नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

हिसार टाइम्स – माता वैष्णो देवी के दरबार में पूजा-अर्चना के लिए गए हिसार के एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक काफी मशक्कत के बाद उनके शव को हिसार लाया जा सका। इसके अलावा वहां स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ी। सेक्टर 9-11 निवासी एडवोकेट कुलबीर सिंह कोहाड़ 23 जून को बेटी वैशाली व बेटे वैभव के साथ माता वैष्णो देवी गए थे। वह शाम साढ़े 5 बजे कटरा में होटल में पहुंचे। रात करीब 8 बजे उन्होंने दर्शन के लिए चढ़ाई शुरू की। 12 से एक बजे के बीच वो तीनों अर्ध कंवारी पार कर गए थे। इसी दौरान कुलबीर सिंह को हार्ट अटैक आ गया। उनके परिजन एडवोकेट योगेश सिहाग ने बताया कि हार्ट अटैक आते ही वह नीचे गिर गए। यह देखकर दोनों बच्चे घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे लेकिन कोई भी उनकी मदद को आगे नहीं आया।

इसी बीच एक लड़की ने मदद के लिए एंबुलेंस को कॉल की। करीब 25-30 मिनट की देरी से एंबुलेंस वहां पहुंची। इस दौरान बच्चों ने अपने स्तर पर सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दी। एंबुलेंस आई तो उसमें चालक के अलावा कोई स्टाफ नहीं था। चालक बच्चों से ही बोला कि वे मरीज को ऑक्सीजन लगा दे। हालाांकि बाद में चालक ने ही ऑक्सीजन लगा दी। इसके बाद वह कटरा के अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यही नहीं जब वे नीचे गिरे हुए थे तो एक व्यक्ति उनका मोबाइल चोरी करके भागने लगा जिसे पकड़ लिया गया।उधर अस्पताल प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम करवाने को लेकर दबाव दिया जिस पर बेटी वैशाली ने मना कर दिया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के जरिये हिसार लाने लगे तो चालक ने एडवांस पैसे मांगे तो बच्चे बोले कि अभी हमारे पास पैसे नहीं है लेकिन चालक पैसे मांगने पर ही अड़ा रहा। आखिर में उस लड़की ने ही दोबारा मदद की और वह शव को हिसार लेकर आए। इसके अलावा होटल संचालक ने दोबारा पैसे मांगे जबकि वे होटल वाले का पूरा भुगतान कर चुके थे।

नागरिक अस्पताल के नेत्र विभाग में संकट: 3 साल में 8 में से 3 सर्जनों का इस्तीफा, 3 ट्रांसफर

फेको मशीन खराब होने और अतिरिक्त मोर्चरी ड्यूटी से डॉक्टर परेशान, सिर्फ एक सर्जन के भरोसे ओपीडी और सर्जरी

हिसार टाइम्स – जिला नागरिक अस्पताल के नेत्र विभाग में सर्जनों की भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हाल ही में डॉ. निधि ने इस्तीफा देकर एक निजी अस्पताल में काम शुरू किया और डॉ. संदीप ने भिवानी के अस्पताल में ट्रांसफर करवा लिया है।वर्तमान में तीसरी सर्जन डॉ. कल्पना के छुट्टी पर होने के कारण पूरी ओपीडी, सर्जरी और मेडिकल सेवाओं का संचालन अकेले डॉ. विजय अलोरा के कंधों पर आ गया है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आठ में से तीन सर्जनों ने इस्तीफा दिया, तीन का ट्रांसफर हुआ, एक ने वीआरएस ली और एक ने ज्वाइन ही नहीं किया, जो अस्पताल प्रबंधन पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।

अभाव और अतिरिक्त ड्यूटी बनी वजह:

अस्पताल में लंबे समय से एडवांस फेको मशीन खराब पड़ी है, जिसके कारण डॉक्टरों को पुरानी एसआईसीएस (SICS) तकनीक से मोतियाबिंद के ऑपरेशन करने पड़ रहे हैं और मरीज आधुनिक चिकित्सा के लाभ से वंचित हैं। इसके अलावा, नेत्र रोग विशेषज्ञों की ड्यूटी जबरन अस्पताल की मोर्चरी (पोस्टमार्टम ड्यूटी) और इमरजेंसी वार्डों में लगाई जाती रही है, जिसका डॉक्टर लंबे समय से विरोध कर रहे थे। नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. रीना जैन ने बताया कि दो सर्जन अस्पताल छोड़कर गए हैं और एक छुट्टी पर हैं; जुलाई में छुट्टी पर गईं डॉक्टर वापस ड्यूटी ज्वॉइन कर लेंगी और सेवाएं सुचारू हो जाएंगी।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के माननीय न्यायाधीश महावीर सिंह सिंधु का बीमारी के कारण निधन

पैतृक गांव मसूदपुर और हांसी में शोक की लहर, राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस महावीर सिंह सिंधु का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे विधिक जगत और उनके पैतृक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। हांसी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां भारी संख्या में गणमान्य लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और शोककुल परिवार ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। जस्टिस सिंधु का जन्म 4 अप्रैल 1967 को मसूदपुर के एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से उच्च शिक्षा प्राप्त की और 1992 में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से एलएलबी की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने वकालत में कदम रखा और उप-महाधिवक्ता व अतिरिक्त महाधिवक्ता जैसे प्रतिष्ठित संवैधानिक पदों पर अपनी सेवाएं दीं।

अपनी जड़ों से जुड़ाव: जस्टिस सिंधु अपनी जड़ों से बेहद जुड़े हुए थे। करीब 3 महीने पहले 28 मार्च को वे अपने पैतृक गांव मसूदपुर आए थे, जहां वे ‘पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय’ के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। स्कूल पहुंचने पर वे सबसे पहले पुरानी स्कूल की सीढ़ियों पर नतमस्तक हुए और भावुक होकर कहा था कि “मेरे लिए इस स्कूल से बढ़कर जीवन में कुछ भी नहीं है।” उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए स्कूल को मंदिर समझने की सीख दी थी

इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापनों का जाल: भैंस और कपड़े बेचने के बहाने महिला सहित तीन से लाखों की ठगी

सीमा पर गाड़ी रोकने और टैक्स के बहाने ठगे ₹58 हजार; साइबर एक्सपर्ट ने दी सतर्क रहने की सलाह

हिसार क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी का एक नया जाल बुना है, जिसके तहत तीन अलग-अलग शिकायतों पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं। पहली घटना में गांव पंघाल की एक महिला, जो दूध बेचने का व्यवसाय करती है, से इंस्टाग्राम पर भैंस बेचने का झांसा देकर 58 हजार रुपये ठग लिए गए। महिला ने 12 जून को इंस्टाग्राम पर एक लुभावना विज्ञापन देखकर दिए गए नंबर पर संपर्क किया था। आरोपी दुष्यंत सिंह (खुद को जयपुर का डेयरी संचालक बताने वाला) ने ₹68,000 में भैंस का सौदा तय किया। शुरुआत में गाड़ी भाड़े के नाम पर ₹3,000 मंगवाए गए, और अगले दिन राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस द्वारा गाड़ी रोकने व टैक्स जमा कराने के बहाने अलग-अलग किस्तों में कुल ₹58,000 ऐंठ लिए। और पैसे मांगने पर जब महिला ने इनकार किया, तो आरोपी ने फोन बंद कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई

इसी तरह की एक अन्य घटना में, ऋषि नगर के एक व्यक्ति से इंस्टाग्राम पर सस्ते दामों में कपड़े बेचने का झांसा देकर ₹32,000 की ठगी की गई। तीसरे मामले में, खांडा खेड़ी निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से ₹1,00,000 की अवैध निकासी कर ली। साइबर विशेषज्ञ नरेश कुमार ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर ठगने वाला गिरोह बेहद सक्रिय है। किसी भी लुभावने विज्ञापन पर विश्वास करने से पहले अकाउंट का सत्यापन जरूर करें और धनराशि भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से वीडियो कॉल या फोन पर पुष्टि अवश्य करें।

शहर की सड़कों पर मौत के खुले मुहाने: बस स्टैंड मार्ग के बीचों-बीच टूटा मेनहोल का ढक्कन

हिसार शहर के मुख्य बस स्टैंड मार्ग और निरंकारी भवन रोड (डबल फाटक के पास) पर सीवर के ढक्कन पूरी तरह टूट चुके हैं, जिससे हर समय बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। निरंकारी भवन रोड पर स्थानीय लोगों ने वाहनों के बचाव के लिए गड्ढे पर एक बैरिकेड और लकड़ी की जाली रखकर अस्थायी चेतावनी की व्यवस्था की है। अनाज मंडी सड़क का भी यही हाल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस घोर लापरवाही पर कड़ा रोष जताते हुए पूछा है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?

वार्ड नंबर 4 में दूषित जलापूर्ति से त्राहि-त्राहि, सीवरेज का बदबूदार पानी पीने को मजबूर लोग

हिसार के वार्ड नंबर 4 स्थित राम दरबार मंदिर के पास रहने वाले लोग पिछले कई दिनों से बेहद दूषित और बदबूदार पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासी राकेश सैनी का कहना है कि नलों से आने वाले गंदे पानी से पीने और खाना बनाने में भारी कठिनाई हो रही है। लोगों को आशंका है कि मुख्य पेयजल लाइन में सीवरेज का गंदा पानी मिल रहा है। नागरिकों ने नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि तुरंत पाइपलाइन की मरम्मत कर स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा

42 साल पुरानी धान्सू माइनर की पटरी दोबारा टूटी, कनिष्ठ अभियंता बोले- बजट मिलते ही होगा पुनर्निर्माण

गांव धान्सू के निकट स्थित करीब 42 वर्ष पुरानी धान्सू माइनर रविवार को मोरी नंबर 2300 (कुटिया वाली मोरी) के पास एक बार फिर टूट गई, जिससे किसानों की सिंचाई का काम पूरी तरह ठप हो गया। किसानों का आरोप है कि पटरी बेहद कमजोर हो चुकी है और शनिवार को दरार आने पर उन्होंने खुद मिट्टी डालकर इसे बांधा था, लेकिन रविवार को यह दोबारा टूट गई। सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास सांगा ने बताया कि वर्ष 2022 में ही इसके पुनर्निर्माण का विस्तृत एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा जा चुका है। बजट स्वीकृत होते ही स्थायी निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा

मांगें न पूरी होने से नाराज हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का धरना 45वें दिन भी जारी

हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में महाप्रबंधक राहुल मित्तल के खिलाफ सांझा संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों का धरना लगातार 45वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता बजरंग लाखा ने की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपे दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन वेतन-भत्तों समेत लंबित मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। समिति ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि 8 जुलाई तक उनकी मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ, तो 9 जुलाई को एक बड़ी बैठक बुलाकर आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा

ग्रामीण चौकीदार कल चंडीगढ़ के लिए शुरू करेंगे पैदल मार्च

सरकार द्वारा ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा को अमलीजामा न पहनाने के विरोध में ग्रामीण चौकीदार संघ हरियाणा (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश महामंत्री रमेश शर्मा ने बताया कि सरकार ने 16 जनवरी 2025 को वेतन वृद्धि की घोषणा की थी, जिसे 25 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री की स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन इसे आज तक लागू नहीं किया गया। इसके विरोध में 1 जुलाई को सुबह 11:15 बजे हिसार के क्रांतिमान पार्क से मुख्यमंत्री आवास (चंडीगढ़) तक पैदल मार्च शुरू किया जाएगा

HAU के छात्र कमल का टोक्यो अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के लिए चयन

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि कॉलेज के बी.एससी. (कृषि) तृतीय वर्ष के छात्र कमल का चयन जापान में आयोजित होने वाले 25वें अंतर्राष्ट्रीय छात्र शिखर सम्मेलन ‘फूड, Agriculture एंड एनवायरनमेंट’ के लिए हुआ है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने इसे गर्व का विषय बताते हुए छात्र को बधाई दी। इस सम्मेलन का पूरा खर्च टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, जापान द्वारा वहन किया जाएगा, जहां कमल “पुशिंग बाउंड्रीज इन इंक्लूसिव एक्टिविटीज फॉर कम्युनिटी वेलफेयर” विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे

बेसहारा पशु के हमले में महिला की दो पसलियां टूटीं, आईसीयू में इलाज जारी

हिसार के एक गांव में आवारा पशुओं के आतंक के कारण 58 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला के बेटे रामदिया ने बताया कि रविवार सुबह उनकी माता एक खाली प्लॉट के पास से गुजर रही थीं, तभी बेसहारा पशुओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला की दो पसलियां टूट गईं और वे हृदय रोग की मरीज होने के कारण उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है

51 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज बनेगा नया

लक्ष्मीबाई चौक से बिकानेर चौक के बीच स्थित शहर के सबसे पुराने 51 वर्ष पुराने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का पूरी तरह से कायाकल्प किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल के कार्यकाल (1975) में बने इस पहले फोरलेन पुल के पुनर्निर्माण के लिए फाइनल जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) तैयार होने के बाद, अब रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने पीडब्ल्यूडी से दो व्हीकल अंडरपास जोड़कर संशोधित ड्राइंग मांगी है। वर्तमान में पुल के नीचे पर्याप्त वर्टिकल क्लीयरेंस (5.05 मीटर) न होने से ट्रेनों को गति धीमी कर 15 से 30 किमी/घंटा करना पड़ता है। नए प्लान के तहत इसकी ऊंचाई बढ़ाकर 6.55 मीटर की जाएगी, जिससे इलेक्ट्रिक ट्रेनें बिना किसी रुकावट के 100 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजर सकेंगी। साथ ही पुल की लंबाई 455.6 मीटर से बढ़ाकर करीब 640 मीटर (कैमरी रोड ओवरब्रिज के बराबर) और रेलवे ट्रैक के ऊपर के हिस्से को 45 मीटर किया जाएगा, जिससे शहर को जाम और हादसों से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी।

पावर कट से नाराज ग्रामीणों ने भिवानी रोहिल्ला और हांसी-बरवाला मार्ग पर लगाया जाम

भीषण गर्मी के कारण हिसार सर्कल में बिजली की खपत पिछले चार दिनों में 14.44 लाख यूनिट बढ़कर 123.06 लाख यूनिट प्रतिदिन तक पहुंच गई है। ओवरलोडिंग के चलते बिजली निगम को रविवार सुबह पूरे शहर के फीडर्स 30 मिनट के लिए बंद करने पड़े, जबकि रात में भी लगातार पावर कट लगाए जा रहे हैं। इस संकट से गुस्साए भिवानी रोहिल्ला के ग्रामीणों ने ‘पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति’ के बैनर तले हिसार-भादरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, क्योंकि आंधी में गिरे पोल के बाद से मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त है और वैकल्पिक सप्लाई नाकाफी है। इसी तरह घिराव गांव के लोगों ने भी खराब ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित सप्लाई की मांग को लेकर हांसी-बरवाला मार्ग दो घंटे तक जाम रखा, जिसे बाद में विभाग के एसडीओ संतोष पिलानिया और पुलिस के आश्वासन पर खोला गया।

500 गज के मकान के विवाद में कलियुगी बेटे ने मां के साथ मिलकर की पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

अग्रोहा-भूना मार्ग पर स्थित पंजाब कॉलोनी में शनिवार रात करीब 10 बजे संपत्ति विवाद को लेकर एक खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। 500 गज के मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण बड़े बेटे साहिल ने अपनी मां सूरजमुखी और मौसा सिलेंदर सहित 7 साथियों के साथ मिलकर अपने ही पिता हनुमान वर्मा (45) पर कुल्हाड़ी और अवैध हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आया छोटा बेटा राजबीर उर्फ दीपक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हनुमान वर्मा को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राजबीर की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी बेटे साहिल सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

चंदन नगर में 19 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर दी अपनी जान

चंदन नगर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय विवाहिता द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना का पता तब चला जब परिजनों ने महिला को कमरे में फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर गहन जांच में जुटी है।

अमेरिका के पूर्व प्रोफेसर ने मां की स्मृति में बनवाया भव्य कन्या स्कूल, 24 वर्षों से ट्रस्ट उठा रहा सारा खर्च

विदेश में रहने के बावजूद अपनी मिट्टी का कर्ज चुकाते हुए सिसाय बोलान गांव के डॉ. बलबीर सिंह सिहाग ने एक अनूठी मिसाल पेश की है। पिछले 50 वर्षों से अमेरिका में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर रहे डॉ. सिहाग (जिन्होंने आज तक अमेरिका की नागरिकता नहीं ली) ने साल 2002 में अपनी माता ‘निम्बू देवी’ की याद में करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से 4 एकड़ में भव्य कन्या स्कूल भवन का निर्माण करवाकर सरकार को सौंपा था। स्कूल के प्रिंसिपल वरिंदर सिंह के अनुसार, इस आधुनिक स्कूल में 190 छात्राएं पढ़ रही हैं, जहाँ कंप्यूटर, साइंस व मैथ लैब और आधुनिक लाइब्रेरी मौजूद है। ‘श्रीमती निम्बू देवी एवं चौधरी मुंशी राम सिहाग ट्रस्ट’ बिना कोई बाहरी डोनेशन लिए केवल पारिवारिक फंड से हर साल स्कूल की मरम्मत का खर्च उठाता है और बिजली किल्लत दूर करने के लिए गांव के अन्य स्कूलों सहित यहाँ भी अपने खर्च पर बड़ा सोलर पावर प्लांट लगवाया है।

बरवाला के ढाड गांव में बनेगा अखिल भारतीय बैनीवाल खाप का भव्य डिजिटल भवन, ग्रामीणों ने दान की 2 एकड़ जमीन

अनाज मंडी स्थित किसान रेस्ट हाउस में प्रांतीय प्रधान भरत सिंह बैनीवाल की अध्यक्षता में हुई अखिल भारतीय बैनीवाल खाप के जनरल हाउस की बैठक में एक बड़ा निर्णय लिया गया। बरवाला तहसील के ढाड गांव में खाप का एक अत्याधुनिक और भव्य चबूतरा तथा बैनीवाल भवन बनाया जाएगा, जो पूरी तरह से डिजिटल सुविधाओं से लैस होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 7 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह 3 साल में बनकर तैयार होगा। इस सामाजिक कार्य के लिए ढाड गांव के बैनीवाल गोत्र के निवासियों ने बिना किसी मुआवजे के अपनी 2 एकड़ बेशकीमती जमीन खाप को दान स्वरूप भेंट की है।

मौसम एवं स्थानीय सूचनाएं: उमस भरी गर्मी के बीच आज से आंधी और प्री-मानसून की बूंदाबांदी के आसार

हिसार में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं, जिससे रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक यानी 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आज से आंधी के साथ प्री-मानसून की हल्की बारिश होने की संभावना है।

शहर में आज के आयोजन

खजांचियान बाजार स्थित श्री कृष्ण बड़ा मंदिर में शाम 6:00 बजे से संकीर्तन और पड़ाव चौक स्थित श्री प्रयाग गिरी शिवालय मंदिर में रात 8:00 बजे से सत्संग का आयोजन किया जाएगा।

◾अमेरिकी हमलों पर ईरान का पलटवार: बहरीन-कुवैत पर दागे ड्रोन और मिसाइल, समझौता वार्ता रोकने की धमकी दी

◾कराची धमाके पर भारत का पाक को करारा जवाब: पहले अपने आंतकियों पर लगाओ लगाम, दूसरों पर मत फोड़ो नाकामी का ठीकरा

◾फ्रांस में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से 1000 से ज्यादा अतिरिक्त मौतें; हेल्थ एजेंसी का अलर्ट जारी, लोगों में AC खरीदने के लिए मारा-मारी

◾Breaking: अब सऊदी अरब में बड़ा हादसा; बड़ी तेल कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश, 14 लोगों की मौत

◾जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी नागरिक अरेस्ट: LoC से घुसपैठ कर अंदर आ गया था, जून में ऐसी तीसरी घटना

◾असम में बाढ़, 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बहा: अरुणाचल प्रदेश में 3 लोगों की मौत; सिक्किम में नदियां उफान पर, पुल टूटा

◾15 विदेशी यूनिवर्सिटी को भारत में कैंपस खोलने की मंजूरी: अगस्त से पहला बैच शुरू होगा; विदेश जैसी डिग्री मिलेगी, पढ़ाई का खर्च 30-40% तक कम होगा

◾CBSE पर सवाल उठाने वाले सार्थक ने पोर्टल बनाया: इसमें ₹1.66 करोड़ सरकारी खरीद का डेटा, आम जनता भी रिकॉर्ड को देख सकेगी

◾अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए पैसेंजर से ₹10 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त

◾आज रात दिखेगा ‘स्ट्रॉबेरी मून’, बिना दूरबीन के देखें आसमान का सबसे खूबसूरत नजारा- यूजर्स में भारी उत्साह

◾फ्लाइट का टिकट होने के बाद भी एयरपोर्ट पर काटनी पड़ी रात, अब कोर्ट ने स्पाइसजेट से दिलाया 62 हजार का रिफंड

◾लाखों कर्मचारियों-पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, अब एचओडी सीधे पास कर सकेंगे ₹15 लाख तक के बिल, CGHS क्लेम के नए नियम जारी

◾30 दिन में काम नहीं हुआ तो 31वें दिन होंगे सस्पेंड, सम्राट चौधरी ने अफसरों को दी चेतावनी

◾’स्थायी आवास में रहें या अपने देश लौटें’, ट्रंप प्रशासन ने घुसपैठियों को दिया अल्टीमेटम

◾पीएम मोदी का सेशेल्स दौरा: 1250 करोड़ की मदद का एलान; यूपीआई, रक्षा और अंतरिक्ष समेत कई अहम मुद्दों पर समझौते

◾बिना जरूरी दस्तावेजों के मानसरोवर यात्रा शुरू न करें नेपाल में फंसे भारतीय नागरिक: विदेश मंत्रालय

◾दिल्ली लाल किला कार-बम धमाके का मुख्य साजिशकर्ता डॉ. मुजफ्फर अहमद NIA की गिरफ्त में

◾दिल्ली : छात्रों के इंसाफ के लिए वांगचुक ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा

◾महिला टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ भारत, ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में मारी एंट्री

◾शर्मनाक! आयरलैंड से सीरीज हारा भारत, दूसरे टी20 में 1 रन से हारी टीम इंडिया; 155 नहीं हुए चेज

===================================

====================================