नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर सेक्टर-14 के व्यापारी से 1.42 लाख की धोखाधड़ी
हिसार टाइम्स – साइबर अपराधियों ने सेक्टर-14 निवासी एक व्यापारी को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते से 1.42 लाख रुपये उड़ा लिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को व्यापारी के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने क्रेडिट कार्ड अपडेट न होने की बात कहकर कार्ड सेवा बंद होने का भय दिखाया। ठगों के कहने पर व्यापारी ने उनके द्वारा बताए गए एक फर्जी मोबाइल ऐप को अपने फोन में डाउनलोड कर लिया और उसमें अपने क्रेडिट कार्ड की संवेदनशील जानकारी दर्ज कर दी। जानकारी सबमिट होते ही साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,42,647 रुपये उनके खाते से निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने साइबर थाना पुलिस में मामला दर्ज कराया है, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात शातिर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नकली पुलिस बनकर 4 लाख ठगने वाला चौथा आरोपी राहुल चढ़ा उकलाना पुलिस के हत्थे
हिसार टाइम्स – हिसार के उकलाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी का धौंस दिखाकर चार लाख रुपये की ठगी करने के मामले में उकलाना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हसनगढ़ निवासी चतुर्थ आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके साथ ही इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह मामला तब प्रकाश में आया जब भिवानी के विद्या नगर निवासी पीड़ित साहिल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान हसनगढ़ निवासी आजाद से हुई थी, जिसने रकम को तीन गुना करने का झांसा देकर 5 लाख के बदले 15 लाख रुपये देने का लालच दिया। इसके बाद साहिल को बरवाला, लितानी मोड़ और प्रभुवाला रोड पर बुलाया गया, जहां पुलिस की वर्दी पहने और खुद को सीआईए (CIA) स्टाफ का कर्मचारी बताने वाले बदमाशों ने उससे चार लाख रुपये ऐंठ लिए। भागते समय सतर्कता दिखाते हुए शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोचकर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ग्रे रंग की कार सहित दो अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद कर ली हैं तथा अन्य फरार आरोपियों व ठगी की शेष रकम की बरामदगी के लिए गहन प्रयास जारी हैं।


स्वास्थ्य बीमा रद्द करने का झांसा देकर एलआईसी एजेंट से 1.47 लाख रुपये की साइबर ठगी
हिसार टाइम्स – बरवाला के सैनी मोहल्ला निवासी एक एलआईसी (LIC) एजेंट को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने 1,47,291 रुपये का चूना लगा दिया है। पीड़ित के पास तीन विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड हैं और 28 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताया। शातिर ठग ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि उसके नाम से एक हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी एक्टिव कर दी गई है। जब पीड़ित ने इस पॉलिसी को तुरंत रद्द करने का अनुरोध किया, तो आरोपी ने मोबाइल से ही कैंसिल करने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजा। पीड़ित द्वारा जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया गया, उसका मोबाइल पूरी तरह से हैंग हो गया और कुछ ही समय में उसके बैंक खाते से 1,47,291 रुपये साफ हो गए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

गैंगस्टर विनोद पानू हत्याकांड: दूसरा शूटर अजय उर्फ तेल अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार
हिसार टाइम्स – गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ बाना हत्याकांड में फरार चल रहे दूसरे शूटर हांसी निवासी अजय उर्फ तेल को पानीपत की सीआईए टीम ने अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिवाड़ गांव में स्टेडियम के पास घूम रहा था, जहाँ पुलिस को देखकर भागते समय उसे दबोच लिया गया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने उज्जैन से लौटने के बाद कोर्ट तारीख पर आने का इंतजार करते हुए रैकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया था। हिसार पुलिस अब पानीपत पुलिस की पूछताछ के बाद अजय को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तफ्तीश में शामिल करेगी। इससे पहले वारदात में शामिल शूटर राकेश को घटना स्थल से ही दबोच लिया गया था।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सड़कों पर फैला 3740 टन कचरा; उपद्रव व हाथापाई मामले में 16 नामजद
हिसार टाइम्स – हिसार में सफाई कर्मचारियों की 17 दिन से जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सड़कों पर जगह-जगह 3740 टन कचरे के ढेर लग गए हैं। इस बीच शुक्रवार शाम आईटीआई चौक पर कूड़ा उठाने गई नगर निगम व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम का हड़ताली कर्मचारियों ने भारी विरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। उपद्रव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जेसीबी मशीन पर चढ़कर चालक को जबरन नीचे धकेल दिया और निगम अधिकारियों को धमकियां दीं। इस मामले में नगर निगम के एमई अमित बेरवाल की शिकायत पर पुलिस ने नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार के प्रधान सुरेंद्र भोलू और जिला प्रधान सहित 16 लोगों को नामजद करते हुए 100 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दूसरी ओर हड़ताली कर्मचारियों ने विधायक रणधीर पनिहार के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
हिसार के पुरानी सब्जी मंडी के पास बढ़वाली ढाणी मार्ग पर शनिवार रात मिट्टी से लदे डंफर ने एक बाइक सवार को सीधी टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में मालीराम कॉलोनी निवासी दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंफर को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।

मेडिकल स्टोर से दवाइयां चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार
अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस ने बालसमंद चौक स्थित एक होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर से दवाइयां चोरी करने के मामले में सिवानी निवासी ललित वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दवाइयां भी बरामद कर ली हैं।
सरकारी राशन चोरी मामले में चालक व मजदूर गिरफ्तार
बालसमंद चौकी पुलिस ने गोरेली राशन डिपो पर सप्लाई के लिए आए सरकारी गेहूं के दो कट्टे (करीब 100 किग्रा) चोरी करने के मामले में डंपर चालक संदीप और मजदूर मोहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गेहूं के कट्टे बरामद कर लिए हैं।

क्रिप्टो और फॉरेक्स निवेश के नाम पर ठगी से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिलेवासियों को क्रिप्टो निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर व्हाट्सएप व टेलीग्राम के जरिए होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले किसी भी अज्ञात ग्रुप या फर्जी ट्रेडिंग ऐप में पैसा न लगाएं और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

आईसीसीसी प्रोजेक्ट का खर्च बढ़ा, ₹170 करोड़ की बजाय ₹250 करोड़ से हाईटेक होगा हिसार शहर
हिसार शहर को हाईटेक और सुरक्षित बनाने वाले महत्वाकांक्षी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) प्रोजेक्ट की लागत में महंगाई के चलते लगभग 100 करोड़ रुपये का इजाफा होने जा रहा है। पहले जहाँ इस पूरे प्रोजेक्ट पर 157 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था, वहीं अब वर्तमान दरों के हिसाब से इसका बजट बढ़कर करीब 250 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और बदली हुई दरों के कारण इसकी आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) व डीएनआईटी दोबारा तैयार की जा रही है। अंतिम मंजूरी के लिए यह फाइल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास जाएगी। सीएम की हरी झंडी मिलते ही हिसार में इस मेगा प्रोजेक्ट का काम धरातल पर शुरू हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत शहर भर में करीब 1100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, स्मार्ट वॉटर व सीवरेज मैनेजमेंट होगा, कचरा गाड़ियों की लाइव निगरानी की जाएगी और नागरिकों के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा।

सिर्फ 35% डॉक्टरों के भरोसे जिले के स्वास्थ्य केंद्र, 3 डॉक्टरों का काम संभाल रहा 1 डॉक्टर
हिसार जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। जिले के उपमंडल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं महज 35 प्रतिशत डॉक्टरों के भरोसे चल रही हैं, जहाँ 203 स्वीकृत पदों पर वर्तमान में केवल 72 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है और स्थिति यह है कि तीन डॉक्टरों का काम एक ही डॉक्टर को संभालना पड़ रहा है। नारनौंद में 42 स्वीकृत पदों में से केवल 18 डॉक्टर तैनात हैं और कई पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पूरी तरह खाली पड़े हैं। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कई डॉक्टर पीजी करने गए हैं, कई अनुपस्थित हैं और कुछ ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि डीजी हेल्थ और स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि नई भर्तियों की प्रक्रिया जारी है और सरकार के पास फाइल भेजी गई है, जिससे आने वाले महीनों में स्थिति में सुधार होगा।

हुडा की लापरवाही पर कोर्ट सख्त, 21 साल से प्लॉट न देने पर संपत्ति कुर्क करने के आदेश
न्याय की आस में पिछले 21 वर्षों से अदालतों के चक्कर काट रहीं वंदना शर्मा के मामले में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जसप्रीत कौर की अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत के स्पष्ट आदेशों के बावजूद लापरवाही बरतने पर कोर्ट ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी/हुडा) को बड़ा झटका देते हुए विभाग की संपत्ति तुरंत प्रभाव से कुर्क (अटैच) करने के आदेश जारी किए हैं। मामला सेक्टर-5 में 100 गज का प्लॉट आवंटित करने से जुड़ा है, जिस पर मई 2023 में सेशन कोर्ट ने फैसला सुनाया था। फैसले के 3 साल बाद भी अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई न करने और 18 अगस्त 2026 तक दिए गए अतिरिक्त समय के बावजूद आदेश का पालन न करने पर अदालत ने संपत्ति कुर्की का फैसला सुनाया।

राजस्व विभाग के नए पोर्टल की गड़बड़ियों से हड़कंप; 5 तहसीलों में इंतकाल के 4,954 मामले लंबित
राजस्व विभाग का डिजिटल रेवेन्यू सिस्टम पारदर्शी व्यवस्था बनाने के बजाय आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुका है। ऑनलाइन म्यूटेशन (इंतकाल) व्यवस्था में आई तकनीकी गड़बड़ियों के कारण कागजों में जमीन का रकबा रातों-रात दोगुना हो रहा है तो कहीं नए खरीदार का नाम ही गायब हो गया है। इन सॉफ्टवेयर बग्स के चलते इंतकाल की पेंडेंसी बढ़ती जा रही है और अकेले हिसार जिले की 5 तहसीलों में इंतकाल के 4,954 मामले पेंडिंग पड़े हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 2,363 मामले हिसार तहसील में अटके हैं। पटवारियों का कहना है कि इन गलतियों से राजस्व रिकॉर्ड खराब हो रहा है और जनता के साथ विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। यदि इन टेक्निकल बग्स को तुरंत फिक्स नहीं किया गया तो भविष्य में जमीनी विवाद और कोर्ट-कचहरी के चक्कर बढ़ेंगे।

संस्कृति व पीएम श्री स्कूलों में पहली बार लिखित परीक्षा से होगी शिक्षकों की पोस्टिंग
सीएम एक्सीलेंस एंड अर्ली English (CMEEE), पीएम श्री और गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूलों में शिक्षकों व स्कूल प्रमुखों की पोस्टिंग के लिए पहली बार लिखित परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 5,413 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5,113 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। ओएमआर शीट पर हुई इस परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे और कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं थी। परीक्षा के दौरान एक केंद्र पर नकल की कोशिश कर रहे अभ्यर्थी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया। जिले के 41 मॉडल सरकारी स्कूलों में 203 शिक्षकों के पद खाली हैं, जिन्हें इस परीक्षा के परिणाम के बाद भरा जाएगा।

कम बारिश के बावजूद हिसार-हांसी में बढ़ा धान का रकबा
मानसून की कम बरसात के बावजूद हिसार और हांसी क्षेत्र में धान का रकबा बढ़ा है। बीते साल जहाँ हिसार और हांसी में 3.13 लाख एकड़ एरिया में धान की फसल थी, वहीं इस साल यह बढ़कर 3.58 लाख एकड़ पहुंच गई है। नलकूपों और नहरों के मजबूत जाल के चलते किसानों ने धान की अच्छी बिजाई की है। इसके विपरीत, गुलाबी सुंडी और अन्य बीमारियों के प्रकोप के कारण कपास का रकबा पिछले सालों की तुलना में कम हुआ है। इस साल हिसार और हांसी जिलों में करीब 2.1 लाख एकड़ क्षेत्र में ही कपास की फसल बोई गई है।

सिविल अस्पताल में युवक की नाक से निकाला गया 55 ग्राम का खूनी ट्यूमर
नागरिक अस्पताल हिसार के ईएनटी विभाग ने एक 19 वर्षीय युवक की नाक से 5.6 सेंटीमीटर साइज और 55 ग्राम वजन का खूनी ट्यूमर (नासोफेरिंजियल एंजियोफाइब्रोमा) सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। मरीज की नाक में बढ़ता हुआ मांस गले तक पहुंच गया था, जिससे उसे सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ हो रही थी। निजी अस्पताल में इस जटिल सर्जरी का खर्च लगभग 1.50 लाख रुपये बताया गया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर मरीज सिविल अस्पताल पहुंचा। ईएनटी सर्जन डॉ. विमल जैन की टीम ने एक घंटे तक चली निशुल्क सर्जरी में बिना किसी ब्लड ट्रांसफ्यूजन के ट्यूमर को जड़ से निकाल दिया। ट्यूमर की बायोप्सी जांच के लिए सैंपल लैब भेज दिए गए हैं।

वर्ल्ड रेसलिंग में तन्नू व मानसी ने जीता सिल्वर, कोमल ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
स्लोवाकिया के ब्रातिस्लावा में आयोजित अंडर-20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में साई स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर हिसार और शहीद भगत सिंह कुश्ती अकादमी के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया है। हांसी के भकलाना की 19 वर्षीय तन्नू शर्मा ने 72 किलो वर्ग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीता, जहाँ वे फाइनल मुकाबले में जापान की पूर्व अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियन से 3-5 से चूक गईं। वहीं मिर्चपुर अकादमी की मानसी लाठर ने भी सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इसके अलावा साई सेंटर की पहलवान कोमल ने रेपचेज राउंड में स्पेन की खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया।

जीजेयू की प्रो. नीतू देश के टॉप-10 वैज्ञानिकों के एलीट क्लब में शामिल
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के भौतिकी विभाग की प्रो. नीतू अहलावत के निर्देशन में तैयार शोध को बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता मिली है। शोधार्थी दीपा द्वारा तैयार किए गए शुद्ध सोडियम बिस्मथ टाइटनेट सिरेमिक के एक्स-रे डिफ्रैक्शन (XRD) पैटर्न को अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित ‘ICDD PDF-5 प्लस रिलीज 2027’ डेटाबेस में आधिकारिक तौर पर शामिल कर लिया गया है। इस उपलब्धि के साथ प्रो. नीतू देश के उन चुनिंदा टॉप-10 भारतीय शोध वैज्ञानिकों के ग्रुप में शामिल हो गई हैं जिनके डेटा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। यह लेड-फ्री तकनीक इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर्स में इस्तेमाल होने वाले विषैले पदार्थों का पर्यावरण अनुकूल विकल्प बनेगी।

मछली व झींगा पालकों को 40 किलोवाट तक मिलेगी रियायती बिजली
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने प्रदेश के मछली और झींगा पालकों को बड़ी वित्तीय राहत प्रदान की है। गैर-कृषि फीडर से जुड़ी मत्स्य व झींगा पालन इकाइयों के लिए रियायती बिजली दर का दायरा 20 किलोवाट से बढ़ाकर 40 किलोवाट कर दिया गया है। अब 20 से 40 किलोवाट लोड वाली इकाइयां एग्रो इंडस्ट्रीज/एफपीओ टैरिफ का लाभ उठा सकेंगी, जिससे उन्हें सामान्य ₹6.60 प्रति यूनिट के बजाय ₹4.75 प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली मिलेगी। इससे राज्य में जलीय कृषि को बढ़ावा मिलेगा और उद्यमियों की उत्पादन लागत में कमी आएगी।
राजगुरु मार्केट पार्किंग की कमान संभालेंगी महिलाएं; तीन स्वयं सहायता समूहों ने जताया दावा
हिसार की प्रसिद्ध राजगुरु मार्केट की पार्किंग व्यवस्था में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। नगर निगम द्वारा जारी टेंडर प्रक्रिया के तहत मार्केट की पार्किंग का ठेका लेने के लिए तीन महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपनी दावेदारी जताई है। हालांकि, लंबे समय से पार्किंग चला रहे राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए टू-व्हीलर पार्किंग को पूरी तरह फ्री करने की मांग की थी। इसके बावजूद निगम प्रशासन ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए टेंडर की टेक्निकल बिड खोल दी है और सोमवार को फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी, जिसके बाद कमान महिलाओं के हाथ में सौंप दी जाएगी।

हिसार-हांसी से शुरू होगा विशेष प्रोजेक्ट, क्यूआर कोड से मिलेगी सीएनजी पंप की लाइव लोकेशन
हरियाणा सिटी गैस (एचसीजी) एजेंसी जल्द ही वाहन चालकों के लिए एक विशेष डिजिटल क्यूआर कोड सिस्टम लॉन्च करने जा रही है। इस क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही आसपास के सभी सीएनजी और पेट्रोल पंपों की सूची, उनकी दूरी और सीएनजी की लाइव उपलब्धता का पता चल जाएगा। एजेंसी ने इस ट्रायल प्रोजेक्ट की शुरुआत के लिए हिसार और हांसी जिले को चुना है, जहाँ सभी टोल प्लाजा और पंपों पर बड़े-बड़े क्यूआर कोड बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके सफल ट्रायल के बाद इसे पूरे हरियाणा में लागू किया जाएगा, जिससे चालकों को सीएनजी खत्म होने या पंपों पर स्टॉक न होने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
राजगढ़ रोड क्षेत्र में आज सुबह 3 से 9 बजे तक बिजली बाधित रहेगी
विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक रखरखाव और तकनीकी सुधार कार्य के चलते रविवार को सुबह 3 बजे से 9 बजे तक राजगढ़ रोड और आजाद नगर 33 केवी फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे गीता कॉलोनी, किचन कॉलोनी, आजाद नगर, विराट नगर और तुलसी विहार आदि क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।

गांव राजली व बाही पट्टी में नशा मुक्ति अभियान, 220 बच्चों को किया जागरूक
नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना बरवाला के गांव राजली और बाही पट्टी में जनसंपर्क अभियान चलाया। राजकीय माध्यमिक विद्यालय राजली में करीब 220 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 9 नशा पीड़ितों को उपचार के लिए दवाएं उपलब्ध कराने में सहायता दी गई।
मंगाली में नशे के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली
हिसार के शासकीय महाविद्यालय मंगाली की एंटी-ड्रग अवेयरनेस सेल ने ग्रामीण युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और ‘नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत’ के नारे लगाते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया।

हिसार जिले में 1 सितंबर से चलेगा कुष्ठ रोग खोजी अभियान
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत हिसार जिले में 1 सितंबर से कुष्ठ रोग खोजी अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजेंगी।
लुवास में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (LUVAS), हिसार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीवीएससी, एएच और बी.टेक में ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं, जिनकी बिना विलंब शुल्क अंतिम तिथि 2 सितंबर है। वहीं एमवीएससी, एम.टेक और पीएचडी के ऑफलाइन आवेदन 25 अगस्त से मिलेंगे।

जीजेयू में एआई और डिजिटल रूपांतरण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 4-5 फरवरी को
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा 04 और 05 फरवरी 2027 को “एआई, नवाचार एवं डिजिटल व्यावसायिक रूपांतरण” विषय पर हाइब्रिड मोड में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया।

खेदड़ में जिला ओपन जूनियर एथलेटिक्स का आगाज
खेड़ड़ स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में जिला ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-18 (100 मीटर स्प्रिंट) में दिलकुश ने लड़कों में और सीमा ने लड़कियों में पहला स्थान पाया। वहीं रितिका ने 100, 400 और 1000 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन हैट्रिक बनाई


◾अमेरिका-कनाडा ट्रेड डील फेल: ट्रंप ने लगाया 50% टैरिफ, कार्नी बोले- ‘डॉलर फॉर डॉलर’ से देंगे जवाब
◾जयपुर-CJP से मारपीट, 24 घंटे बाद स्कूल शिफ्ट: ग्रामीण बोले- कॉकरोचों को उनकी भाषा में जवाब देंगे; रांका ने कहा-दिलावर ने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारी
◾जस्टिस करोल बोले- जज भगवान नहीं, हर फैसला सही नहीं: फेयरवेल स्पीच देते हुए कहा- न्याय के लिए विनम्रता जरूरी
◾BJP की नई टीम से मिले PM मोदी, पार्टी का Gen Z पर फोकस

◾अभिजीत दीपके के खिलाफ FIR दर्ज, टीचरों को धमकाने का आरोप; मुश्किलें बढ़ीं
◾आतंकवाद का लगातार इस्तेमाल, पड़ोसियों पर हमले की नीयत; PAK पर जयशंकर का हमला
◾महिलाओं को पिता, पति, पुत्र के अधीन रखना शर्मनाक; राहुल का मनुस्मृति पर सवाल

◾बंगाल की खाड़ी में बड़ी दुर्घटना: पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 24 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
◾तस्करी: नेपाल के रास्ते भारत पहुंच रहा है चीनी अखरोट, जम्मू-कश्मीर के कारोबारी चिंता में; राजस्व का भी नुकसान
◾सीरिया में दबदबे को लेकर इसराइल और तुर्की भिड़े, अमेरिकी राजदूत ने नेतन्याहू पर उठाई उंगली
◾भारत में बढ़ेगी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, ₹62,500 करोड़ की MPMS 2.0 स्कीम लॉन्च, भारतीय ब्रांड्स और लोकल कंपोनेंट्स पर जोर

◾पटना में PhD होल्डर्स का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी: 19 दिनों से अनशन कर रहे कुमुद पटेल बोले- सरकार चाहती है, मैं मर जाऊं
◾’मिठाइयों में मिलावट का खेल…’ हापुड़ में देर रात खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 700 KG नकली मावा-पनीर जब्त
◾ट्रक से टकराई कार के परखच्चे उड़े, 3 की मौत: 8 गंभीर, नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे 11 लोग; बैतूल में मुलताई फोरलेन पर हादसा

◾तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देगी: 1.28 लाख अंगूठियों के लिए ₹220 करोड़ का बजट; टेंडर पर विपक्ष ने उठाए सवाल
◾रायपुर एयरपोर्ट की जमीन का किसान ने ₹13000 करोड़ मांगा: पहले ₹3500 करोड़ क्लेम किया, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर तहसीलदार करेगा अंतिम फैसला
◾एक सत्र में बिल लाने-पास कराने का ट्रेंड बढ़ा: मानसून सत्र में 12 में से 11 पारित, 7 बिना चर्चा के ही 5 मिनट में पास

◾रूस से पांचवीं पीढ़ी के सुखोई-57 ले सकता है भारत: 100+ सुखोई-30MKI भी अपग्रेड होंगे; पुतिन के दौरे में डिफेंस डील संभव
◾3 बहनों की कब्र खुदवाकर निकाली लाशें: बैंगन का भरता-रोटी खाने से बिगड़ी तबीयत; छतरपुर में 1 घंटे के अंदर तीनों की मौत
◾नीदरलैंड से हारी टीम इंडिया, वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर
===================================

====================================



































