नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

सोशल मीडिया पर लाइव आकर युवक ने निगला जहर, 14 लोगों पर प्रताड़ना का आरोप

हिसार टाइम्स – हांसी में नगर परिषद के पास रहने वाले कर्मबीर सिंह उर्फ समीर (38) पुत्र शमशेर सिंह (इलेक्ट्रिशियन, नप) ने शुक्रवार सुबह आमटी तालाब झील पर पहुंचकर अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। कदम उठाने से पहले उसने एक पन्ने का सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने 14 लोगों को इस आत्मघाती कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत हांसी के निजी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल और फिर गंभीर हालत के चलते हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है

गैंगस्टर विनोद पानू हत्याकांड: कोर्ट परिसर में 7 प्वाइंट्स पर 18 पुलिसकर्मी तैनात, मेन गेट पर मेटल डिटेक्टर लगा

हिसार टाइम्स – गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काला के शव का शुक्रवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा करीब 5 घंटे तक पोस्टमार्टम किया गया। उसके शरीर पर 12 गोलियों के निशान मिले, जबकि एक गोली शरीर के अंदर ही फंसी पाई गई। शूटरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिससे जिला अदालत के मेन गेट के पास वारदात स्थल से सीन ऑफ क्राइम टीम को 14 खोल बरामद हुए थे। गोलियां चेहरे, कमर और हाथ को चीरती हुई पार निकल गईं।

घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की है। अदालत परिसर के 7 प्रमुख बिंदुओं (मेन गेट, वकीलों व नागरिकों की पार्किंग,पुराने पीएनबी एटीएम, वीटा बूथ, लघु सचिवालय से एसबीआई बैंक मार्ग, पीएनबी एटीएम के सामने कोर्ट व जिला बार हॉल जाने वाले मार्ग) को चिह्नित कर वहां 18 पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। मेन गेट पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगा दिया गया है और बेरिकेड्स लगाए जा रहे हैं ताकि आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की गहन तलाशी ली जा सके। इसके अलावा लाइट मशीन गन (LMG) के साथ तैनात पुलिसकर्मियों को किसी भी गैंगवार की स्थिति में तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।

बुराना गांव में हुआ विनोद पानू का अंतिम संस्कार, मां ने दी मुखाग्नि

हिसार टाइम्स – अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब 7 बजे गैंगस्टर विनोद पानू का शव उसके पैतृक गांव बुराना (नारनौंद) पहुंचा। शव घर पहुंचते ही मां और बहन बिलख पड़ीं। इसके बाद गांव के श्मशान घाट में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया, जहां उसकी मां धर्मकला ने अपने बेटे को मुखाग्नि दी।

मामले की जांच में सामने आया है कि बिट्टू पहलवान और अजीत पहलवान बुराना गैंग के प्रमुख थे। गैंग के राजा मास्टर और फिर जेल से बाहर आए बिट्टू पहलवान की हत्या के बाद, रिमांड पर लिए गए शूटर राकेश (निवासी हांसी) ने कबूला कि बिट्टू से उसकी काफी नजदीकी थी और बिट्टू की हत्या में पानू गैंग की संलिप्तता थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने यह वारदात अंजाम दी। शूटर काफी दिनों से रेकी कर रहे थे। वारदात के समय भागते हुए शूटर को पानू के साथी सुल्तानपुर निवासी बिंद्र और सीआई में सराई विजय ने दबोच लिया था; इस दौरान शूटर की गोलीबारी में रवींद्र घायल भी हुआ फिर भी उसने आरोपी को भागने नहीं दिया। मामले से जुड़ा अजीत पहलवान फिलहाल विदेश में है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

एसपी सिद्धांत जैन से मिले जिला बार एसो. के पदाधिकारी, सुरक्षा प्रबंधों पर की चर्चा

जिला बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया की अगुवाई में पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अदालत परिसर में सुरक्षा बढ़ाने, पूर्व के सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने और कोर्ट परिसर में पुलिस चौकी सेवा को पुनः बहाल करने की मांग की

प्रधान प्रदीप बाजिया ने सुझाव दिया कि चौकी को पार्किंग के पास शिफ्ट किया जाए और बख्शीखाना को भी हाई सिक्योरिटी वॉल के अंदर बनाया जाना चाहिए। एसपी ने बताया कि चौकी के लिए उपयुक्त भवन की तलाश की जा रही है, जिसके मिलते ही इंचार्ज और पुलिसकर्मियों की स्थाई नियुक्ति की जाएगी। इस बीच शुक्रवार को हत्याकांड के विरोध में बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखा

डिजिटल क्रॉप सर्वे व नए रेवेन्यू पोर्टल पर विवाद: कृषि कर्मचारियों ने हाथ खड़े किए, पटवारी धरने पर

हरियाणा में कृषि और राजस्व महकमे के बीच डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) और नए रेवेन्यू पोर्टल की तकनीकी खामियों को लेकर घमासान छिड़ गया है। सोनीपत उपमंडल और गुरुग्राम के पटौदी ब्लॉक में कृषि विभाग के समस्त फील्ड स्टाफ ने मोर्चा खोलते हुए उपमंडल कृषि अधिकारी (सोनीपत) व कृषि उपनिदेशक (गुरुग्राम) को ज्ञापन सौंपा और डिजिटल क्रॉप सर्वे करने से साफ इनकार कर दिया। कर्मचारियों का तर्क है कि उनका मूल काम फसल उत्पादन, तकनीकी सलाह, पीएम फसल बीमा योजना, क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट और आत्मा योजना जैसे समयबद्ध कार्य देखना है। भू-अभिलेख या राजस्व सर्वे (खेत की सीमाएं, किला नंबर, जमाबंदी-इंतकाल) का ज्ञान केवल पटवारियों के पास होता है, जबकि कृषि कर्मचारियों के पास जियो-रेफरेंस्ड मैपिंग व जीपीएस का व्यावहारिक अनुभव नहीं है, जिससे सर्वे में भारी अशुद्धियां होंगी

दूसरी तरफ, ‘दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन’ के बैनर तले तहसील प्रधान राजपाल रेडू की अध्यक्षता और जिला सचिव गुरुदेव शर्मा के संचालन में पटवारी व कानूनगो लगातार दूसरे दिन लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि नए रेवेन्यू पोर्टल की तकनीकी खामियों से रिकॉर्ड में अपने आप हो रही गलतियों की जिम्मेदारी आईटी विभाग तय करे और बिना गलती पटवारियों को दोषी न ठहराया जाए। हिसार के जिला प्रधान प्रीतम सिंह बेनिवाल ने कहा कि यदि शाम तक ठोस समाधान नहीं निकला तो यह धरना अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा। इस आंदोलन को सर्व कर्मचारी संघ (अशोक कुमार सैनी), सीटू (मनोज सोनी) और पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघ (अनिल गोदारा) ने भी समर्थन दिया है। हड़ताल से रजिस्ट्री, इंतकाल, जाति व निवास प्रमाण पत्र सहित राजस्व के सभी कार्य ठप होने की आशंका है

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का 16वां दिन: पुलिस-प्रशासन के साथ धक्का-मुक्की, बैरंग लौटी टीम

हिसार में सफाई एवं फायर कर्मचारियों की हड़ताल के 16वें दिन शाम 6:30 बजे प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ आईटीआई चौक पर कूड़ा उठाने पहुंची। इसकी भनक मिलते ही नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और उग्र विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी कचरा उठाने आई जेसीबी गाड़ी पर चढ़ गए और चालक के साथ हाथापाई की। काफी देर तक चले भारी हंगामे के बाद प्रशासनिक टीम बिना कूड़ा उठाए वापस लौट गई

राज्य कमेटी के निर्देशानुसार हड़ताल को 22, 23 और 24 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। शुक्रवार को सफाई कर्मचारी मॉडल टाउन स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए विधायक सावित्री जिंदल के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने जगदीश जिंदल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के राज्य सहसचिव राजपाल, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक सैनी और उपकोषाध्यक्ष राकेश बागड़ी मौजूद रहे। उधर, निगम अधिकारियों द्वारा कमर्शियल एरिया में सड़क सफाई (रोड स्वीपिंग) कराने का प्रयास भी यूनियन ने रोक दिया। वहीं, ठेका एजेंसी ‘राधा कृष्ण’ ने काम पर न आने वाले अपने 33 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नौकरी से हटाने की सख्त चेतावनी दी है। आयुक्त सी. जया श्रद्धा ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए शांतिप्रिय तरीके से प्रयास जारी हैं

कूड़ा उठाने वाली डोर-टू-डोर एजेंसियों को करीब 1.5 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान

हिसार में जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण घर-घर से कचरा उठाने वाली निजी एजेंसियों के 300 से अधिक कर्मचारियों और कंपनियों को भारी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ रही है। एजेंसी संचालक मनोहर व दीपक ने बताया कि ऑनलाइन ऐप सिस्टम के तहत यदि 15 दिनों तक आरएफआईडी (RFID) स्कैनिंग नहीं होती है, तो अगले 15 दिनों का भुगतान पेनल्टी के रूप में काट लिया जाता है। इससे पहले मई में हुई 12 दिनों की हड़ताल से 45-45 लाख का नुकसान हुआ था, और अब इस 16 दिवसीय हड़ताल से दोनों एजेंसियों को करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा आज गांव खरड़ में कुश्ती हॉल की आधारशिला रखेंगे

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा शनिवार को जिले के गांव खरड़ का दौरा करेंगे। सुबह 11 बजे प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मंत्री खरड़ में कुश्ती हॉल की आधारशिला रखेंगे। इसके पश्चात वे ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं जनशिकायतें सुनेंगे। प्रशासन के अनुसार शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे

हिसार के 95 निजी स्कूलों पर RTE के तहत सीटें न बताने पर आर्थिक जुर्माना तय

हिसार जिले में राइट टू एजुकेशन (RTE) एक्ट के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों की जानकारी पोर्टल पर घोषित न करने वाले 95 निजी स्कूलों की विभागीय जांच पूरी कर ली गई है। जांच टीम ने स्कूलों के रिकॉर्ड और आरटीई से जुड़ी व्यवस्थाओं की पड़ताल करने के बाद रिपोर्ट अंतिम कार्रवाई के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय, पंचकूला भेज दी है। अब निदेशालय स्तर से इन लापरवाह निजी स्कूलों पर भारी आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा

एसआईआर: जिले में 2.83 लाख अनमैप वोटर, हिसार में सबसे ज्यादा 58 हजार तो आदमपुर में सबसे कम 31 हजार

भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिले में करीब 2.83 लाख पंजीकृत मतदाताओं का डेटा वर्ष 2002 की मतदाता सूची के डिजिटल रिकॉर्ड से मैच न होने के कारण उन्हें अनमैप (Unmapped) पाया गया है। प्रशासन ने सभी सातों विधानसभाओं में 2 लाख से अधिक नोटिस वितरित कर दिए हैं। विधानसभा वार अनमैप आंकड़ों में सबसे ज्यादा हिसार में 58,000 मामले (37,000 नोटिस वितरित), हांसी में 44,729 (34,000 वितरित), बरवाला में 40,121 (26,000 वितरित), उकलाना में 37,800 (25,500 वितरित), नलवा में 37,353 (24,000 वितरित), नारनौंद में 33,839 (24,500 वितरित) तथा आदमपुर में सबसे कम 31,372 मामले (28,000 वितरित) सामने आए हैं

हालांकि, एईआरओ (AERO) स्तर पर धीमी सुनवाई के कारण अब तक केवल 48,500 मामलों का ही निपटारा हो सका है। उप-जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल और चुनाव तहसीलदार जगदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि 2002 के डेटा को बेस ईयर मानकर यह केवल एक सत्यापन प्रक्रिया है, इससे किसी का वोट कटा नहीं है। नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है; बीएलओ खुद घर-घर आकर पहचान दस्तावेज (आधार, परिवार पहचान पत्र, पुराना वोटर कार्ड) एकत्र करेंगे। इसके अलावा 22, 23, 29 और 30 अगस्त को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ का विशेष शिविर लगेगा। नया वोट बनवाने के लिए (1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले) फॉर्म नंबर 6 और नाम कटवाने/शिफ्ट होने पर फॉर्म नंबर 7 भरना होगा। मतदाता सहायता के लिए 1950 पर कॉल कर सकते हैं

जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक 25 अगस्त को

हिसार जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के मंत्री अरविंद शर्मा करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं की सुनवाई की जाएगी

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट सख्त, सिंघवी से की मुलाकात

हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर जूग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में एआईसीसी लीगल डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय चेयरमैन, वरिष्ठ अधिवक्ता व सांसद अभिषेक मनु सिंघवी से मुलाकात कर प्रदेश की चुनावी स्थिति पर चर्चा की। सिंघवी ने सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम गलत ढंग से काटा जाता है या फर्जी मतदाता जोड़े जाते हैं, तो तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए

सिवानी मंडी: बार एसोसिएशन चुनाव के लिए वोटर लिस्ट प्रकाशित, 11 सितंबर को मतदान

सिवानी मंडी बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर शुक्रवार को चुनाव अधिकारी राजीव पंवार की अध्यक्षता में बैठक हुई। पूर्व निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन कर उसे बार एसोसिएशन के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी पंवार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता व पारदर्शिता से करवाई जाएगी और 11 सितंबर को मतदान संपन्न होगा

नहला में पिता का दाह संस्कार कर लौट रहे परिवार की कार ट्रैक्टर से टकराई; महिला समेत 2 की मौत, 3 गंभीर

अग्रोहा-बरवाला मार्ग पर बालक चौपटा के पास शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। भिवानी जिले के गांव बड़वा निवासी राममेहर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पिता का निधन हो गया था। वे अपने ससुर ताराचंद (73), देवरानी कविता (35), रमेश (30) और चिराग (21) के साथ कार में सवार होकर अंतिम संस्कार के लिए महिला के मायके नहला गांव (फतेहाबाद) गए थे

अंतिम संस्कार के बाद लौटते समय बालक चौपटा के पास हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चिराग (21) और कविता (35) को मृत घोषित कर दिया। वहीं ताराचंद, रमेश और एक अन्य का गंभीर अवस्था में इलाज जारी है। चौकी प्रभारी राजबीर ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है

अवैध गर्भपात किट्स के साथ निजी अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ पकड़ा गया

हिसार के अर्बन एस्टेट क्षेत्र में सीएमएफओ कंट्रोल ऑफिसर अजय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को 2 अवैध एमटीपी (गर्भपात) किट्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और हिसार शहर के ही एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत है

टीम ने किट्स को सील कर ड्रग्ज एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि राजस्थान का एक व्यक्ति उसे 400 रुपये में किट सप्लाई करता था, जिसे वह आगे 700 से 1500 रुपये में बेचता था। आरोपी के मोबाइल जांच में नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त के रिकॉर्ड भी मिले हैं। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है

बेसहारा गोवंश से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक, विनोद नगर निवासी युवक की मौत

हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सर्च भवन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। विनोद नगर निवासी शुभम शर्मा (31) अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी अचानक सड़क पर बेसहारा गोवंश आ गया। गोवंश से सीधी टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में गोवंश को भी चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुभम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है

द स्कॉट्स स्कूल के खिलाड़ियों का दबदबा: प्रथम जिला लाठी खेल में जीते 25 पदक

प्रथम जिला लाठी खेल प्रतियोगिता 2026-27 में ‘द स्कॉट्स’ स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदकों पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों ने 11 स्वर्ण, 9 रजत और 5 कांस्य पदक जीते। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय लाठी खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है

पदक विजेताओं में मुख्य रूप से:

  • स्वर्ण पदक विजेता: अभिलाष तिवारी (14 वर्ष/30 किग्रा), एका कुंडू (14 वर्ष/40 किग्रा), रुद्र (14 वर्ष/33 किग्रा, 14 वर्ष/45 किग्रा – दो स्वर्ण), वीरांश (14 वर्ष/35 किग्रा, 14 वर्ष/55 किग्रा – दो स्वर्ण)।
  • रजत व अन्य पदक विजेता: पराग रोहिल्ला (12 वर्ष/25 किग्रा), आरव (14 वर्ष), अनि (14 वर्ष/14 वर्ष/65 किग्रा), पुलकित (12 वर्ष), विवान (14 वर्ष)। विद्यालय प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए निरंतर मेहनत की सराहना की।

एचएयू के इंदिरा गांधी सभागार में कल मनाया जाएगा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026

हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (हरसेक) द्वारा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के विशेष सहयोग से शनिवार को एचएयू के इंदिरा गांधी सभागार में ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026’ का भव्य राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का जश्न मनाना और दैनिक जीवन में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रयोगों को प्रदर्शित करना है

कार्यक्रम में इसरो (ISRO) और हरसेक के शीर्ष वैज्ञानिकों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, प्राध्यापक, शोधार्थी, स्कूल व इंजीनियरिंग छात्र तथा स्टार्टअप व्यवसायी शामिल होंगे। एक दिवसीय सम्मेलन में कृषि, पर्यावरण, जल संसाधन और खाद्य सुरक्षा पर अंतरिक्ष विज्ञान व एआई (AI) तकनीकों के प्रयोग पर चर्चा होगी। इसके अलावा चंद्रयान, आदित्य-एल1, गगनयान और इसरो की भावी योजनाओं पर प्रदर्शनी, ड्रोन शो, अंतरिक्ष मॉडल, प्रश्नोत्तरी और प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतिभागियों का पंजीकरण हरसेक वेबसाइट या मौके पर किया जाएगा

धिराण में पर्याप्त बसें न मिलने से परेशान विद्यार्थियों ने हरियाणा रोडवेज की बस रोकी

हिसार जिले के धिराण-खानपुर-सिंधड़ रूट पर बसों की किल्लत से परेशान स्कूली व कॉलेज विद्यार्थियों ने शुक्रवार को धिराण बस स्टैंड पर हरियाणा रोडवेज की एक बस को रोककर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से समय पर पर्याप्त बसें नहीं मिल रही हैं, जिससे पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि संदीप मौके पर पहुंचे और रोडवेज अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। अधिकारियों द्वारा दोपहर 2:40 बजे वाली बस सेवा को पुन: नियमित रूप से चलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया

केआरडब्ल्यूए (KRWA) ने एचएसवीपी प्रशासक से मुलाकात कर सेक्टर 16-17 व 13 पार्ट-2 की समस्याएं उठाईं

हिसार सेक्टर 16-17 और 13 पार्ट-2 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (KRWA) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष इंद्र सिंह मलिक और कुलबीर दुहन की अगुवाई में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के प्रशासक डॉ. धर्मवीर सिंह व संपदा अधिकारी आंचल भास्कर से मुलाकात की

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे जंगली झाड़ियां उगी हैं, जिससे बरसाती मौसम में सांप-बिच्छू का खतरा बना रहता है। इस पर प्रशासक ने एसडीओ को तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध झुग्गियों के अतिक्रमण, सड़कों पर हंगामे, सीवर निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता, कचरा उठान और दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायतें भी रखी गईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।

मौसम अपडेट: 36.6°C के साथ हिसार लगातार तीसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म, कल से बारिश की संभावना

हिसार शहरवासियों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को हिसार लगातार तीसरे दिन पूरे हरियाणा प्रदेश में सबसे गर्म दर्ज किया गया। दिन में खिली तेज धूप और हवा में नमी के कारण लोग पसीने से तर-बतर रहे। शहर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है; जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद, फतेहगढ़, हरदोई से होकर गुजर रही है और उत्तरी हरियाणा पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके प्रभाव से 23 अगस्त से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है

बिजली कट की सूचना: आज राजगढ़ रोड व आजाद नगर क्षेत्र में 6 घंटे बिजली बंद रहेगी

बिजली निगम और एचवीपीएनएल द्वारा नई लाइन जोड़ने और आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते शनिवार को शहर के कई इलाकों में आपूर्ति बाधित रहेगी। राजगढ़ रोड और आजाद नगर क्षेत्र में सुबह 3 बजे से 9 बजे तक 33 केवी राजगढ़ रोड व आजाद नगर सब-स्टेशन बंद रहेंगे, जिससे 11 केवी मिलीट्री कॉलोनी, किसान कॉलोनी और आजाद नगर फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-14 पावर हाउस के पास नई लाइन डालने के कार्य के कारण शाम 4 बजे से 6 बजे तक 11 केवी 14ए, जगजीवन नगर और ऋषि नगर फीडर बंद रखे जाएंगे

आज शहर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम

  • विशाल भंडारा: गांव शिकारपुर स्थित श्री शनिदेव मंदिर में सुबह 7 बजे से।
  • संकीर्तन: खजांचियान बाजार स्थित श्री कृष्ण बड़ा मंदिर में शाम 6 बजे से।

स्थानीय सराफा बाजार भाव (हिसार – प्रति 10 ग्राम/किलो, GST अतिरिक्त)

  • सोना 24 कैरेट: ₹1,55,600 (+₹2,500)
  • सोना 22 कैरेट: ₹1,43,500 (+₹2,500)
  • चांदी (प्रति किलो): ₹2,48,000 (+₹5,000)

◾पैलेट गन मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज, राहुल गांधी पांच घंटे पीड़ित के साथ धरने पर रहे

◾अगर सज्जन कुमार ‘रोल मॉडल’ हैं, तो फिर दोषी कौन हैं? दीपेंद्र हुड्डा के बयान को लेकर भड़के सिख दंगा पीड़ित, मचा बवाल

◾जंतर-मंतर पर नया आंदोलन, अब आरक्षण हटाने के लिए जुट गए लोग; UGC वाला भी गुस्सा

◾बेटे को सुसाइड से रोकने गए पिता पहाड़ से फिसले, मां भी कूदी, तीनों की मौत

◾तेलंगाना CM रेड्डी को अमेरिका जाने की परमिशन नहीं मिली: दावा- केंद्र सरकार ने राजनीतिक आधार पर मंजूरी नहीं दी, 23 अगस्त को हैदराबाद लौटेंगे

◾उत्तराखंड-गंगा-यमुना समेत 18 बड़ी नदियां गंदी, रिस्पना सबसे खराब: सीवर-टूरिज्म से बिगड़ी हालत, नैनीताल में नंधौर पर फैक्ट्रियों का असर

◾हाफिज सईद समेत 6 पर मुंबई पुलिस की नकेल, भगोड़ा घोषित कर केस चलाने की तैयारी

◾जो कानून में मना नहीं, उसे करने के लिए अब किसी परमिशन की जरूरत नहीं: पीएम मोदी

◾Russia Attacks: रूस का यूक्रेन के शॉपिंग मॉल पर हमला, 14 की मौत और 120+ घायल; जेलेंस्की के गढ़ में फिर तबाही

◾सम्राट सरकार ने बिहार में अफसरों के लिए जारी किया नया नियम, MLA-MP का फोन आया तो करना होगा कॉल बैक

◾पाकिस्तान: मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाए जाने के बाद इमरान ख़ान को वापस जेल भेजा गया

◾भारत और सिंगापुर ने रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की, उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर

◾पहलवान से बना क्रिमिनल… हरियाणा का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी अमित श्योराण गिरफ्तार, झारखंड से अफीम लाकर करता था सप्लाई

◾सिखों की रिहाई के लिए 7 घंटे बंद रहा पंजाब: कार सवार को थप्पड़ मारा, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में बहस; हाईवे के साथ पिज्जा शॉप-क्लब, शोरूम बंद कराए

◾अखिलेश, मायावती और अपर्णा समेत 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट, सुरक्षा बढ़ी

◾जेन-जी का गुस्सा अब पेपर लीक होने तक सीमित नहीं है। अव्यवस्थाओं के खिलाफ भी उनका आक्रोश चरम पर है।

◾दरवाजे की सुरक्षा पर सवाल: टेस्ला समेत कई कंपनियों की कारें, चीन में 40 लाख+ गाड़ियां रिकॉल

◾तमिलनाडु में DMK विधायकों का सरकारी कार लेने से इनकार: उदयनिधि बोले- सरकार कर्ज में, पहले संपत्ति की जांच हो

◾इंग्लैंड के सामने पाकिस्तान का ‘बंटाधार’, एक पारी और 103 रन से मिली हार

◾लुसाने डायमंड लीग: दूसरे स्थान पर रहे नीरज, 88.14 मीटर भाल फेंककर श्रीलंका के पाथिरागे ने हासिल किया शीर्ष स्थान

===================================

====================================