नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

DTP की बड़ी कार्रवाई: 4 अवैध कॉलोनियों में उखाड़ा रोड नेटवर्क, 7 निर्माण और 8 ढाबे तोड़े

हिसार टाइम्स- जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने कैमरी रोड से तोशाम रोड को जोड़ने वाले लिंक रोड पर पुलिस बल की मौजूदगी में बड़ा तोड़फोड़ अभियान चलाया। DTP दिनेश सिंह और ड्यूटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह की उपस्थिति में 22 एकड़ क्षेत्र में फैली 4 अनधिकृत कॉलोनियों (दीप्ति एन्क्लेव, विजय नगर फेज-3, राम विहार फेज-2 और एचबी एन्क्लेव) में बिछाए गए इंटरलॉकिंग टाइल्स व कच्चे रास्तों के नेटवर्क को जेसीबी से उखाड़ दिया गया। इस दौरान 7 अवैध संरचनाओं और पक्की चारदीवारी को ध्वस्त किया गया तथा तोशाम रोड पर आधार अस्पताल के सामने अवैध रूप से चल रहे 8 ढाबों और रेस्टोरेंट को भी पूरी तरह हटा दिया गया।

नागरिक अस्पताल में स्टाफ की सतर्कता से बड़ा हादसा टला: बच्चा वार्ड में छत का प्लस्तर टूटा, फाल सीलिंग हटाई

हिसार टाइम्स- करीब साढ़े 6 दशक पुराने हिसार के नागरिक अस्पताल में छतों से प्लस्तर गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हाल ही में अस्पताल के बच्चा वार्ड (नंबर 4) में छत से प्लस्तर टूटकर गिर गया। मलबे के दबाव से फाल सीलिंग को टेढ़ा देखकर वार्ड के स्टाफ ने सतर्कता दिखाई और तुरंत बच्चों को पी-एचडीयू तथा मेल वार्ड में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद पीएमओ डॉ. रीना जैन और उप चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर फाल सीलिंग हटवाई। जब स्टाफ ने छत की जांच की तो 6-7 जगहों से प्लस्तर टूटकर नीचे गिरा और छत के ज्वॉइंट में लंबी दरार के साथ जंग खाए सरिये दिखाई देने लगे। इससे पहले भी अस्पताल के ओपीडी स्थित आई विभाग, आपातकालीन विभाग, मैटरनिटी रूम, मिलिंग रूम और लैब कलेक्शन रूम में प्लस्तर व पंखा गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मरीज चोटिल भी हुए थे। अस्पताल प्रबंधन ने सौंदर्यीकरण के लिए फाल सीलिंग लगवाई थी, लेकिन अब वही जर्जर छत का प्लस्तर छिपाने के कारण खतरा बन गई है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने पीडब्ल्यूडी के जरिए थापर यूनिवर्सिटी से छतों का सेफ्टी ऑडिट करवाया था और फीस भी दी थी, जिसमें बिल्डिंग को मजबूत बताया गया था, लेकिन लगातार गिरता प्लस्तर अब उस ऑडिट रिपोर्ट पर सवाल खड़े कर रहा है। अब पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स दोबारा वार्ड का निरीक्षण कर मरम्मत का एस्टीमेट तैयार करेंगे

हड़ताल के 36वें दिन अर्बन एस्टेट-2 में बवाल: कचरा उठाने पर भिड़ीं महिला सफाई कर्मचारी, लात-घूंसे चले

हिसार टाइम्स- हिसार शहर के अर्बन एस्टेट-2 में नगर निगम की कचरा उठान मुहिम के दौरान हड़ताली महिला सफाईकर्मियों और निजी एजेंसी की महिला कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई, लात-घूंसे चले और एक महिला कर्मचारी का दुपट्टा तक छीन लिया गया। करीब 15 मिनट बाद पहुंची महिला पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और अर्बन एस्टेट-2 से 10 महिलाओं व 3 पुरुषों को हिरासत में लिया। इसके अलावा महावीर कॉलोनी व रेड स्क्वेयर मार्केट में विरोध प्रदर्शन करने वाले कुल 40 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। कड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम कमिश्नर सी. जयाश्रद्धा ने सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सतपाल सहित दो कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है और एक अन्य को नोटिस जारी किया है। निगम का दावा है कि 60 कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं और शहर के 20 वार्डों में डोर-टू-डोर टिपर गाड़ियों तथा जेसीबी की मदद से मुख्य डंपिंग पॉइंट से कचरा उठाया गया है

गोरछी में युवक ने फांसी लगाई: पत्नी, साले व अन्य पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज

हिसार टाइम्स- हिसार के गोरछी गांव में 37 वर्षीय रामशरण नामक युवक ने अपने घर के बरामदे में कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की मां कमला के बयान पर उसकी पत्नी गीता, साले वकील और घुड़साल निवासी भगवानदास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। कमला ने बताया कि रामशरण वैवाहिक विवाद से परेशान था और 9 सितंबर को इन तीनों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिससे आहत होकर उसने अगले दिन यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया है

हैप्पी चोपड़ा सुसाइड केस में आरोपी फाइनेंसर सुरेश उर्फ कालिया गिरफ्तार

हिसार टाइम्स- इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालक हैप्पी चोपड़ा की खुदकुशी के मामले में सीआईए-2 पुलिस ने नामजद आरोपी फाइनेंसर सुरेश उर्फ कालिया को एयरपोर्ट चौक से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई चरणजीत के अनुसार, परिवार ने फाइनेंसर से 30 लाख रुपये 2 रुपये प्रति सैकड़ा ब्याज पर लिए थे। आरोप है कि सुरेश और उसके भतीजे सोनू व गोलू पिछले चार महीनों से दुकान पर आकर रुपये वसूलने का दबाव बना रहे थे और प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे परेशान होकर हैप्पी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मार ली थी। चौकी प्रभारी राकेश के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि लेन-देन की गहन जांच की जा सके

उकलाना में 18 स्कूल बसों की जांच, 9 के चालान काटे

हिसार टाइम्स- स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर यातायात पुलिस ने उकलाना क्षेत्र में स्कूल बसों की सघन जांच का अभियान चलाया। यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान के नेतृत्व में 18 स्कूल बसों को रोककर सुरक्षा मानकों को परखा गया। जांच के दौरान 9 बसों में सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों, जैसे कैमरे और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की अवहेलना पाई गई। नियमों का पालन न करने वाली इन सभी 9 बसों के खिलाफ यातायात पुलिस ने चालान की कार्रवाई की

नवजात की मौत पर निजी क्लीनिक पर लापरवाही का आरोप, बोर्ड करेगा जांच

हिसार टाइम्स- हिसार की शिवा कॉलोनी के एक परिवार ने निजी क्लीनिक के डॉक्टरों पर प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार गर्भवती रूबी को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही देर बाद बच्चे की सांस फूलने लगी। गंभीर हालत में बच्चे को दूसरे और फिर तीसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 12 क्वार्टर चौकी प्रभारी शीशपाल ने बताया कि तीनों अस्पतालों से इलाज के दस्तावेज मंगवाए गए हैं। इस मामले में डिप्टी सिविल सर्जन के अनुसार स्वास्थ्य विभाग का मेडिकल नेग्लिजेंस बोर्ड पूरी जांच कर निष्कर्ष रिपोर्ट सौंपेगा

जमीन खरीदी, नाम करवाने में अड़चन… हांसी-हिसार में 13 हजार से ज्यादा इंतकाल अटके, 10 हजार फाइलें पटवारी स्तर पर फंसीं

हिसार टाइम्स- हिसार जिले में अपनी जमा पूंजी से जमीन या मकान खरीदने के बाद कागजों में अपना नाम दर्ज (इंतकाल) कराने के लिए हजारों लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की 8 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार अकेले हिसार और हांसी क्षेत्र में कुल 13,742 इंतकाल के मामले लंबित हैं। हिसार में कुल 7,953 पेंडिंग मामलों में से 6,199 फाइलें (77.9%) और हांसी में 5,789 में से 4,351 फाइलें (75.1%) केवल पटवारी के पास शुरुआती एंट्री के लिए ही अटकी हुई हैं। इसके अलावा हिसार और हांसी को मिलाकर 2,634 मामले ऐसे हैं जहां पटवारी ने ऑनलाइन सिस्टम में प्राथमिक एंट्री तो कर दी, लेकिन फाइल आगे कानूनगो या संबंधित अधिकारी तक नहीं बढ़ाई गई। इंतकाल न होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब तक राजस्व रिकॉर्ड में खरीदार का नाम दर्ज नहीं होता, बैंक उस जमीन पर लोन मंजूर नहीं करते, जिससे खरीद-बेच और फसलों पर मिलने वाले ऋण व सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अड़चनें आ रही हैं। उदाहरण के तौर पर किसान कृष्ण कुमार ने जगवीर सिंह को 2 कनाल 17 मरले जमीन बेची, लेकिन सिस्टम में जमीन की माप-चौक सही न आने के कारण इंतकाल अटका हुआ है और जगवीर के हिस्से में पुरानी ही जमीन दिखाई दे रही है। निपटारे की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हिसार जिले में एक दिन में केवल 31 और पूरे हफ्ते में महज 189 मामलों का निपटारा हो सका है। आदमपुर तहसील के तहसीलदार रामनिवास भाडू का कहना है कि पेंडेंसी का मुख्य कारण पोर्टल की धीमी गति है, हालांकि सुधार जारी है और छुट्टियों में काम करके स्थिति सामान्य की जाएगी। वहीं रेवेन्यू पटवार कानूनगो एसोसिएशन हिसार के प्रधान सुभाष सिंह यादव के अनुसार पोर्टल की तकनीकी गलतियों के साथ-साथ तहसीलों में कंप्यूटरों की कमी भी इस देरी की बड़ी वजह है

बिजली बिलों ने बढ़ाई टेंशन: 44 हजार प्रोविजनल बिल के केस, 14 हजार मीटर खराब

हिसार टाइम्स- हिसार सर्कल में खराब मीटरों और स्पष्ट रीडिंग न मिलने के कारण उपभोक्ता औसतन व प्रोविजनल बिलों से बेहद परेशान हैं। अकेले हिसार सर्कल में 44,484 बिलिंग मामले लंबित हैं और 14,077 मीटर पूरी तरह डैमेज हैं। पूरे हिसार जोन में 1,21,783 पेंडिंग मामलों में से केवल 7,706 का ही निपटारा हो सका है, जबकि 1,14,077 मामले अभी भी पेंडिंग हैं। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक (MD) विक्रम सिंह ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी एसई को बिलिंग में सुधार करने, खराब मीटर बदलने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं पर एडवांस कंजम्पशन डिपॉजिट (ACD) और फ्यूल सरचार्ज का भी अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जिससे शिकायतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है

दो साल 4 माह के बाद महाबीर स्टेडियम से ईवीएम शिफ्टिंग की तैयारी: जूडो, वेटलिफ्टिंग और जिम्नास्टिक हॉल होंगे खाली

हिसार टाइम्स- लोकसभा चुनाव के दौरान महाबीर स्टेडियम हिसार के जूडो, वेटलिफ्टिंग और जिम्नास्टिक हॉल में सुरक्षित रखी गईं करीब 1,333 ईवीएम (EVM) मशीनों को अब हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पिछले दो साल चार महीने से इन हॉलों को स्ट्रॉन्ग रूम के रूप में इस्तेमाल किए जाने के कारण 500 से अधिक खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही थी, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार को तहसीलदार सहित प्रशासनिक टीम ने महाबीर स्टेडियम का दौरा किया और ईवीएम रखने व शिफ्ट करने वाले स्थानों का जायजा लिया। जिला खेल अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीम के निरीक्षण के बाद अब मशीनों को हटाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अपने-अपने हॉल में प्रशिक्षण के लिए जगह मिल सकेगी

आरटीए टीम की कार्रवाई: बुजुर्ग और छात्र पास मान्य न करने पर 10 निजी बसों के चालान, 9 इंपाउंड

हिसार टाइम्स- हिसार बस स्टैंड से चलने वाली प्राइवेट बसों में बुजुर्गों (वरिष्ठ नागरिकों) और विद्यार्थियों के बस पास मान्य न किए जाने की शिकायतों पर आरटीए विभाग ने गुरुवार सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक विशेष जांच अभियान चलाया। आरटीए इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली 10 निजी बसों के 4-4 हजार रुपये के चालान काटे गए और 9 बसों को इंपाउंड कर दिया गया। बसों के इंपाउंड होने की खबर फैलते ही प्राइवेट बस संचालकों ने हिसार से बहल, भूना, अग्रोहा, महम, हांसी, नरवाना, सिधानी और गोरखपुर रूटों पर संचालन बंद कर दिया, जिससे यात्रियों को घंटों बस स्टैंड पर परेशान होना पड़ा। इस मामले में प्राइवेट बस एसोसिएशन के स्टेट प्रधान डॉ. धन सिंह का कहना है कि सरकारी बस पास निजी बसों में मान्य नहीं होते और सरकार के निर्देशानुसार निजी बसें अपना अलग पास बना सकती हैं

हांसी में दो एक्सप्रेस ट्रेनों का प्रायोगिक ठहराव मंजूर

हिसार टाइम्स- रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हांसी स्टेशन पर दो प्रमुख एक्सप्रेस रेल सेवाओं के प्रायोगिक ठहराव को आगामी आदेशों तक स्वीकृति दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14619 अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस दोपहर 15:44 बजे हांसी पहुंचेगी और 15:46 बजे रवाना होगी, जबकि गाड़ी संख्या 14620 फिरोजपुर-अगरतला एक्सप्रेस शाम 19:00 बजे आकर 19:22 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14717 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस सुबह 04:22 बजे आकर 04:24 बजे चलेगी और गाड़ी संख्या 14718 हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस रात 01:03 बजे पहुंचकर 01:05 बजे रवाना होगी। रेलवे ने सभी यात्रियों से समय-सारिणी की पुष्टि करके ही यात्रा करने की अपील की है

HAU में रबी सीजन के लिए 21 नई तकनीकी सिफारिशें: सरसों की नई हाइब्रिड RHH 2101 और गन्ने की CoH 179 किस्म को मंजूरी

हिसार टाइम्स- चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कृषि अधिकारी कार्यशाला में रबी फसलों के लिए 21 नई तकनीकी सिफारिशों की घोषणा की गई। HAU के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने वैज्ञानिकों और अधिकारियों से इन सिफारिशों को जल्द से जल्द किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान विश्वविद्यालय की पहली सरसों हाइब्रिड किस्म ‘आरएचएच 2101’ को सिंचित क्षेत्रों में समय पर बुवाई के लिए अनुशंसित किया गया, जो 135-142 दिनों में पककर 11.5 से 12.0 क्विंटल प्रति एकड़ पैदावार देती है। इसके अलावा गन्ने की ‘सीओएच 179’ किस्म को मंजूरी दी गई, जो मध्यम-पछेती, न गिरने वाली, 450 क्विंटल प्रति एकड़ औसत पैदावार देने वाली और लाल सड़न (रेड रोट) रोग की मध्यम प्रतिरोधी है। सिफारिशों के तहत मक्का की संकर किस्मों (एचएचएम 2, एचएम 5, एचएम 10, एचएम 11) को जोड़ा गया है, जबकि राया की पुरानी किस्मों (वरुणा और आरबी 50) को सूची से हटा दिया गया है। कार्यशाला में कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. रामप्रताप सिहाग और विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक भी मौजूद रहे

मेयर के रवैये से पार्षद खफा: सफाई व्यवस्था पर बुलाई बैठक से 17 पार्षदों ने बनाई दूरी

हिसार टाइम्स- नगर निगम कमिश्नर सी. जयाश्रद्धा और मेयर प्रवीण पोपली द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक का 17 पार्षदों (भाजपा पार्षदों सहित) ने बहिष्कार कर दिया। कुल 23 में से केवल 5 पार्षद और 1 पार्षद प्रतिनिधि ही बैठक में पहुंचे। पार्षदों की नाराजगी की मुख्य वजह 36 दिनों से चल रही हड़ताल के दौरान सफाईकर्मियों द्वारा पार्षदों के विरोध किए जाने पर मेयर द्वारा कोई समर्थन न देना है। बैठक में मौजूद एएमसी प्रदीप हुड्डा और एक्सईएन जयवीर डूडी ने अधिकारियों को कचरा उठान दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं गैर-मौजूद पार्षदों (जैसे वार्ड 19 के सत्यवान पानू) ने आरोप लगाया कि मेयर ने पार्षदों का साथ नहीं दिया, जबकि मेयर प्रवीण पोपली का कहना है कि कुछ पार्षदों ने शहर से बाहर होने की पूर्व सूचना दी थी

महिला जूनियर एशिया कप हॉकी: पाकिस्तान को 19-0 से हराकर भारत सेमीफाइनल में, हिसार की पूजा मलिक की हैट्रिक

हिसार टाइम्स- चीन के मोकी शहर में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस ऐतिहासिक जीत में हिसार की दो बेटियों का विशेष योगदान रहा। उमरा गांव की पूजा मलिक ने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। पूजा के पिता के निधन के बाद उनकी मां ने हिसार की डिफेंस कॉलोनी में किराए पर रहकर अपनी बेटी को हॉकी सिखाई है। वहीं टीम में शामिल दूसरी खिलाड़ी सुप्रिया हिसार के जवाहर नगर की रहने वाली है, जिसके पिता मनबहादुर रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कोच आजाद सिंह मलिक के अनुसार अब भारतीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला शनिवार को दक्षिण कोरिया या मलेशिया से होगा

मौसम: हिसार तीसरे दिन भी प्रदेश में सबसे गर्म, कल से बारिश की संभावना

हिसार टाइम्स- हिसार शहर में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार तीसरे दिन पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 12 से 17 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मानसूनी हवाएं फिर से शिफ्ट होंगी, जिससे हिसार व आसपास के क्षेत्रों में मानसूनी बारिश के आसार हैं और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी

◾रूसी राष्ट्रपति पुतिन BRICS समिट के लिए भारत पहुंचे, मोदी से मुलाकात करेंगे; Su-57 फाइटर जेट और अपडेटेड ब्रह्मोस की डील हो सकती है

◾नरेंद्र मोदी शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर रहेंगे। इस बैठक में भारत के साथ नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने को लेकर बातचीत का हो सकती है। पीएम मोदी-राष्ट्रपति पुतिन बातचीत के दौरान यूक्रेन युद्ध और शांति की कोशिशें भी अहम मुद्दा हो सकती हैं।

◾ CJI सूर्यकांत बोले- 14 साल की बच्ची से हिंसा गंभीर मामला, आरोपी खुले घूमकर परिवार को डरा नहीं सकते; जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल हुई थी नाबालिग

◾लद्दाख मुद्दे पर सोनम वांगचुक की चेतावनी, कहा- सरकार से आश्वासन नहीं मिला तो 19 से 24 सितंबर तक आंदोलन करेंगे

◾देशभर में आज बैंकों की हड़ताल, 5-डे वर्किंग की मांग पर अड़े बैंककर्मी, शनिवार-रविवार की छुट्टी के चलते 3 दिन बंद रहेंगे

◾इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, लखनऊ से सऊदी जा रहा था विमान, टॉयलेट में बम की धमकी मिली, 133 यात्री सवार थे

◾इसरो का अलर्ट: अक्तूबर से दिसंबर तक 3 चक्रवात का खतरा; 83% ज्यादा शक्तिशाली; तेज हवाओं के साथ होगी भारी बारिश?

◾राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। इस चरण में प्रदेश के छह नगर निगमों समेत कई नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। दूसरे चरण में कुल 4,774 वार्डों के लिए मतदान होगा

◾बैग लेकर पार्टी ऑफिस पहुंचे; नगर निगम के चुनाव के बाद राजस्थान में BJP-कांग्रेस ने शुरू की प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी

◾ विजय की पार्टी TVK को चुनाव आयोग ने मान्यता दी, तमिलनाडु-पुडुचेरी में रजिस्टर्ड पार्टी, ‘सीटी’ चुनाव चिह्न पक्का हुआ; विजय ने कहा यह चमत्कार है

◾भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया, जूनियर एशिया कप में सबसे बड़ी जीत, पूजा की हैट्रिक; सेमीफाइनल में पहुंची डिफेंडिंग चैंपियन

◾महिला एशिया कप में टीम इंडिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया है। सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी।

◾ अमेरिका-ईरान तनाव का असर, कच्चे तेल की कीमत 107 डॉलर के पार; भारत पर भी पड़ेगा प्रभाव

◾9/11 हमलों को 25 साल पूरे हो गए हैं। 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए आतंकी हमलों में 2977 लोगों की जान गई थी। चार विमानों को हाईजैक किया गया, जिनमें से दो न्यूयॉर्क के ट्विन टावर से टकराए, तीसरा अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन से जा टकराया और चौथा विमान पेनसिल्वेनिया में जा गिरा। अमेरिकी जांच के मुताबिक इन हमलों को अल-कायदा के 19 आतंकियों ने अंजाम दिया था।

◾कांगो के 2 स्कूलों में आग, 26 स्टूडेंट्स की मौत, लकड़ी से बने घर ज्यादा, इसलिए तेजी से फैली; जान बचाने खिड़कियों से कूदे बच्चे

===================================

====================================