नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

16 व्यापारियों से माल लेकर बिना भुगतान किए 4 महीनों से फरार ट्रेडिंग कंपनी का संचालक गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – व्यापारियों से लाखों रुपये कीमत का माल लेकर बिना भुगतान किए 4 महीने से फरार चल रहे आशीष ट्रेडर्स के संचालक सतीश कुमार (निवासी डोगरान मोहल्ला) को इकोनॉमिक सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकानदारों से पहले 2-3 दिन तक कैश पेमेंट देकर सामान खरीदकर विश्वास जीता था। इसके बाद उसने 16 व्यापारियों से लगभग 9.08 लाख रुपये का माल लिया और भुगतान किए बगैर फरार हो गया। एसपी से होलसेल जनरल मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान रमेश ठकराल मिले थे,

जिसके बाद व्यापारी सतीश कुमार की शिकायत पर केस दर्ज हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद 117 दिनों तक कई धार्मिक स्थलों जैसे दिल्ली, रेवाड़ी, अयोध्या, चंडीगढ़, अमृतसर, उज्जैन, मथुरा और हरिद्वार में पहचान छिपाकर घूमता रहा, जहाँ उसे बिना खर्च के खाने-रहने की व्यवस्था मिल जाती थी। बाद में वह हुलिया बदलकर हिसार लौटा, जहाँ एक फोटो स्टूडियो संचालक ने उसे पहचान कर पकड़वाया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि व्यापारिक क्षेत्र में धोखाधड़ी और आर्थिक अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के दोषी बलवंत को अदालत ने सुनाई 2 साल की सजा

हिसार टाइम्स – हिसार की एडीजे ईशा की अदालत ने घर में आधी रात को घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी बलवंत को साक्ष्यों के आधार पर दोषी ठहराते हुए 2 साल की कैद की सजा सुनाई है। पीड़िता ने थाना सदर में शिकायत देकर बताया था कि रात करीब 12 बजे आरोपी जबरन घर में घुसा और अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ का प्रयास किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि मुकदमे के दौरान आरोपी द्वारा जेल में काटी गई अवधि को सजा में समायोजित किया जाएगा।

नियम में पेट डॉग्स का पंजीकरण जरूरी पर एक भी नहीं हुआ, जिले में पालतू कुत्तों के काटने के केस 1 साल में 178% बढ़े

हिसार टाइम्स – स्ट्रीट डॉग्स ही नहीं, अब पेट डॉग्स के काटने के बढ़ते मामले गंभीर चिंता बढ़ा रहे हैं। जिले में पेट डॉग्स के काटने के केस एक साल में 178 प्रतिशत बढ़े हैं; वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 860 था जो 2025 में बढ़कर 2388 रहा, वहीं जनवरी से जुलाई 2026 तक 1619 लोग पेट डॉग बाइट के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। नगर निगम में पेट डॉग्स का पंजीकरण अनिवार्य है, लेकिन अब तक एक भी कुत्ता पंजीकृत नहीं हुआ है। घरों में पिटबुल और बुल्ली जैसे प्रतिबंधित व खूंखार डॉग्स पाले जा रहे हैं, जिनके शिकार न सिर्फ पालक परिवार बल्कि पड़ोसी और राहगीर भी हो रहे हैं। जिले में स्ट्रीट डॉग बाइट के मामले भी बढ़े हैं—

2024 में 10,100, 2025 में 12,234 और 2026 के सात महीनों में 17,597 पीड़ित अस्पताल पहुंचे हैं। तीन प्रमुख मामलों में, सातरोड में 25 वर्षीय युवती पर गोद भराई का न्यौता देने जाने पर पालतू पिटबुल ने हमला कर जांघ का मांस नोच लिया; 12 क्वार्टर एरिया में सोती हुई 19 वर्षीय युवती के चेहरे को पिटबुल ने काट खाया; तथा जुगलान गांव में 43 वर्षीय महिला पर पड़ोसी के बुल्ली डॉग ने जानलेवा हमला कर चेहरे और सिर को बुरी तरह नोच डाला जिससे महिला को 17 टांके लगे। डीएनओ एनआरसीपी रेबीज के अनुसार रेबीज 100% घातक है, इसलिए किसी भी डॉग बाइट के बाद घाव को कम से कम 15 मिनट तक साबुन व बहते पानी से धोएं और तुरंत एंटी-रेबीज वैक्सीन व सीरम लगवाएं। सिविल अस्पताल में अब दोनों कंधों पर 0.1 एमएल का इंट्राडर्मल टीका लगाया जा रहा है, जिससे 2026 में जुलाई तक 15,375 वायल की खपत हो चुकी है।

सफाई हड़ताल के 24वें दिन अधिकारियों का कड़ा रुख, एक्सईएन ने संभाला सफाई गाड़ी का स्टीयरिंग और पुलिस बल ने किया एस्कॉर्ट

हिसार टाइम्स – सफाई कर्मचारियों की 24 दिनों से जारी हड़ताल के बीच आखिरकार नगर निगम प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला। शहर में पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था को बहाल करने के लिए निगमायुक्त सी. जयाधा के आदेश पर पुलिस के कड़े साये में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन अभियान चलाया गया। हड़तालियों के विरोध और निजी एजेंसी के चालकों को भड़काने की कोशिशों के बीच निगम अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। निगम के एक्सईएन अमित कौशिक ने कचरा गाड़ी का स्टीयरिंग खुद संभालकर कचरा उठाया, वहीं एक्सईएन जयबीर डूडी और वार्ड-2 के पार्षद मोहित शर्मा स्कूटी पर काफिले के आगे-आगे गाड़ियों को एस्कॉर्ट करते नजर आए। विरोध करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों में से पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद बाकी प्रदर्शनकारी मौके से खिसक गए।

निगम के इस बड़े ऑपरेशन के दौरान एक्सईएन जयबीर डूडी, एक्सईएन अमित कौशिक, एई कर्मपाल सिंधू, एई अनूप, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और संबंधित जेई पूरे समय पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। सुरक्षा के चलते डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली हर गाड़ी में पुलिसकर्मी तैनात रहे। हालांकि शहर के 70 प्रतिशत एरिया में हड़ताल के 24 दिन बीत जाने के बाद भी गाड़ी नहीं पहुंच पाई है और सड़कों पर अभी भी 5 हजार मीट्रिक टन कचरा पड़ा है। निगम अधिकारियों ने रोस्टर प्लानिंग के तहत रविवार को भी नई कॉलोनियों में डोर-टू-डोर अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। शुक्रवार रात पुलिस सुरक्षा में 5 से 8 डोर-टू-डोर वाहन लगाए गए, जिन्होंने 3 चक्कर लगाकर सेक्टर-33, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-21पी मेला ग्राउंड क्षेत्र, सेक्टर-14 और सेक्टर-14पी से करीब 24 गाड़ियों के बराबर कचरा डंपिंग साइट तक पहुंचाया।

जीजेयू के वीसी प्रो. नरसीराम विश्नोई रिलीव, स्थाई नियुक्ति तक सीडीएलयू वीसी डॉ. विजय कुमार को सौंपा गया प्रभार

हिसार टाइम्स – गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के कुलपति प्रोफेसर नरसीराम विश्नोई का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें रिलीव कर दिया गया है। 2 मई 2026 को उनका 3 साल का कार्यकाल पूरा हो गया था, जिसके बाद उन्हें आगामी आदेशों तक कार्यवाहक का चार्ज दिया गया था। अब राज्यपाल एवं कुलाधिपति असीम कुमार घोष द्वारा सीडीएलयू के कुलपति डॉ. विजय कुमार को चयन प्रक्रिया पूर्ण होने तक जीजेयू के कुलपति का प्रभार सौंपा गया है। जीजेयू में कुलपति का कार्यकाल 3 साल का होता है। नए नियमित कुलपति को लेकर सर्च कमेटी का गठन हो चुका है और चयन प्रक्रिया अभी जारी है, जिसके लिए विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बैठक भी हो चुकी है। इस पद के लिए कुल 122 प्रोफेसरों और आईएएस अधिकारियों ने आवेदन किया है। खास बात यह है कि निवर्तमान कुलपति प्रोफेसर नरसीराम विश्नोई ने भी दूसरे टर्म के लिए कुलपति पद हेतु आवेदन किया हुआ है।

आपत्तिजनक टिप्पणी पर एफआईआर न होने पर पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

हिसार टाइम्स – इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक और पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने जाट समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक व भड़काऊ टिप्पणी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पानीपत में भाजपा हरियाणा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आए कथित बयान को लेकर उन्होंने हिसार पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी, जिसे शिकायत संख्या 750 के रूप में दर्ज किया गया था। प्रो. सिंह के अनुसार शिकायत के दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कानून किसी दल या प्रभावशाली व्यक्ति के लिए अलग नहीं हो सकता।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने खरकड़ी में किया 4.63 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

हिसार टाइम्स – लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार के गांव खरकड़ी में लगभग 4.63 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। गांव में 2.75 करोड़ रुपये की लागत से बने बूस्टिंग स्टेशन, 1.80 करोड़ रुपये से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन और चौपाल विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों से पेयजल आपूर्ति, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं में सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि न्याना से खरकड़ी तक 2.32 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का टेंडर हो चुका है, जिससे आवागमन और आसपास के गांवों से संपर्क बेहतर होगा।

मंगाली के सरकारी स्कूल में 2.44 करोड़ से बनेगी नई बिल्डिंग, 22 कमरों का होगा निर्माण

हिसार टाइम्स – मंगाली के सरकारी स्कूल (जीएसएसएस मंगाली) में अब पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को बेहतर और पर्याप्त जगह मिलेगी। स्कूल में 2 करोड़ 44 लाख 65 हजार रुपये की लागत से नई बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसमें 22 कमरे, पानी की टंकी तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल होंगे। भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रकाशित हो चुका है और प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इस नई बिल्डिंग का सीधा फायदा स्कूल में पढ़ रहे करीब 450 विद्यार्थियों और आसपास के गांवों से आने वाले बच्चों को मिलेगा। गौरतलब है कि स्कूल की पुरानी इमारत का ज्यादातर हिस्सा दिसंबर 2025 में कंडम घोषित कर गिरा दिया गया था, जिसके बाद से कक्षाएं दो अलग-अलग जगहों पर चल रही थीं। नई इमारत बनने के बाद कक्षाओं का संचालन एक ही जगह पर सुचारू रूप से हो सकेगा।

बरसाती पानी निकासी के लिए 1.80 करोड़ से दबाई जा रही 55 इंची पाइपलाइन, एक सप्ताह और झेलनी पड़ेगी परेशानी

हिसार टाइम्स – हिसार के जहाजपुल चौक से लेकर लाहोरिया चौक होते हुए गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने से जीजेयू की दीवार तक बरसाती पानी की निकासी के लिए 55 इंच की नई पाइपलाइन दबाई जा रही है। यहां 1992 में डाली गई पुरानी लाइन पूरी तरह डैमेज हो चुकी थी। इस आधी किलोमीटर लंबी लाइन के निर्माण पर 1.80 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। एसडीओ जसबीर पंचाल के अनुसार यह काम लगभग 20 दिनों से चल रहा है और इसे पूरा होने में करीब एक सप्ताह का समय और लगेगा। बारिश के मौसम में सड़क खुदे होने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को एक सप्ताह और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

बासड़ा में नहरी पानी की किल्लत, ग्रामीणों ने विधायक रणधीर पणिहार को बाइक पर बैठाकर कराया टेल का सर्वे

हिसार टाइम्स – राजस्थान सीमा से सटे गांव बासड़ा में नहरी पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को नलवा विधायक रणधीर पणिहार को बाइक पर बैठाकर नहर की आखिरी टेल तक का सर्वे करवाया। माइनर की पटरी पर गाड़ियां जाने का रास्ता न होने के कारण विधायक को अपने सुरक्षा तंत्र व गाड़ियों के काफिले को मुख्य सड़क पर छोड़कर ग्रामीणों की बाइक पर ही टेल तक जाना पड़ा। किसानों ने बताया कि माइनर की नियमित सफाई न होने के कारण पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे फसलें सूख रही हैं। निरीक्षण के बाद विधायक रणधीर पणिहार ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर उन्हें तुरंत माइनर की सफाई करवाने और टेल तक पानी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

प्रदेश में 38.7 डिग्री तापमान के साथ हिसार सबसे गर्म, 2 सितंबर से मानसून एक्टिव होने पर मिलेगी राहत

हिसार टाइम्स – जिले में पिछले कई दिनों से जारी ‘मानसून ब्रेक’ के कारण आमजन को भीषण गर्मी और तीखी उमस का सामना करना पड़ रहा है। चिलचिलाती धूप और मानसूनी बारिश न होने की वजह से शनिवार को 38.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ हिसार पूरे प्रदेश में सबसे गर्म दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है जब प्रदेश में हिसार का पारा सबसे ज्यादा रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, वर्तमान में गुजरात और राजस्थान के ऊपर बने एक ‘प्रतिचक्रवात’ के कारण मानसूनी हवाएं पूर्व की ओर खिसक गई हैं और मानसून की टर्फ रेखा केवल उत्तरी जिलों से गुजर रही है। इसी वजह से हरियाणा के पश्चिमी व दक्षिणी हिस्सों में बारिश थम गई है। मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि प्रदेश के 23 में से 16-17 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है और आगामी 2 सितंबर तक बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि 2 सितंबर से मानसून के फिर से एक्टिव होने की उम्मीद है।

एचएयू में एडवाइजरी कमेटी की बैठक, 5 जिलों के कृषि अधिकारियों ने खरीफ और रबी फसलों पर किया मंथन

हिसार टाइम्स – हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान में क्षेत्रीय अनुसंधान एवं विस्तार एडवाइज एडवाइजरी कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में हिसार, भिवानी, जींद, फतेहाबाद और सिरसा जिलों के कृषि अधिकारियों तथा विवि के वैज्ञानिकों ने भाग लिया। बैठक में खरीफ सीजन में धान में विषाणु जनित बौना रोग और कपास में गुलाबी सुंडी के प्रकोप पर चर्चा हुई, जो बीते साल के मुकाबले काफी कम और नियंत्रण में पाई गई।

वैज्ञानिकों ने बताया कि कुछ इलाकों में धान में पत्ता लपेट सुंडी तथा कपास में सफेद मक्खी, तेले व चुरड़े की समस्या आई है जिस पर निगरानी रखी जा रही है। आगामी रबी फसलों के लिए गेहूं विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ओपी बिश्नोई ने अगेती बिजाई हेतु गेहूं की डब्ल्यूएच 1270, डीबीडब्ल्यू 303, डीबीडब्ल्यू 327 व पीबीडब्ल्यू 872 और कम पानी वाले क्षेत्रों के लिए डब्ल्यूएच 1142 व डब्ल्यूएच 1402 किस्मों की सिफारिश की। डॉ. राम अवतार ने सरसों की बुवाई व कीट प्रबंधन के उपाय बताए। बैठक के अंत में डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किसान खेत परीक्षणों के परिणाम रखे। इस दौरान मीडिया सलाहकार डॉ. संदीप आर्य, डॉ. एसके धनखड़ और डॉ. अशोक कुमार गोदारा भी उपस्थित रहे।

59वीं हरियाणा स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप अंतिम दौर में, विद्युत नगर हॉल में आज होंगे फाइनल मुकाबले

हिसार टाइम्स – विद्युत नगर स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बैडमिंटन हॉल में चल रही 59वीं हरियाणा स्टेट सीनियर एवं जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 23 जिलों से 640 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले देर रात तक खेले गए, वहीं आज रविवार सुबह 9 बजे से फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव वीरेंद्र कुमार और अध्यक्ष डॉ. कमल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाले रैंकिंग पॉइंट्स के आधार पर जोनल और नेशनल टीम का चयन किया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर एथलेटिक्स, शतरंज और जूडो में हिसार के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

हिसार टाइम्स – राष्ट्रीय खेल दिवस (मेजर ध्यानचंद जयंती) के अवसर पर जिले भर में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 11वीं हरियाणा स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप (करनाल) में 600 मीटर दौड़ में गुनगुन ने स्वर्ण और चोवी ने कांस्य पदक जीता, जबकि अंडर-16 लॉन्ग जंप में अनु ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं ककलीरायण की खिलाड़ी रतनबाला ने अंडर-18 गर्ल्स हाई जंप में रजत पदक जीता। हिसार जिला शतरंज चैंपियनशिप में डीपीएस के देवांश गहलान और स्वर्णिका ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाई। महावीर स्टेडियम में आयोजित जिला जूडो चैंपियनशिप में गुरु द्रोणाचार्य इंटरनेशनल स्कूल के प्रियांशु ने अंडर-17 (81 किग्रा) में स्वर्ण पदक जीता। इसके अतिरिक्त, सुखराम मेमोरियल स्कूल कालीरायण, कन्या गुरुकुल डोभी, विंडम स्कूल तथा भजन लाल राजकीय महाविद्यालय बालसमंद में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं व ‘फिट इंडिया’ संकल्प कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

देश के सर्वोच्‍च राष्ट्रपति पुरस्कार में हिसार का खाता फिर खाली, 2018 से लगातार कोई शिक्षक नहीं पहुंचा राष्ट्रीय स्तर पर

हिसार टाइम्स – हिसार को प्रदेश के बड़े एजुकेशन हब के रूप में पहचान मिलती है और जिले में सरकारी से लेकर निजी स्कूलों तक बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी हैं, लेकिन देश के सर्वोच्च शिक्षक सम्मान की राष्ट्रीय सूची में हिसार लगातार गायब है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित 48 शिक्षकों की सूची में हरियाणा से इस बार भी सिर्फ रोहतक के अनिल कौशिक (जीएमएसएसएस सांभी) का नाम है, जिन्हें 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2014 से 2025 तक हरियाणा के 26 शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार पा चुके हैं। वर्ष 2018 में ऑनलाइन और पारदर्शी चयन प्रक्रिया लागू होने के बाद भी हर साल हरियाणा से एक-एक शिक्षक (2023 में रेवाड़ी के सत्यपाल सिंह, 2024 में फरीदाबाद की अविनाशा शर्मा, 2025 में सोनीपत की सुनीता) चुना गया, लेकिन पिछले कई दशकों से हिसार के किसी भी स्कूली शिक्षक को यह सर्वोच्च सम्मान हासिल नहीं हुआ है।

नौकरी के साथ एआई सीखें: IIT दिल्ली ने लॉन्च किया 6 महीने का एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम

हिसार टाइम्स – आईआईटी दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) ने वर्किंग प्रोफेशनल्स, सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स और STEM बैकग्राउंड ग्रेजुएट्स के लिए ‘सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन जनरेटिव एआई’ लॉन्च किया है। इस 6 महीने के ऑनलाइन कोर्स के लिए उम्मीदवार आईआईटी दिल्ली की वेबसाइट cepqip.iitd.ac.in पर 14 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह प्रोग्राम 17 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2027 तक चलेगा, जिसकी कक्षाएं हर रविवार सुबह 9 से 12 बजे तक लगेंगी। कोर्स पूरा होने पर आईआईटी दिल्ली की ओर से ई-सर्टिफिकेट मिलेगा (60% अंक व 80% अटेंडेंस पर सक्सेसफुल कंप्लीशन सर्टिफिकेट)। इसी तरह अन्य प्रमुख संस्थानों जैसे आईआईटी रुड़की, आईआईटी मद्रास और आईआईटी बॉम्बे ने भी एआई व डेटा साइंस में कई एग्जीक्यूटिव व ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स शुरू किए हैं।

कानून विशेषज्ञ डॉ. नीरज मलिक का डार्क टूरिज्म पर शोध अमेरिका के नोवा साइंस पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित

हिसार टाइम्स – छाजू राम लॉ कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. नीरज मलिक के दो शोध-अध्याय अमेरिका के प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान ‘नोवा साइंस पब्लिशर्स, न्यूयॉर्क’ की पुस्तक हॉस्पिटैलिटी, टूरिज्म एंड मार्केटिंग सीरीज 2026 में प्रकाशित हुए हैं। उनके शोध में अपराध व त्रासदी स्थलों के पर्यटन केंद्रों में तब्दील होने के विधिक पहलुओं तथा जलियांवाला बाग स्मारक से जुड़े डार्क टूरिज्म का अध्ययन किया गया है। डॉ. नीरज ने कहा कि डार्क टूरिज्म केवल घूमने का विषय नहीं बल्कि कानून, नैतिकता और लोकनीति से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। मूल रूप से गांव उमरा के निवासी डॉ. नीरज ने अपनी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का श्रेय अपने पिता सेवानिवृत्त प्राचार्य आजाद सिंह मलिक को दिया है।

◾SCO शिखर सम्मेलन से पहले पीएम मोदी का बड़ा बयान: ‘आतंकवाद पूरी तरह हो खत्म’

◾CNG Price Hike : महंगाई का एक और झटका, दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी 3.89 रुपए महंगी, नई दरें आज से लागू

◾अमिताभ बच्चन के बाद रणवीर सिंह बने भारत के दूसरे सबसे पसंदीदा हीरो, सलमान- अक्षय को छोड़ा पीछे

◾ताशकंद पहुंचे PM मोदी: उज्बेक राष्ट्रपति ने गर्मजोशी से किया स्वागत

◾उज्बेकिस्तान में पीएम मोदी को महिलाओं ने राखी बांधी: राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ एक ही कार में रवाना हुए; आज ताशकंद में शास्त्री मेमोरियल जाएंगे

◾न्यूयॉर्क में भागवत बोले- भारत के DNA में एकता-विविधता: हम अलग होकर भी एकदूसरे से जुड़े, गलत सोच इंसान को जानवरों के करीब ले जाती है

◾नेपाल बाढ़ में मौत का आंकड़ा 682 हुआ: 287 भारतीयों समेत 3000 लापता; 800 मीटर लंबा ग्लेशियर टूटने से तबाही आई

◾नेपाल बाढ़: 287 भारतीय नागरिक लापता, 88 भारतीय नागरिकों को बचाया गया

◾पहाड़ों से उतरे पानी से डरी यूपी-एमपी की सीमा, 23 साल का रिकॉर्ड तोड़ बह रही मंदाकिनी; 10 घंटे ठप रहा ट्रेनों का पहिया

◾’पहले मां को जहर दो, तभी बेटी ले जाना’, आगरा में सास की बात मान बेटे ने मां को दिया जहर

◾हरियाणा: दूध के दाम बढ़ाने पर मंथन, भैंस का दूध ₹100 प्रति लीटर बिकेगा? कम कीमत पर ₹5100 जुर्माने का प्रस्ताव

◾भारत से 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल के लिए रवाना: जयशंकर

◾बजट 2027-28 की तैयारियां शुरू, 12 अक्टूबर से शुरू होंगी बैठकें

◾बॉम्बे हाईकोर्ट बोला- FDA अधिकारी खुद को भगवान समझते हैं क्या: न नियम पढ़ते- न कानून जानते, कार्रवाई कर देते; 5 रेस्टोरेंट को फूड लाइसेंस वापस मिले

◾नेपाल बाढ़ में रायसेन के 2 युवक लापता: मानसरोवर यात्रा से लौटे ओम बोले- मौत को करीब से देखा, जिस होटल में रुके वहां अब मलबा

◾पेपर लीक रोकने के लिए परीक्षा सिस्टम बदलने की तैयारी: नीलेकणि टास्क फोर्स ने लोगों से सुझाव मांगे; 13 सितंबर तक दे सकेंगे राय

◾छात्र परिषद कार्यक्रम- ममता बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज: आरोप- तय समय से ज्यादा प्रोग्राम चला; TMC समर्थकों ने रोड ब्लॉक किया, बैरिकेड हटाए

◾राजनाथ का छात्रों से हिंसा के बजाय संवैधानिक माध्यमों से बदलाव लाने का आह्वान

◾अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों के करीब पहुंची STF, हरियाणा में 8 टीमों ने डाला डेरा, यूपी में प्रवेश से पहले बदमाशों ने बदले थे कपड़े

◾महिला हॉकी वर्ल्ड कप: अर्जेंटीना ने 9 बार की चैंपियन नीदरलैंड को हराकर जीता खिताब

===================================

====================================