नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…
For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group
https://chat.whatsapp.com/

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
हांसी: पृथ्वीराज चौहान किले की खाई में गिरी छात्रा की हालत में सुधार, पुलिस ने दर्ज किए बयान
सेल्फी लेते वक्त बिगड़ा संतुलन, 50 फीट गहरी खाई में गिरी थी छात्रा
हिसार टाइम्स – हांसी के ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले पर घूमने आई सोरखी निवासी छात्रा अंजलि सेल्फी लेते समय अपना संतुलन खो बैठी और सीधे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। अंजलि हिसार के राजकीय महाविद्यालय की छात्रा है। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अब उसकी स्थिति में सुधार है। गुरुवार को किला बाजार पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा के बयान दर्ज किए हैं और इस मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई (इत्तेफाकन हुआ हादसा) की है।

होमगार्ड जवान और फौजी ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही किला बाजार चौकी पर तैनात होमगार्ड जवान राजेश, एक फौजी और एक अन्य स्थानीय व्यक्ति तुरंत मौके पर पहुंचे। होमगार्ड जवान राजेश ने बताया कि एक युवक ने उन्हें किले के नीचे छात्रा के गिरने की सूचना दी थी। जब वे पहुंचे तो छात्रा खाई में काफी नीचे घायल अवस्था में पड़ी थी। तीनों ने बिना देरी किए खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और अंजलि को संभालते हुए करीब 30 फीट ऊपर तक सुरक्षित निकालकर लाए।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किए बयान
रेस्क्यू के तुरंत बाद 112 एंबुलेंस की मदद से छात्रा को पहले नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। किला बाजार चौकी प्रभारी अनिल के अनुसार, पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा के बयान दर्ज कर लिए हैं। छात्रा ने अपने बयानों में भी यही पुष्टि की है कि यह हादसा किले पर सेल्फी लेते समय अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से हुआ था।

अवैध हथियारों पर हिसार पुलिस का कड़ा शिकंजा: 8 माह में आर्म्स एक्ट के 83 केस दर्ज, मुंगेर, शामली और भिंड-मुरैना से जुड़े सप्लायरों के तार
हिसार टाइम्स – हिसार जिले में बीते 8 महीनों के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 83 केस दर्ज कर 128 तस्करों व बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 32 पिस्टल, 26 कट्टे/तमंचे, 2 रिवॉल्वर, 132 कारतूस, 4 चाकू, 3 तलवारें और 7 मैगजीन बरामद की गई हैं। जांच में सामने आया है कि 15 से 50 हजार रुपये में बिहार के मुंगेर, यूपी के शामली और एमपी के भिंड-मुरैना से अवैध हथियार मंगवाए जा रहे हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि कोर्ट परिसर में गैंगस्टर बिनोद काना की हत्या, पद्मश्री चौक, मयंक नगर, आर्य नगर कार वॉशिंग सेंटर संचालक की हत्या जैसी वारदातों में इन्हीं अवैध असलहों का इस्तेमाल हुआ था। इसके अलावा, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 161 मामले दर्ज कर 314 नशा तस्करों को पकड़ा है।

नाबालिग को पांच महीने बंधक बना रेप करने के दोषी को 20 साल कैद की सजा
हिसार टाइम्स – नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर गुजरात ले जाने, पांच महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और गर्भवती करने के मामले में एडीजे सुनील जिंदल की अदालत ने दोषी को 20 साल की कैद और 1 लाख 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर 1 साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। यह मामला वर्ष 2022 में अग्रोहा और हांसी महिला थाना में दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने अक्टूबर 2022 में पीड़िता को गुजरात से बरामद कर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए थे।
व्यापारी हैप्पी चोपड़ा आत्महत्या मामले में आरोपी फाइनेंसर सुरेश उर्फ कालिया का मोबाइल फोन जब्त
हिसार टाइम्स – हिसार के व्यापारी प्रवीण उर्फ हैप्पी चोपड़ा आत्महत्या मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी फाइनेंसर सुरेश उर्फ कालिया का मोबाइल जब्त कर लिया है। 12 क्वार्टर चौकी प्रभारी राकेश के अनुसार पूछताछ में सुरेश ने माना कि वर्ष 2023 से 20-25 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था और वह पैसों के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। एसपी सिद्धांत जैन ने आमजन से अपील की है कि ऊंचे ब्याज पर लेनदेन में सतर्क रहें और उत्पीड़न की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सूर्य नगर में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
हिसार टाइम्स – पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सूर्य नगर चौकी पुलिस ने क्षेत्र में हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों गगन उर्फ आदि और गौरव उर्फ करारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिकायतकर्ता संजय ने पुलिस को बताया कि आरोपी गगन का उसके बेटे बाबू उर्फ वंश से विवाद चल रहा था। आरोपी रात के समय बाइक पर आए और पिस्टल से हवाई फायर कर फरार हो गए थे।
प्रेम नगर इलाके में दो पक्षों के बीच मारपीट, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 5 आरोपियों को दबोचा
हिसार टाइम्स – हिसार के प्रेम नगर इलाके में दो पक्षों के बीच झगड़े और मारपीट की सूचना पर थाना सिविल लाइन की एचयू चौकी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है। शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडे, बुलेट मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।

निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चुराने वाले दो शातिर चोर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काबू
हिसार टाइम्स – आजाद नगर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी होने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों दीपक कुमार और मुकेश को गिरफ्तार किया है। राजेश कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज अहम सुराग बनी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा बिजली के तार बरामद कर लिए हैं।

हिसार में दो महिलाओं की जहर निगलने से मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की
हिसार टाइम्स – मंगाली चौकी क्षेत्र के गांधी नगर में 4 महीने पहले विवाहिता बनी कुसुम की जहर खाने के बाद इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उसने भूलवश जहर निगला था। वहीं, नवदीप कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय सुनीता ने अज्ञात मानसिक कारणों के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आजाद नगर व मंगाली पुलिस ने दोनों मामलों में इत्तेफाकिया कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
एसआईआर अभियान में 1.98 लाख मामलों की सुनवाई पूरी: अनमैप वोटरों को 28 अक्टूबर तक दस्तावेज जमा कराने की राहत
हिसार टाइम्स – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हिसार जिले की सातों विधानसभाओं (हिसार, आदमपुर, नलवा, बरवाला, उकलाना, हांसी और नारनौंद) में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत 2.83 लाख में से 1.98 लाख अनमैप मतदाताओं का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। शेष 85 हजार अनमैप मतदाताओं के लिए राहत की बात यह है कि वे 28 अक्टूबर 2026 तक अपने दस्तावेज जमा करा सकते हैं। उपायुक्त महेंद्र पाल और जगदीप सिंह सलेम ने स्पष्ट किया कि 2002 के डेटा मैचिंग न होने पर मिले नोटिस का मतलब वोट कटना नहीं, बल्कि केवल एक सत्यापन प्रक्रिया है। 12, 13, 26 और 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे। सबसे अधिक 58,317 अनमैप मामले हिसार विधानसभा में मिले हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में रिकॉर्ड मिलान काफी बेहतर रहा है। 6 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत: आरटीए ने मांगे आवेदन, जिले के 12 नए ग्रामीण रूटों पर चलेंगी निजी बसें
हिसार टाइम्स – जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा बेहतर करने के लिए आरटीए (क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण) ने 12 नए रूटों पर स्टेज कैरिज निजी बसें चलाने का निर्णय लिया है। आरटीए इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि इसके लिए 30 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी। वर्तमान में 18 रूटों पर 227 बसें चल रही हैं। नए रूटों में मोड़ से उकलाना (वाया पाबड़ा), बरवाला से उचाना, बनभौरी से नगूरा, हिसार से आदमपुर, हांसी से बवानीखेड़ा, हांसी से महम, हिसार से ईशरवाल, बरवाला से भूना, हिसार से तलवंडी और नारनौंद से उचाना शामिल हैं, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और कर्मचारियों को सीधी आवाजाही में सहूलियत मिलेगी।

36 दिन बाद शहर में सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, शनिवार से शुरू होगा बैकलॉग कचरा उठान
हिसार टाइम्स – नगर निगम सफाई कर्मचारियों की 36 दिन से चली आ रही हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी और स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के साथ हुई सफल वार्ता के बाद शनिवार सुबह से सभी कर्मचारी काम पर लौटेंगे। बैठक में सरकार के साथ 16 मांगों पर सहमति बनी है। सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि राजेश बागड़ी ने बताया कि कर्मचारियों पर दर्ज केस वापस लिए जाएंगे। 36 दिनों की हड़ताल के दौरान शहर में प्रतिदिन निकलने वाले 220 टन कचरे का भारी बैकलॉग जमा हो गया है, जिसे साफ करना निगम के लिए बड़ी चुनौती होगी।

महाबीर स्टेडियम से 2 साल बाद हटने लगीं 1,333 ईवीएम, खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए वापस मिलेंगे तीनों हॉल
हिसार टाइम्स – प्रशासन ने महाबीर स्टेडियम में करीब 2 साल 4 माह से बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम को खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जूडो, वेट लिफ्टिंग और जिम्नास्टिक हॉल में रखी लोकसभा चुनाव की करीब 1,333 ईवीएम मशीनों को वैश्य विभाग के स्टोर रूम में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया है। पिछले दो सालों से हॉल बंद रहने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी हो रही थी, जिन्हें एक-दो दिन में हॉल पूरी तरह खाली होकर मिल जाएंगे।
सड़क सुरक्षा व यातायात जांच अभियान: प्रेशर हॉर्न व काली फिल्म लगे ट्रकों के 10-10 हजार रुपये के चालान कटे
हिसार टाइम्स – हिसार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के दिशा-निर्देशों पर यातायात प्रभारी चंद्रभान के नेतृत्व में एयरपोर्ट चौक (NH-09) पर प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कर रहे ट्रक का 10,000 रुपये का चालान काटा गया। इसी तरह रामगढ़ रोड पर नाके के दौरान काली फिल्म लगे ट्रक पर भी 10,000 रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा शराब पीकर ई-रिक्शा चलाने वाले चालकों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई की गई। वहीं जिंदल चौक पर स्कूटी से गिरकर एक महिला घायल हो गई, जिसे राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

विनोद नगर की मुख्य गली में गंदा पानी जमा होने से जलभराव, स्थानीय निवासी व राहगीर भारी परेशान
हिसार टाइम्स – हिसार के विनोद नगर क्षेत्र की एक मुख्य गली में सड़क पर गंदा पानी जमा होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जलभराव और कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों के कपड़े खराब हो रहे हैं और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने का खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नालियों की नियमित सफाई कराकर जल निकासी दुरुस्त करने की मांग की है।
सिवानी मंडी में नहरी पानी की मांग को लेकर किसानों ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष किया जोरदार प्रदर्शन
हिसार टाइम्स – अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले कलाली गांव के किसानों ने नहरी पानी की मांग को लेकर तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। किसान नेता दयानंद पूनिया, राजबीर सिहाग व सुभाष श्योराण ने बताया कि सिवानी तहसील क्षेत्र की ईशरवाल माइनर और मिठी माइनर की टेल पिछले करीब छह महीने से सूखी पड़ी है, जिससे फसलों की सिंचाई ठप हो गई है।

प्रोजेक्ट एयरपोर्ट: आईएमसी में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए 220 एमवीए का पहला गैस इंसुलेटेड सब-स्टेशन (GIS) बनेगा
हिसार टाइम्स – शहर में एयरपोर्ट के पास बन रहे इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) को 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (HVPN) 220 एमवीए क्षमता का जिले का पहला गैस इंसुलेटेड सब-स्टेशन (GIS) स्थापित करेगा। एविएशन नियमों के तहत एयरपोर्ट के 10 किमी दायरे में ऊंचे टावर लगाने पर पाबंदी के कारण किरोड़ी से आ रही 19.5 किमी लंबी लाइन में से 13.5 किमी टावर लाइन ओवरग्राउंड होगी और एयरपोर्ट सीमा के पास अंतिम 6 किमी हिस्सा भूमिगत (अंडरग्राउंड) रखा जाएगा। एसडीओ सलाउद्दीन व एक्सईएन सत्यप्रकाश ने बताया कि प्रोजेक्ट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट भेज दी गई है। इसके अलावा डीएचबीवीएन द्वारा 33 एमवीए के 5 नए लोकल सब-स्टेशन भी बनाए जाएंगे।

आजाद नगर में 50 बेड का अर्बन हेल्थ सेंटर बनाने के लिए 13 कनाल 2 मरला जमीन बिना शुल्क हस्तांतरित
हिसार टाइम्स – आजाद नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने ग्राम पंचायत की 13 कनाल 2 मरला जमीन स्वास्थ्य विभाग को बिना किसी शुल्क के हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। एफसीआर डॉ. सुमित मिश्रा ने इस संबंध में प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं। पार्षद सत्यवान पानू, विधायक रणधीर पनिहार और सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि 2 साल चले धरने के बाद यह जमीन मिली है, जिससे आजाद नगर की 95 कॉलोनियों और 15-17 गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

यूपीएससी एनडीए एवं नौसेना अकादमी परीक्षा कल: हिसार के 5 सेंटरों पर 1,439 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, धारा 163 लागू
हिसार टाइम्स – 13 सितंबर (रविवार) को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की एनडीए एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (NDA-NA II)-2026 के लिए हिसार में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,439 अभ्यर्थी दो पारियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में हथियार ले जाने, 5 से अधिक लोगों के एकत्र होने तथा सुबह 9 से शाम 6 बजे तक फोटोस्टेट दुकानें खोलने पर धारा 163 के तहत पाबंदी लगाई गई है। एसपी ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसरो सेंटर हैदराबाद के शैक्षणिक भ्रमण के लिए हिसार जिले की दो मेधावी छात्राओं नेहा और प्रिया का चयन
हिसार टाइम्स – राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खान बहादुर (हिसार) की दो छात्राओं नेहा (11वीं) और प्रिया (12वीं) का चयन हैदराबाद स्थित इसरो (ISRO) सेंटर की विजिट के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शैक्षणिक भ्रमण पर रहेंगी। 10वीं में 98.2% अंक पाने वाली नेहा और 11वीं साइंस में 92.2% अंक पाने वाली प्रिया वहां अंतरिक्ष वैज्ञानिकों से रूबरू होंगी और रॉकेट निर्माण तथा सैटेलाइट लॉन्चिंग की बारीकियों को समझेंगी।

हरियाणा बोर्ड व NSCI की साझा मुहिम: 30 सितंबर तक स्कूलों का सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य, लैब व बस सुरक्षा पर मिलेगी रैंकिंग
हिसार टाइम्स – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और नेशनल सेफ्टी काउंसिल ऑफ इंडिया (NSCI) ने “स्कूल सेफ्टी अवॉर्ड्स योजना-2026” के तहत प्रदेश के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों का 30 सितंबर 2026 तक सेफ्टी ऑडिट कराना अनिवार्य कर दिया है। इसमें केवल फायर एनओसी ही नहीं, बल्कि लैब के केमिकल्स, बसों के इमरजेंसी ब्रेक, प्राथमिक चिकित्सा, कैंपस सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखा जाएगा। 65 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले स्कूलों को अवॉर्ड कमेटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

उच्च शिक्षा बचाने को 15 सितंबर को जीजेयू में जुटेगा प्रदेशभर के यूनिवर्सिटी व कॉलेज शिक्षकों का मोर्चा
हिसार टाइम्स – हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर्स ऑर्गेनाइजेशंस की अगुवाई में 15 सितंबर को जीजेयू हिसार में राज्य स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र, एचसीटीए अध्यक्ष डॉ. कुलदीप व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन विश्वविद्यालयों को पूर्ण वित्तीय सहायता देने, अनुदान की जगह कर्ज थोपने की नीति बंद करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और रिक्त नियमित पदों पर भर्ती की मांग को लेकर है।

जीजेयू में नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए कार्यकारी परिषद (EC) की आपात बैठक आज
हिसार टाइम्स – गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) में शनिवार शाम 3:30 बजे कार्यकारी परिषद (EC) की आपात बैठक बुलाई गई है। 18 अगस्त को हुई बैठक में नए वीसी चयन के लिए सर्च कमेटी के सदस्य चुने गए थे, लेकिन तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए दोबारा शार्ट नोटिस पर बैठक बुलाई गई है। पूर्व वीसी प्रो. नरसीराम विश्नोई का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए कुलपति पद के लिए 122 दावेदारों ने आवेदन किया है।

बालसमंद के गांव में पढ़ाई प्रभावित होने और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, स्कूल गेट पर जड़ा ताला
हिसार टाइम्स – बालसमंद क्षेत्र के एक गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई न होने और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने शुक्रवार सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर 2 घंटे तक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि छुट्टी के बाद बाहरी युवकों की आवाजाही पर कार्रवाई नहीं होती और शिक्षकों के समय पर न पहुंचने से पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। बाद में सरपंच की मध्यस्थता पर गेट खुला। बीईओ राकेश ने सोमवार को स्कूल में विजिट कर जांच की बात कही है।

अनुशासनहीनता पर इनसो की बड़ी कार्रवाई: जिलाध्यक्ष दीपक घणघस समेत तीन पदाधिकारियों को पद व प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया
हिसार टाइम्स – इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (INSO) के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक ने संगठन विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में हिसार के जिलाध्यक्ष दीपक घणघस, पूर्व जिलाध्यक्ष अज्जू घणघस और सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (प्रदेश) हरिकेश ढांडा को संगठन के पदों व प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इनसो नेता हरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि संगठन की गरिमा पर असर पड़ने के कारण यह कार्रवाई की गई। हालांकि हरिकेश ढांडा ने पहले ही इस्तीफा देने का दावा किया और दीपक घणघस ने पत्र पर हैरानी जताई।

वासुदेव शर्मा सर्वसम्मति से उकलाना दी उकलाना मंडी कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी के बने चेयरमैन
हिसार टाइम्स – उकलाना दी उकलाना मंडी कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के चुनाव में वरिष्ठ भाजपा नेता वासुदेव शर्मा को सर्वसम्मति से चेयरमैन तथा देवीलाल शर्मा को वाइस चेयरमैन चुना गया है। चुनाव के बाद नवनिवार्चित पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल के प्रतिष्ठान पर फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

हिसार में भाजपा के ओबीसी प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर सुनील सैन का पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत
हिसार टाइम्स – भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर सुनील सैन के हिसार आगमन पर बैरागी समाज की ओर से पगड़ी पहनाकर और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। हरियाणा बैरागी सभा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर बीरबल स्वामी कैम्मी ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में ओबीसी वर्ग को ऐतिहासिक मान-सम्मान मिला है और समाज सरकार गठन में अहम भूमिका निभाता है।

5-डे बैंकिंग लागू न होने पर बैंक कर्मियों का फूटा गुस्सा: देशव्यापी हड़ताल से कामकाज ठप, लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक
हिसार टाइम्स – यूनाइटेड फॉरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को हिसार जिले के सरकारी बैंकों में पूर्ण हड़ताल रही। पीएलए मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने करीब 500 अधिकारियों व कर्मचारियों ने राजेश पसरीना, अनीश सिंह और आशीष पंचाल के नेतृत्व में धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि मार्च 2024 में 5-डे बैंकिंग लागू करने का समझौता हुआ था, जिसे सरकार लागू नहीं कर रही है। हड़ताल के कारण चेक क्लीयरेंस और नकद लेनदेन ठप रहने से करोड़ों का कारोबार प्रभावित हुआ। शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।

59वीं राज्य स्तरीय विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता: भिवानी की टीम ने जीता राज्य चैंपियनशिप का खिताब
हिसार टाइम्स – सिवानी मंडी स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर 59वीं राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में अंडर-14 और अंडर-17 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का खिताब भिवानी की टीम ने अपने नाम किया। अंडर-14 बास्केटबॉल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भिवानी ने सोनीपत को 33-30 से हराया, जिसमें खिलाड़ी कृष धेरू ने अहम योगदान दिया।

मंगाली आकलान की बेटी खुशबू कौशिक ने यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा में पाई ऑल इंडिया 70वीं रैंक
हिसार टाइम्स – गांव मंगाली आकलान (हिसार) की खुशबू कौशिक ने सीएसआईआर यूजीसी नेट जेआरएफ (फिजिकल साइंस) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 70वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशबू ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन और अनुशासन को दिया, वहीं आशा साई स्कूल के संचालक महेंद्र कौशिक ने इसे सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

जिंदल स्टेनलेस ने परिवर्तन कार्यक्रम के तहत लाडवा में कराई खेल स्पर्धाएं: 160 से अधिक लोगों ने लिया भाग
हिसार टाइम्स – जिंदल स्टेनलेस ने अपने सीएसआर कार्यक्रम “परिवर्तन” के तहत लाडवा में पंचायत के सहयोग से खेल स्पर्धाएं आयोजित कीं। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन खेलों में 160 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। अंडर-17 हैंडबॉल और अंडर-19 कबड्डी मुकाबलों में लाडवा की टीमों ने सिंघारन, बिठमड़ा व सिखें की टीमों को हराकर जीत दर्ज की। विजेताओं को उपकप्तान नवीन पूनिया और सरपंच रामफल पूनिया ने पुरस्कार वितरित किए।

ब्लॉक विज्ञान नाट्य स्पर्धा में द स्कॉट्स इंटरनेशनल प्रथम तथा होली चाइल्ड स्कूल रहा तृतीय स्थान पर
हिसार टाइम्स – राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गंगवा में आयोजित हिसार-1 खंड की ब्लॉक स्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता (“समाज और विज्ञान” विषय) में द स्कॉट्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम और होली चाइल्ड स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीईओ अनिता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 12 टीमों ने भाग लिया। वहीं, जिला स्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता के पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन में पाठशाला यूनिवर्सल स्कूल (सुरेवाला) की 9वीं की छात्रा वंशिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

डिस्ट्रिक्ट ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
हिसार टाइम्स – हिंदू स्कूल चौधरीवास में आयोजित ओपन तीरंदाजी टूर्नामेंट में ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-10 वर्ग (15 मीटर) में सुमित ने दूसरा स्थान पाया, जबकि अंडर-13 वर्ग (20 मीटर) में नैन्सी ने तीसरा और प्रेक्षा ने चौथा स्थान हासिल किया। स्कूल में लौटने पर निदेशक राजेश, प्रिंसिपल धीरज और आर्चरी कोच ध्रुव सैनी ने खिलाड़ियों व उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।


🔶दिल्ली हाई कोर्ट से विनेश फोगाट को बड़ा झटका, वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए सलेक्शन ट्रायल में उतरने की नही मिली इजाजत
🔶गुजरात तट पर बड़ा हादसा, दो जहाजों के बीच हुई भीषण टक्कर, 21 लोगों को बचाया गया
🔶एशिया की बेस्ट कंपनियों में भारत का दबदबा, टॉप-100 में 34 भारतीय कंपनियां शामिल
🔶व्यापार से US प्रतिबंध तक…, PM मोदी-पुतिन-पेजेश्कियान की बैठक से ट्रंप को कड़ा संदेश!
🔶BRICS में मेहमानों को गिफ्ट में गुडी बैग दिया: इसमें बिहार का सत्तू, ओडिशा की कॉफी और गुजराती दुपट्टा; मकसद भारतीय संस्कृति से परिचित कराना
🔶हाफिज सईद के नाम 2 महीने में दूसरा गैर-जमानती वारंट: NIA कोर्ट का आरोप- आतंकवादियों को हथियार और फंड दिया; पहलगाम हमले का भी वांटेड
🔶अलायंस एयर की फ्लाइट का इंजन हवा में फेल हुआ: दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी 40 यात्री सुरक्षित; प्रयागराज से आ रहा था विमान
🔶स्मोकिंग की लत छुड़ाएगी उत्तराखंड में तैयार ‘हर्बल सिगरेट’: तंबाकू-निकोटीन की जगह 15 आयुर्वेदिक औषधियां; बाबा रामदेव भी ‘हर्बल हुक्का’ पिलाते दिखे
🔶चले थे इस्लामिक नाटो बनाने, एक माह में ही दरार? सऊदी अरब ने पाक को दिखाया ठेंगा
🔶चेन्नई: स्टालिन और करुणानिधि के खिलाफ CM विजय बयानों के विरोध में आज प्रदर्शन करेगी DMK
🔶’ईरान धौंस जमाने वालों के सामने नहीं झुकेगा’, नई दिल्ली में अमेरिका-इजरायल पर बरसे पेजेश्कियान
🔶राष्ट्रपति पुतिन के साथ व्यापार बढ़ाने और 2030 आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर चर्चा हुई: पीएम मोदी
🔶कश्मीरी पंडित कर्मचारियों ने अमित शाह से गुहार लगाई: अब तक 3 धमकी भरे लेटर मिल चुके, इनमें नाम, पता, गाड़ी नंबर तक का जिक्र
🔶चीन के सरकारी मीडिया का सुर बदला: अब भारत के साथ आर्थिक सहयोग की बात हो रही, जिनपिंग के दिल्ली दौरे पर नजरें
🔶खुलासा: यूपी समेत पांच राज्यों की हल्दी में सीसे की मिलावट, 30% नमूने फेल; बच्चों की सेहत पर बड़ा खतरा?
🔶हूती विद्रोहियों ने रेड सी में मोखा पोर्ट पर किया क़ब्ज़ा, सऊदी के लिए बड़ा झटका
🔶‘हनुमान अंश’ की 5वें हफ्ते सुनामी, ‘धुरंधर’ को बड़े अंतर से पछाड़ बनी इतिहास की नं. 1 फिल्म
🔶BRICS Summit 2026: पुतिन ने पीएम मोदी को रूस आने का न्योता दिया, पीएम मोदी ने स्वीकारा निमंत्रण
🔶Bank Closed: आज देशभर में बंद रहेंगे सरकारी बैंक… हड़ताल और छुट्टियों से लगातार 4 दिन सेवाओं पर पड़ेगा असर
🔷श्रीलंका ने पाकिस्तान को किया बाहर: सेमीफाइनल में चार विकेट से हराया; भारत से 13 सितंबर को खिताबी मुकाबला
===================================

====================================





































Comments are closed.