाकर भाग रहे मुख्य आरोपी साहिल व विकास गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज भान हत्याकांड के मुख्य आरोपियों साहिल बामल और विकास मलिक को सीआईए-2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सेक्टर-5 हांसी के नजदीक क्वार्टरों में छिपे हुए हैं। पुलिस ने जब मौके पर दबिश दी, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने बिल्डिंग की छत से छलांग लगा दी। छत से कूदने के कारण दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आईं और वे घायल हो गए। सीआईए-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर मनदीप कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया और घायल हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हिसार रेफर कर दिया गया है।

दिल्ली रोड सिक्स-लेन प्रोजेक्ट: लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक बनेगा 6-लेन रोड, ₹30.08 करोड़ मंजूर

हिसार टाइम्स – हिसार शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक की मौजूदा 4-लेन सड़क को अब 6-लेन में बदला जाएगा। पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) विभाग के इस प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है, जिस पर करीब 30.08 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में यह रोड 7 मीटर चौड़ा है, जो सिक्स-लेन होने के बाद 10 मीटर चौड़ा हो जाएगा। इस 1600 मीटर लंबे रोड के विस्तार के लिए 7 सरकारी विभागों की करीब 10 हजार स्क्वेयर मीटर जमीन के लिए सहमति मिल चुकी है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस परियोजना से शहर में व्यापार, नए निवेश और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही जाम से राहत के लिए क्लॉथ मार्केट, सिविल अस्पताल मोड़ और ऑटो मार्केट सहित पांच जगहों पर स्लिप रोड और बालसमंद बांध नहर पर दो नए पुल बनाए जाएंगे।

खरड़ गांव मर्डर मिस्ट्री: पैसे न लौटाने पड़े इसलिए गला घोंटकर की गई थी पासोरानी की हत्या

हिसार टाइम्स – खरड़ गांव के पास रामायण टोल रोड के नजदीक खेत में मिले हांसी के प्रेम नगर निवासी 40 वर्षीय पासोरानी के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी को लगभग सुलझा लिया है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद सामने आया है कि पासोरानी ने तोशाम में 4 लाख रुपए में एक प्लॉट खरीदा था, जिसके लिए उसने एडवांस दे रखा था। उसने अपने एक ई-रिक्शा चालक जानकार को पैसे दे रखे थे, जिसे वह प्लॉट की पेमेंट करने के लिए वापस मांग रही थी। पैसे वापस न लौटाने पड़े, इसलिए उस जानकार ने पासोरानी का मुंह चुन्नी से बांधकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी ताकि वह शोर न मचा सके। थाना सदर पुलिस ने खेत मालिक अनुराग की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया था। एसएचओ ईश्वर सिंह के अनुसार, संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वार्ड 18 में सीवर ओवरफ्लो से बढ़ी परेशानी; बदबू और जलभराव से लोग त्रस्त
हिसार शहर के वार्ड नंबर 18 स्थित राम नस्सी स्ट्रीट के निवासी पिछले कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। स्थानीय निवासी मदनलाल व अन्य लोगों के मुताबिक, सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। इलाके में लगातार बदबू और जलभराव के चलते लोगों की रोजमर्रा की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। स्थानीय जनता ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

नीट-2026: परीक्षा से पहले अलर्ट मोड में सिस्टम, जिले के 15 सेंटरों पर जांच पूरी
21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) को लेकर हिसार जिले में प्रशासनिक और शिक्षा विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों अभ्यर्थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग की दो टीमों ने सभी 15 केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान टीमों ने केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, बिजली-पानी, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सुविधाओं को जांचा और केंद्र प्रभारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों में प्रमुख संस्थान शामिल, अभ्यर्थियों को नए एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य
नीट परीक्षा के लिए गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (GJU), राजकीय महिला कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल, पीएम श्री केंद्रीय स्कूल कैंट और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) सहित जिले के कई प्रमुख संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से ही केंद्रों पर प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा दोबारा जारी किए गए नए एडमिट कार्ड के साथ ही समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

फर्जी पेपर और रिजल्ट के दावों पर एनटीए सख्त; भ्रामक खबरों पर रहेगी पैनी नजर
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एनटीए, पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट और संबंधित सरकारी एजेंसियां सोशल मीडिया व मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रखेंगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों को सचेत किया है कि वे पेपर लीक होने, स्टडी मटेरियल मिलने या पैसे लेकर सफलता दिलाने वाले फर्जी दावों से सावधान रहें। एजेंसी ने संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग के लिए एक व्यवस्था शुरू की है, जिसके तहत फर्जी सूचना या अनधिकृत सामग्री की शिकायत स्क्रीनशॉट और लिंक के साथ दर्ज कराई जा सकती है। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यूजी एडमिशन: राजकीय कॉलेज पहली पसंद, बीए की 740 सीटों पर 3232 दावेदार
हायर एजुकेशन के पोर्टल पर अंडर ग्रेजुएट (UG) कोर्सेज में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है, जिसमें राजगढ़ रोड स्थित राजकीय कॉलेज विद्यार्थियों की पहली पसंद बनकर उभरा है। इस कॉलेज में ट्रेडिशनल कोर्सेज के प्रति छात्रों का जबरदस्त रुझान देखा गया, जहां बीए की 740 सीटों के लिए रिकॉर्ड 3232 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके विपरीत, लाइफ साइंस, फिजिकल साइंस और सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज (SFS) के प्रति विद्यार्थियों का रुझान काफी कम नजर आया है। छात्र 17 जून तक अपने आवेदनों में त्रुटियों को सुधार (एडिट) कर सकेंगे। इसके बाद 22 जून तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा और 27 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।

अवैध रूप से चल रहे गैस गोदाम पर सीएम फ्लाइंग की रेड, 881 सिलेंडर बरामद
सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने तोशाम रोड के पास संचालित एचएलआरडीसी गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान एयरपोर्ट, जिला पुलिस लाइन और महिला थाने जैसी महत्वपूर्ण जगहों के पास सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बिना अनुमति के अवैध रूप से चलाया जा रहा एक बड़ा गैस गोदाम पकड़ा गया। टीम ने मौके से कुल 881 सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें 14.2 किलोग्राम वाले 619 खाली व 241 भरे हुए घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता वाले 16 खाली व 5 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं।

अवैध गोदाम में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन; उपभोक्ताओं से वसूला जा रहा था होम डिलीवरी शुल्क
छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि अवैध रूप से चल रहे इस गैस गोदाम में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। परिसर में न तो अग्निशमन यंत्र थे और न ही आपातकालीन सुरक्षा के कोई इंतजाम थे, बल्कि गोदाम के अंदर ही गैस सिलेंडरों के पास लकड़ियां जलाई जा रही थीं, जिससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि मौके पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं से नियमों के खिलाफ होम डिलीवरी शुल्क वसूला जा रहा था, जबकि उन्हें सिलेंडर सीधे गोदाम से दिए जा रहे थे। टीम ने एजेंसी के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंप दी है।

तोशाम रोड पर बजरी से भरा ट्रक पलटने से बिजली आपूर्ति घंटों बाधित
हिसार-तोशाम रोड पर बजरी से ओवरलोड एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। ट्रक पलटने से बिजली के खंभे टूट गए, जिसकी वजह से आसपास के पूरे इलाके में कई घंटों तक बिजली की आपूर्ति ठप रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

कंवारी गांव की रितुल एनडीए के पहले महिला बैच से बनीं फ्लाइंग ऑफिसर
हिसार के कंवारी गांव की बेटी रितुल ने इतिहास रचते हुए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पहले महिला बैच से भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर का पद हासिल किया है। ग्रामीणों के अनुसार, कंवारी गांव और जिले की किसी बेटी के लिए यह पहली और एकमात्र ऐसी ऐतिहासिक सफलता है, जिसने अन्य युवतियों के सपनों को नई राह दिखाई है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी रितुल ने हार नहीं मानी और ऑनलाइन माध्यमों से अपनी तैयारी जारी रखी। उनके पिता अमित पेशे से ठेकेदार हैं, जिन्होंने उनके सपनों को हमेशा सपोर्ट किया। रितुल के सम्मान में 21 जून को गांव में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।

एनडीए के प्रथम महिला बैच से फाइटर पायलट बनीं इशिता को मिलीं शुभकामनाएं
इंदिरा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने एनडीए के पहले महिला बैच से फाइटर पायलट बनने का गौरव हासिल करने वाली इशिता को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। ट्रस्ट के संस्थापक रजत गुप्ता ने कहा कि इशिता की यह शानदार उपलब्धि महिला सशक्तीकरण की एक जीती-जागती मिसाल है, जो हरियाणा और पूरे देश की बेटियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने इशिता के माता-पिता और शिक्षक चरण सिंह के संस्कारों, अनुशासन और समर्पण को इस बड़ी सफलता का मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि उनका ट्रस्ट बेटियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसने से व्यक्ति की मौत, दो अन्य हादसों में भी गई जान
हिसार जिले में अलग-अलग हादसों और आत्महत्या की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में योग नगर निवासी 51 वर्षीय प्रवीण, जो सब्जी की दुकान पर काम करता था, वैष्णो देवी जाने के लिए ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने के कारण प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना में राजीव नगर के 66 वर्षीय वृद्ध सतपाल की भूलवश दवा समझकर फिनाइल पीने से मौत हो गई। वहीं, उकलाना मंडी में अज्ञात मानसिक परेशानी के चलते 23 वर्षीय युवक गौरव ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मंडी आदमपुर में 621 ग्राम डोडा पोस्त के साथ मोटरसाइकिल सवार गिरफ्तार
आदमपुर थाना पुलिस ने नशाखोरी पर अंकुश लगाने और अपराध रोकथाम के लिए चलाई जा रही गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया है। उपनिरीक्षक उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदमपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान शक के आधार पर एक आरोपी को रोका। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 621 ग्राम डोडा पोस्त (मादक पदार्थ) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मौसम के 3 रंग: अंधड़ से दिन में हुई ‘रात’, 50 किमी की रफ्तार से चलीं हवाएं और बारिश
हिसार जिले में सोमवार को प्रकृति के अनोखे तीन रंग देखने को मिले, जहां कुछ ही घंटों के भीतर मौसम ने तीन बार करवट बदली। सुबह की शुरुआत तेज और चुभती हुई धूप के साथ हुई, लेकिन दोपहर 12:40 बजे अचानक दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। सिवानों की तरफ से उठे एक भयानक रेतीले बवंडर (अंधड़) ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलीं और इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि, बारिश थमने के बाद सूरज ने फिर तेवर दिखाए और तेज धूप निकल आई। इस मौसमी बदलाव के कारण जिले में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे हिसार का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री गिरकर 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम यानी 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारी नुकसान, 67 बिजली लाइनों पर ब्रेकडाउन और कई पोल गिरे
तेज अंधड़ और तूफान के कारण शहर के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी और पेड़ों के टूटने की वजह से बिजली सर्कल में 33 केवी की 22 और 11 केवी की 45 लाइनों पर ब्रेकडाउन लेना पड़ा, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों की बिजली सप्लाई कई घंटों तक बाधित रही। कंट्रोल रूम के अनुसार सातरोड सब डिवीजन में 18 और हांसी सब डिवीजन में 25 पोल गिरने की सूचना मिली है। बामत और उमरा के 33 केवी बिजलीघरों से देर रात तक सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी। इसके अलावा शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे सेक्टर 1-4, पारिजात चौक, ऑटो मार्केट, पुलिस लाइन, आईटीआई, सेक्टर 27-28 और गीता कॉलोनी आदि की लाइनों पर भी ब्रेकडाउन रहा। वहीं, मौसम की मार के चलते जिंदल हाउस के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पेड़ गिर गया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।

मौसम एक्सपर्ट व्यू: अगले तीन-चार दिनों तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आने वाले तीन-चार दिनों तक मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा। बादलों की आवाजाही और तेज गति की हवाओं के साथ कहीं-कहीं बिखराव वाली हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। वर्तमान परिदृश्य में लगातार पश्चिमी विक्षोभ और साथ ही टर्फ सक्रिय हो रही है, जिसकी वजह से हरियाणा में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। 18 जून को एक और नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में 18-19 जून के दौरान तेज अंधड़ और हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां दोबारा देखने को मिल सकती हैं।

सिविल अस्पताल डी-फ्रीजर विवाद: कंपनी ने कहा फ्रीजर ठीक, पर जांच रिपोर्ट के बाद ही शव रखेगा प्रशासन
सिविल अस्पताल के डी-फ्रीजर में चूहों द्वारा महिला का शव कुतरने की घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन अब कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। हालांकि, मेंटेनेंस कंपनी के इंजीनियर्स ने ई-मेल के जरिए मरम्मत का काम पूरा होने और फ्रीजर दुरुस्त होने की जानकारी दी है, लेकिन वे बिना औपचारिक हैंडओवर किए ही लौट गए। पीएमओ डॉ. रीना जैन के अनुसार, अस्पताल प्रशासन बिना तकनीकी परीक्षण और लिखित सत्यापन के कंपनी के दावे पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। इसके लिए एक इंस्पेक्शन कमेटी का गठन किया गया है, जो जांच के बाद अपनी रिपोर्ट देगी। इस गतिरोध के कारण अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्था ठप पड़ी है और मजबूरीवश शवों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करना पड़ रहा है, जिससे परिजनों को भारी परेशानी हो रही है। डीसी के निर्देश पर एडीसी शालिनी चेतल ने भी 48 घंटे में इस मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी है।

हिसार एयरपोर्ट को बड़ी मंजूरी: 6 अगस्त से कैट-2 आईएलएस सिस्टम शुरू, 370 मीटर की विजिबिलिटी में भी उड़ेंगे विमान
हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों के लिए डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) से बड़ी खुशखबरी मिली है। डीजीसीए ने एयरपोर्ट के लिए कैट-2 (इन्स्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) को मंजूरी दे दी है, जो 6 अगस्त से प्रभावी होगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर ओपी सैनी ने बताया कि अब सर्दियों के मौसम में कोहरे या खराब दृश्यता के कारण उड़ानें लेट नहीं होंगी। पहले विमान उतारने के लिए 1200 मीटर की दृश्यता जरूरी थी, लेकिन अब महज 370 मीटर की दृश्यता में भी विमान सुरक्षित लैंड और टेकऑफ कर सकेंगे। अहमदाबाद और जम्मू की फ्लाइट्स के लिए शेड्यूलिंग का काम अंतिम चरण में है, जबकि चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर और अयोध्या के लिए नियमित उड़ानें जारी हैं। पिछले 11 महीनों में इस एयरपोर्ट से 551 उड़ानों के जरिए 9,690 यात्रियों ने सफर किया है। इसके अलावा, अप्रैल 2027 तक नए पैसेंजर टर्मिनल और एटीसी ब्लॉक का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से मुंबई और गोवा के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू हो सकेंगी।


◾डिप्लोमेसी का ‘महा-शतक’: 12 साल में PM मोदी की 100वीं विदेश यात्रा; अब तक 78 देशो का कर चुके है दौरा
◾अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर बड़ी प्रगति, दोनों देशों ने MoU पर किए हस्ताक्षर

◾PM मोदी ने अमेरिका-ईरान समझौते का किया स्वागत; बोले- समुद्री व्यापार को मिलेगी राहत
◾Punjab में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, सेना की मूवमेंट पर नजर रखने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

◾देश के प्रमुख ठिकानों पर ड्रोन अटैक की आशंका: केंद्र का सुरक्षा एजेंसियों को सिक्योरिटी बढ़ाने का आदेश; एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती शुरू
◾G7 समिट आज से, PM मोदी स्लोवाकिया से फ्रांस लौटेंगे: US प्रेसिडेंट ट्रम्प भी पहुंचे; नेताओं के बीच ईरान और यूक्रेन पर चर्चा हो सकती है

◾नीट री-एग्जाम का पेपर दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी: 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स से लाखों वसूले; राजस्थान-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार
◾अकाल तख्त ने पंजाब CM को गुरुदोषी-पंथ विरोधी करार दिया: जत्थेदार बोले- शराब वाला वीडियो सही; AAP बोली- साबित नहीं होता कि वीडियो में भगवंत मान ही

◾वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच हुई धक्का-मुक्की, VIDEO वायरल
◾रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: 15 जुलाई से IRCTC की नई वेबसाइट, अब आसान होगा टिकट बुकिंग, PNR और रिफंड स्टेटस चेकिंग

◾स्लोवाकिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अब तक कुल 33 देशों से मिले पुरस्कार
◾भारत आ रहे LNG जहाज ने पार किया होर्मुज, फंसे हुए 34 अन्य जहाजों के लिए जगी उम्मीद

◾B-52 Bomber Crash: अमेरिका का बी-52 बॉम्बर उड़ान भरने के तुरंत बाद हुआ क्रैश, आठ लोगों के मारे जाने की आशंका
◾मानसून में भी उबलेगा आधा भारत: तापमान-उमस का जानलेवा मेल, 70 करोड़ लोगों को झेलना पड़ सकता है संकट

◾सोनम बोली- नेपाल नहीं भागी, शिलॉन्ग में हूं: राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी का इंदौर जाने से इनकार; कहा- जांच में सहयोग कर रही
◾अभिषेक बनर्जी से ED की पूछताछ जारी: कैश फॉर जॉब स्कैम में रिश्वत लेने का आरोप; फर्जी साइन मामले में CID ने कल पूछताछ की थी
◾शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 736 अंक उछलकर 76,264 पर बंद, निफ्टी 23,850 के पार
◾वैभव-शेडगे भी नहीं दिला सके इंडिया ए को जीत, सुपर ओवर में श्रीलंका ने 7 रन से मारी बाजी
===================================

====================================























