नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

गैस कनेक्शन काटने के नाम पर डॉट एपीके फाइल भेजकर दो फर्म संचालकों से 5.91 लाख की ठगी

हिसार टाइम्स – साइबर अपराधियों ने घरों तक पहुंच रही पीएनजी गैस लाइन का मीटर अपडेट करवाने और बिल पेंडिंग बताकर कनेक्शन काटने का झांसा देकर हिसार के दो अलग-अलग फर्म संचालकों से कुल 5.91 लाख रुपये ठग लिए। पहली वारदात सेक्टर-13 पार्ट-2 निवासी एक मेडिकल कारोबारी के साथ हुई। 29 अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर कॉल आई और कॉलर ने खुद को एचसीबी (HCB) गैस एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर बिल बकाया होने की बात कही। इसके बाद ठग ने एक डॉट एपीके (.apk) फाइल भेजी। कारोबारी ने जैसे ही उस फाइल पर क्लिक किया, उनका पूरा मोबाइल फोन हैक हो गया और करंट अकाउंट व क्रेडिट कार्ड से 6 बार में कुल 3,91,735 रुपये निकल गए।

दूसरी वारदात एक कॉन्ट्रैक्टर्स कंपनी के साथ हुई, जिसके डायरेक्टर के मोबाइल पर मैसेज आया कि एचसीबी गैस मीटर अपडेट न होने के कारण रात 10 बजे कनेक्शन काट दिया जाएगा। कंपनी ऑपरेटर ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो ठग ने खुद को अधिकारी बताकर वीडियो कॉल की और ऐप का लिंक भेजा। ऐप डाउनलोड कर क्रेडिट कार्ड की डिटेल डालते ही फोन हैक हो गया और 2,02,202 रुपये की अवैध ट्रांजेक्शन हो गई। दोनों पीड़ितों ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत देकर साइबर थाना हिसार में केस दर्ज कराया है।

गणेश मार्केट में सच मोबाइल शोरूम संचालक को कार में पर्ची फेंककर मिली जान से मारने की धमकी

हिसार टाइम्स – गणेश मार्केट स्थित सच मोबाइल शोरूम के संचालक मुकेश कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने से शहर के व्यापारियों में भारी हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 12 बजे जब मुकेश दुकान के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी में जाकर बैठे, तो वेंटिलेशन के लिए थोड़ा खुले शीशे से अंदर फेंकी गई एक पर्ची उनकी पिछली सीट पर मिली। पर्ची खोलते ही उनके होश उड़ गए। उसमें लिखा था— “मुकेश, हमारा काम है मानस मारना। मनोज सिंधवानी मेरा भाई है, तेरा उसके साथ जो मैटर चल रहा है, हमारी बात मानकर उसे खत्म कर दे वरना गोलियां चलेंगी। हमारे से पंगा लेने वाला जिंदा कोनी बचे।”

यह मामला मनोज सिंधवानी पर दर्ज अवैध वसूली (रंगदारी) के केस में समझौते का दबाव बनाने से जुड़ा है। पूर्व में मोबाइल एसेसरीज विक्रेता दीपांशु की शिकायत पर पुलिस ने मनोज सिंधवानी को दुकान का नक्शा पास न होने की धमकी देकर 1 लाख रुपये की वसूली करते समय सिटी थाना पुलिस से रंगे हाथों पकड़वाया था और वह फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है। धमकी मिलने की सूचना पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के नेता सच मोबाइल शोरूम पर पहुंचे और व्यापारी मुकेश व उनके भाई पंकज से जानकारी ली। सूचना मिलते ही सिटी थाना से एसआई रामचंद्र अपनी टीम के साथ पहुंचे, पर्ची को कब्जे में लिया और पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर मनोज सिंधवानी व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

4 इलाकों में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, पुलिस के सामने कान पकड़कर मांगी माफी

हिसार टाइम्स – शहर के सिटी और एचटीएम थाना क्षेत्रों के चार अलग-अलग रिहायशी इलाकों में अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए और नई सब्जी मंडी चौकी पुलिस की टीम ने महज 3 घंटे के भीतर घेराबंदी करके वारदात में शामिल 6 में से 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकुश (निवासी शांति नगर), मोटी उर्फ सरसटा (निवासी 12 क्वार्टर) और खुशवंत (निवासी भारत नगर) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है,

हालांकि असलहा बरामद होना और 3 बाइक सवार साथियों—देवेंद्र उर्फ देख, गौरव, विनय, पीयूष व समर रोहिल्ला की गिरफ्तारी अभी बाकी है। आरोपियों के खिलाफ सिटी थाने में 1 और एचटीएम थाने में 3 एफआईआर (कुल 4 मुकदमे) दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के चलते यह फायरिंग की गई थी। सोमवार को दूसरे गुट ने पड़ाव चौक, 12 क्वार्टर और ढाणी किशनदत्त में फायरिंग की थी, जिसके जवाब में मंगलवार को इस गुट ने सूर्य नगर में आबू के घर के बाहर गोलियां चलाईं। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है; मोटी पर हत्या के प्रयास सहित 4, खुशवंत पर 4 और अंकुश पर स्नैचिंग का मामला दर्ज है। पुलिस कस्टडी में आने के बाद तीनों बदमाशों ने कान पकड़कर मांगी माफी और कहा कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहेंगे।

विनोद पानू हत्याकांड में गिरफ्तार शूटर अजय उर्फ टेल रिमांड खत्म होने पर जेल भेजा गया

हिसार टाइम्स – हिसार कोर्ट परिसर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर विनोद पानू की सरेआम हत्या करने के मामले में गिरफ्तार शूटर अजय उर्फ टेल को पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय को पानीपत से गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। आरोपी अजय के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के 2 मामले, शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) का 1 मामला और हत्या से जुड़ा 1 मामला दर्ज पाया गया है। उल्लेखनीय है कि अदालत के मुख्य गेट पर हमलावरों ने विनोद पानू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। घटना के तुरंत बाद भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य शूटर छकेश को विनोद के साथी रविंद्र ने जान पर खेलकर पकड़ने का प्रयास किया था, जिसमें रविंद्र घायल हो गया था। बाद में एसआई विजय और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से छकेश को काबू किया गया था। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि हत्या की इस साजिश में शामिल अन्य नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर 4 लाख ठगने वाले गिरोह का पांचवां आरोपी अशोक मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – अनाज मंडी चौक उकलाना पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर 4 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांचवें आरोपी अशोक उर्फ सत्री (निवासी बोलुआ, हिसार) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, विद्या नगर भिवानी निवासी साहिल पुत्र नरेंद्र कुमार ने शिकायत दी थी कि आजाद नामक व्यक्ति ने उसे 5 लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये देने का झांसा दिया था।

इस लालच में आकर साहिल अपने दोस्तों कुणाल और परमजीत के साथ 4 लाख रुपये से भरा बैग लेकर प्रभुबाला रोड पर पहुंचा था। वहां बाइक सवार आरोपियों ने साहिल से पैसों से भरा बैग छीन लिया, जिसके तुरंत बाद अर्टिगा कार में रोबिन, सिकंदर और नरेश पहुंचे। तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर साहिल पर पुलिस का रौब जमाया, कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया और 4 लाख रुपये ठग कर चंपत हो गए। उकलाना पुलिस इस मामले में अब तक 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

आजाद नगर फायरिंग मामले में आरोपी मुकेश सेंट्रल जेल-1 से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – थाना आजाद नगर क्षेत्र के तहत गांव हरिकोट में हुई फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने सेंट्रल जेल-1 में बंद आरोपी मुकेश को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके जांच में शामिल किया है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसके दौरान आरोपी मुकेश से गहन पूछताछ की गई और वारदात से जुड़ी निशानदेही की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी मुकेश ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि उसने चेतन नामक व्यक्ति से अवैध पिस्तौल हासिल की थी और उसे आगे सचिन को सौंप दिया था। बाद में पुलिस टीम ने सचिन को अवैध हथियार सहित रंगे हाथों दबोच लिया था, जबकि मुकेश मौके से फरार होने में कामयाब रहा था। पुलिस के अनुसार मुकेश पर अपने साथियों के साथ मिलकर गांव हरिकोट में अंधाधुंध गोलीबारी करने और हत्या के प्रयास का भी आरोप है, जिसके सिलसिले में वह पहले से ही जेल में बंद था। एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और फायरिंग में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा

नशा तस्करी की कमाई से खरीदी 2 लाख रुपये की कार अर्बन एस्टेट पुलिस ने की फ्रीज

हिसार टाइम्स – हिसार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस द्वारा एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी लवीश के कब्जे से 9.370 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। मामले की गहन जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने नशे की बिक्री से मिलने वाले पैसों से अपने उपयोग के लिए एक कार खरीदी थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशों पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी लवीश की लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की कार को फ्रीज (कानूनी रूप से जब्त) कर दिया गया। एसपी सिद्धांत जैन ने चेतावनी दी कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ नशीले पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से बनाए गए आर्थिक ढांचे, मकानों, वाहनों और अन्य संपत्तियों को भी चिह्नित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया जाएगा

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

हिसार टाइम्स – हिसार के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी माता के साथ न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में पीड़िता की काउंसलिंग करवाई।

इसके पश्चात कानूनी प्रक्रिया के तहत नाबालिग के विस्तृत बयान दर्ज किए गए। पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच अधिकारी एलएएसआई लाजवती ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और अदालत में पेश किया, जहां से माननीय अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए।

सीसवाला में विवाहिता पूनम की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत, पति व सास समेत 5 पर केस दर्ज

हिसार टाइम्स – हिसार के सीसवाला गांव में एक विवाहिता पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका एक मासूम बच्ची की मां थी और उसकी शादी वर्ष 2024 में सीसवाला निवासी मनिराम के साथ हुई थी। घटना के बाद मृतका के पिता मनजीत निवासी गांव सीसवाला ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के करीब डेढ़ साल बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर पूनम को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पिता ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व पति मनिराम, सास और ननद रिंकू ने पूनम के साथ मारपीट की थी और उसके बाल खींचे थे।

अगले दिन पति ने फोन कर पूनम द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना दी। अस्पताल में होश आने पर पूनम ने परिजनों को बताया था कि घर में चावल बनाने और खाने को लेकर विवाद हुआ था। मनजीत की शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने पति मनिराम, सास और तीन ननदों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खरकड़ी गांव में 36 वर्षीय राकेश ने घर में फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

हिसार टाइम्स – हिसार के खरकड़ी गांव में 36 वर्षीय व्यक्ति राकेश ने अपने ही घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना के एएसआई शमशेर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक राकेश शादीशुदा था और दो छोटे बच्चों का पिता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर गहरे मानसिक तनाव में चल रहा था। हालांकि तनाव के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और परिजन भी आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में 174 की कार्रवाई की है और वास्तविक परिस्थितियों को समझने के लिए जांच जारी रखी है

अर्बन एस्टेट में पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच हिंसक झड़प, सिविल लाइन थाना घेरा, 80 हिरासत में

हिसार टाइम्स – शहर में कचरा उठान को लेकर नगर निगम प्रशासन और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच चल रहा गतिरोध 27वें दिन हिंसक टकराव में बदल गया। मंगलवार को जब नगर निगम की टीम पुलिस एस्कॉर्ट के साथ डोर-टू-डोर कचरा उठाने निकली, तो पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की कोठी के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी महिलाओं व पुरुषों ने कचरा उठाने वाले वाहनों को रोकने का प्रयास किया और गाड़ी के ड्राइवर को खींचकर पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सिविल लाइन थाना एसएचओ कर्मजीत सिंह की वर्दी खींचकर फाड़ने की कोशिश की गई। इस धक्का-मुक्की और टकराव में 7 पुलिसकर्मियों और 8 सफाई कर्मचारियों को चोटें आई हैं। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला सफाई कर्मी को धक्का देने का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने मौके से 80 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने सिविल लाइन थाने में 11 और अर्बन एस्टेट थाने में 20 नामजद व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हैं। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कर्मचारी यूनियनों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने रोडवेज बसों में बैठाकर उन्हें उकलाना थाने भेजा और शाम को छोड़ा। इसके बाद नगर निगम की टीमों ने पुलिस पहरे में सेक्टर 13, 16-17, 3-5, मॉडल टाउन, अर्बन एस्टेट, पड़ाव चौक, आईटीआई चौक और ऑटो मार्केट जैसे प्रमुख क्षेत्रों से कचरा उठवाया।

ढंडूर के पास 55 एकड़ में लगेगा ‘वेस्ट टू एनर्जी’ प्लांट, 4 जिलों के कचरे से बनेगी बिजली

हिसार टाइम्स – हिसार सहित चार जिलों के कचरा प्रबंधन और निस्तारण के लिए नगर निगम ढंडूर के पास 55 एकड़ जमीन पर वेस्ट टू एनर्जी (कचरे से बिजली) और सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट स्थापित करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम ने ‘ऑयल ग्रीन एनर्जी लिमिटेड’ के साथ करार किया है। नगर निगम कमिश्नर सी. जया श्रद्धा ने बताया कि 8 से 10 एकड़ में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और 3 एकड़ में सीबीजी प्लांट बनाया जाएगा। संबंधित एजेंसी जल्द ही डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगी। इस प्लांट की क्षमता रोज 500 टन कचरे का निस्तारण करके 25 मेगावाट बिजली उत्पादन की होगी। प्लांट में हिसार के अलावा हांसी, फतेहाबाद और जींद जिलों का कचरा भी लाया जाएगा। अकेले हिसार शहर से प्रतिदिन लगभग 220 टन कचरा निकलता है, इसलिए कलस्टर लेवल पर यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस संयंत्र के शुरू होने से चारों जिलों के डंपिंग यार्डों में कूड़े के पहाड़ों से राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रीन एनर्जी का निर्माण होगा

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सर्वर ठप, हिसार सर्कल के 5,713 आवेदन लटके

हिसार टाइम्स – घरों को सौर ऊर्जा से रोशन करने और बिजली बिल शून्य करने के उद्देश्य से शुरू की गई केंद्र व राज्य सरकार की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तकनीकी अड़चनों में फंस गई है। योजना के आधिकारिक पोर्टल का सर्वर कई दिनों से डाउन और बिजी रहने के कारण नए आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेज अपलोड करने का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। इसका सीधा असर सोलर रूफटॉप लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं और फील्ड में काम कर रहे वेंडर्स पर पड़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार हिसार सर्कल में अब तक कुल 13,838 उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन किया है, जिनमें से विभाग केवल 8,125 कनेक्शन (58.7%) ही रिलीज कर सका है, जबकि 5,713 आवेदन (41.2%) अभी भी पेंडिंग हैं। पेंडेंसी के मामले में हिसार डिवीजन-2 (3,090 पेंडिंग) और हांसी डिवीजन (1,077 पेंडिंग) सबसे आगे हैं। बिजली निगम के एक्सएन अविनाश यादव ने आश्वासन दिया है कि सर्वर डाउन की समस्या को जांच कर जल्द दुरुस्त कराया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके

बकाया क्लेम न मिलने पर आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज बंद

हिसार टाइम्स – आयुष्मान भारत योजना की बकाया क्लेम राशि का समय पर भुगतान न होने से नाराज हिसार के लगभग 80 इम्पैनल निजी अस्पतालों के संचालकों ने मंगलवार को सांकेतिक हड़ताल रखी और मरीजों का कैशलेस इलाज बंद रखा। हड़ताल के कारण प्रतिदिन आने वाले करीब 250 आयुष्मान लाभार्थी परेशान हुए। अस्पतालों ने किडनी डायलिसिस, कैंसर और दिल की सर्जरी जैसे डे-केयर व गंभीर मरीजों को भी कैशलेस दाखिल करने से मना कर दिया और उन्हें बुधवार को आने के लिए कहा। कई मरीजों को मजबूरी में पैसे देकर अपना इलाज और डायलिसिस करवाना पड़ा तो कुछ मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट गए। आईएमए (IMA) हिसार के जिला प्रधान डॉ. गुरनीश सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अजय महाजन ने बताया कि निजी अस्पतालों का लगभग 250 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले 6 महीनों से अटका हुआ है, जिससे अस्पतालों में डॉक्टरों व कर्मचारियों के वेतन और दवाइयों का संकट गहरा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बुधवार को आयुष्मान योजना के सीईओ संग मीटिंग में ठोस समाधान नहीं निकला, तो 15 सितंबर के बाद बेमियादी हड़ताल का कदम उठाया जाएगा

सिवानी में बिना प्रशासनिक अनुमति के चल रहा ट्रेड फेयर उपमंडल प्रशासन ने कराया बंद

हिसार टाइम्स – सिवानी उपमंडल में बिना प्रशासनिक अनुमति के चलाए जा रहे एक ट्रेड फेयर पर संज्ञान लेते हुए उपमंडल प्रशासन ने नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम विजया मलिक के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से चल रहे ट्रेड फेयर को तुरंत बंद करवा दिया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के मेले, ट्रेड फेयर या सार्वजनिक आयोजन के लिए उपायुक्त व उपमंडल प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। चूंकि आयोजकों द्वारा सुरक्षा मानकों और नियमानुसार अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी, इसलिए जनसुरक्षा व एहतियात को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने हिदायत दी कि भविष्य में भी बिना अनुमति के सार्वजनिक आयोजन करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कानूनी कदम उठाएगा

दिल्ली रोड पर अवैध ब्लैक फिल्म लगे ट्रक पर पुलिस की कार्रवाई, 10,000 रुपये का चालान काटा

हिसार टाइम्स – हिसार पुलिस ने सड़क यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और सुरक्षा जोखिम बढ़ाने वाले वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत दिल्ली रोड पर पीसीआर नंबर-17 के प्रभारी मुख्य सिपाही सुखबीर की टीम ने नियमों का उल्लंघन करके शीशों पर अवैध रूप से काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगाकर दौड़ रहे एक भारी ट्रक को रोककर उसका 10,000 रुपये का चालान काटा। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाने से वाहन के अंदर की गतिविधियां बाहर से स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे सुरक्षा संबंधी गंभीर जोखिम पैदा होता है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना नंबर प्लेट, तेज गति, खतरनाक ड्राइविंग और ब्लैक फिल्म लगाने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस का यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा

सरकारी व निजी स्कूलों में महिला सुरक्षा के लिए ‘आंतरिक शिकायत समिति’ का गठन अनिवार्य

हिसार टाइम्स – जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) हिसार ने जिले के सभी सरकारी, प्राइवेट, सहायता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में छात्राओं और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 7 सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए आदेशों के तहत सभी स्कूलों में पीएसएच (POSH) अधिनियम 2013 के अंतर्गत ‘आंतरिक शिकायत समिति’ बनाना अनिवार्य कर दिया गया है। नवगठित समिति के सदस्यों का विवरण निर्धारित गूगल फॉर्म लिंक और केंद्र सरकार के ‘शी-बॉक्स’ (SHe-Box) पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसके अलावा समिति के सदस्यों के नाम और फोन नंबर स्कूल की वेबसाइट व नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने होंगे। 31 अक्टूबर 2026 से पहले पहला जागरूकता सत्र आयोजित करना होगा और हर साल 31 जनवरी से पहले समिति की वार्षिक गतिविधियों का ब्योरा डीईओ कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा

सितंबर में भी बनी रहेगी भीषण गर्मी, तय समय से पहले विदा हो सकता है मानसून

हिसार टाइम्स – हिसार और आसपास के क्षेत्रों में अगस्त के बाद अब सितंबर के महीने में भी मौसम का भारी उलटफेर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग और एक्सपर्ट डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार सितंबर माह में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है, जबकि तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। राजस्थान पर बने प्रति-चक्रवातीय (एंटी-साइक्लोनिक) सर्कुलेशन के कारण चल रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने मानसूनी हवाओं को रोककर पूर्व की ओर धकेल दिया है, जिससे मानसून केवल उत्तरी हरियाणा के कुछ हिस्सों तक सिमट कर रह गया है। भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अल-नीनो की स्थितियों के मजबूत होने के चलते इस बार मानसून अपनी निर्धारित समय सीमा (17 से 20 सितंबर) से पहले ही हरियाणा से विदा हो सकता है। मंगलवार को हिसार का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि 3 से 6 सितंबर के बीच उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आंशिक बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं

कृषि भूमि में माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण के असर पर रिसर्च करेगा HAU, 19.11 लाख का बजट मंजूर

हिसार टाइम्स – हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के रसायन विज्ञान विभाग को हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा ‘हरियाणा राज्य अनुसंधान निधि’ के तहत 19.11 लाख रुपये का दो वर्षीय रिसर्च प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है। इस प्रोजेक्ट का विषय “हरियाणा के कृषि इकोसिस्टम में माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण का वितरण, जोखिम आकलन एवं निस्तारण रणनीतियों का विकास” है। एचएयू के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज और अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग के अनुसार, खेती में प्लास्टिक मल्चिंग, सिंचाई जल और अनट्रीटेड सीवरेज के पानी के अत्यधिक प्रयोग से माइक्रोप्लास्टिक के सूक्ष्म कण खेतों तक पहुंचकर मिट्टी की भौतिक, रासायनिक व जैविक गुणवत्ता को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस शोध का नेतृत्व सहायक वैज्ञानिक डॉ. अनिल दुहन करेंगे, जबकि डॉ. जयंत सिंधु और डॉ. रवि कुमार सह-अन्वेषक रहेंगे। टीम प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मिट्टी, सिंचाई योग्य जल, सीवरेज जल और फसलों के सैंपल लेकर माइक्रोप्लास्टिक की मात्रा जांचेगी और इसके स्थायी निस्तारण के उपाय तलाश करेगी

हिसार के पहलवान मानसी लाठर और चंद्रमोहन का अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में चयन

हिसार टाइम्स – अमेरिका में 12 से 18 सितंबर तक आयोजित होने वाली ‘अंडर-23 सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप’ के लिए भारतीय कुश्ती टीम में हिसार के दो होनहार पहलवानों—मानसी लाठर और चंद्रमोहन का चयन हुआ है। मिर्चपुर में कोच अजय ढांडा से प्रशिक्षण ले रही नजवाना कलां निवासी मानसी लाठर ने दिल्ली के आईजी स्टेडियम में आयोजित ट्रायल के 68 किलोग्राम महिला वर्ग के फाइनल में दिल्ली की पहलवान सरस्वती को 7-3 से हराकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की। मानसी इससे पहले 2024 में वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड, 2025 में एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और दो बार नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। वहीं 79 किलोग्राम फ्रीस्टाइल पुरुष वर्ग में शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल कुश्ती अकादमी के पहलवान चंद्रमोहन ने लखनऊ में हुए ट्रायल के फाइनल में यूपी के सौरभ यादव को 12-4 के एकतरफा अंतर से हराकर भारतीय टीम में स्थान प्राप्त किया। चंद्रमोहन इससे पूर्व अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप और सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं

शहर में आज (धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम)

हिसार टाइम्स – 2 सितंबर 2026 को हिसार शहर में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 7:00 बजे से सिरसा रोड स्थित ओशो ध्यान उपवन केंद्र में ध्यान शिविर का आयोजन होगा। सुबह 10:00 बजे से आर्य समाज नागोरी गेट, लाजपतराय चौक हिसार में वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक विश्वकर्मा धर्मशाला में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु कथा का आनंद ले सकते हैं

सेक्टर 1-4 में खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण पसरा अंधेरा, राहगीर परेशान

हिसार टाइम्स – हिसार के सेक्टर 1-4 में स्ट्रीट लाइटों की बदहाल व्यवस्था के कारण शाम ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। स्थानीय निवासी प्रदीप के अनुसार सबसे ज्यादा दयनीय स्थिति अस्पताल के मुख्य चौक की है, जहां पर्याप्त रोशनी न होने से मरीजों, उनके परिजनों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को आने-जाने में भारी असुरक्षा और असुविधा का सामना करना पड़ता है। कमजोर रोशनी के कारण मुख्य चौक पर हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि व्यस्त चौराहों पर तुरंत नई लाइटें लगवाई जाएं और खराब लाइटों की मरम्मत कराकर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

◾‘कॉकरोच पार्टी’ ने वापस लिया 5 सितंबर का दिल्ली मार्च, SC में केंद्र के आश्वासन के बाद फैसला

◾7.8% की ग्रोथ, सामूहिक ताकत का नतीजा: PM मोदी ने भारत की GDP ग्रोथ की तारीफ़ की, विपक्ष पर ‘निराशा फैलाने’ का लगाया आरोप

◾800 हिंदू रानियां कायर थीं … Swara Bhasker के बयान से मचा बवाल, फिल्म ”पद्मावत” पर भी उठाए सवाल

◾S-400 ने दिखाया दम तो रूस ने खोला पिटारा! पुतिन का ऑफर- फाइटर जेट भी खरीद लीजिए

◾पाकिस्तान ने SCO समिट की तस्वीर से मोदी को हटाया: उनके साथ खड़े ईरानी राष्ट्रपति को भी नहीं दिखाया, X पर एडिटेड फोटो शेयर की

◾अगस्त में 14.8% बढ़ा GST कलेक्शन, 2 लाख करोड़ रुपए के करीब पहुंचा आंकड़ा

◾कलकत्ता हाईकोर्ट का आदेश-महुआ के साथ 2 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे: 30 दिन की सुरक्षा दी, कहा- एक सांसद के लिए सिक्योरिटी कवर जरूरी

◾खड़गे ने चुनाव आयोग को BJP बचाओ कमीशन कहा: बोले- जहां बीजेपी को फायदा होता है, वहां मतदाता जोड़ दिए जाते हैं

◾OBC क्रीमी लेयर, सुप्रीम कोर्ट 17 सितंबर को सुनवाई करेगा: केंद्र बोला- सिर्फ माता-पिता की सैलरी-आय से तय नहीं हो दर्जा; पद-संपत्ति भी देखें

◾विजय ने बुजुर्ग महिला को ₹40 हजार का सनग्लास पहनाया: बोलीं- हीरो आज सामने खड़ा था; CM मेट्टूर डैम के गेट खोलने पहुंचे थे

◾चारधाम यात्रा में अगस्त में 2.31 लाख यात्री पहुंचे: 4 साल में सबसे ज्यादा; बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा 1.25 लाख श्रद्धालु आए

◾पित्रोदा बोले- गरीब-दलित, अल्पसंख्यकों की बात करना दिमागी नक्सल नहीं: मुस्लिम-ईसाई, यहूदी और बौद्धों से पूछिए भारत में कैसा महसूस करते हैं

◾एससीओ में भारत का सुरक्षा, संपर्क, अवसर का विजन, आतंकवाद के पूरे तंत्र को ध्वस्त करने पर जोर

◾नेपाल त्रासदी में अब भी 583 पर्यटक लापता, 315 बचाए गए; पर्यटन बोर्ड की साइट पर जारी की गई सूचना

◾गोवा-दिल्ली फ्लाइट के इंजन में खराबी: उड़ान भरने के कुछ देर बाद 14 हजार फीट पर पता चला, गोवा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

◾यूपी पटाखा विस्फोट-फैक्ट्री मालिक के घर पर चला बुलडोजर: मलबे से जिंदा निकली बच्ची दहशत से बोल नहीं पा रही; अब तक 13 की मौत

◾अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, CEO समेत अन्य पदों पर हो सकता है फैसला

◾महिलाओं के लिए बहुत असुरक्षित बन गया है दिल्ली-एनसीआर : राहुल

◾विकसित भारत बनाने के लिए विदेश यात्रा से बचे, अगर जरूरत न हो तो सोना न खरीदें: मोदी

◾ईरान-अमेरिका में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिकी सेना ने ईरानी ठिकानों पर किया हमला

◾शक्ति शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं पहली गैर-चिकित्सकीय महिला एयर वाइस मार्शल

◾इंग्लैंड में करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल, कोच और सात खिलाड़ी हटाए गए





===================================

====================================