अब जोड़ों के प्रत्यारोपण के लिए बड़े शहरों के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति; आयुष्मान भारत व ECHS कार्डधारक भी उठा सकेंगे लाभ
हिसार टाइम्स – ऑर्थोपेडिक चिकित्सा के क्षेत्र में हिसार के सुखदा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अत्याधुनिक रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी की सुविधा शुरू की है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने प्रेस वार्ता के दौरान इस नई तकनीक की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और मरीजों को मिलने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अस्पताल के संस्थापक निदेशक डा. अमित मेहता ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य हिसार को उत्तर भारत के एक प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करना है। ऑर्थोपेडिक विभाग में रोबोटिक तकनीक शामिल होने से हिसार और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब आधुनिक इलाज के लिए दिल्ली जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही, यह अस्पताल आयुष्मान भारत, हरियाणा सरकार, ई.सी.एच.एस. (ECHS) तथा देश की प्रमुख बीमा कंपनियों के पैनल पर उपलब्ध है, जिससे आम मरीजों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। अस्पताल की डायरेक्टर डा. मनीषा मेहता ने भी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सर्जरी की बारीकियों को समझाते हुए प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक एवं रोबोटिक जॉइंट विशेषज्ञ डा. पंकज शर्मा ने स्पष्ट किया कि रोबोट स्वयं सर्जरी नहीं करता, बल्कि पूरी प्रक्रिया सर्जन के पूर्ण नियंत्रण और निगरानी में ही होती है। इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य इंप्लांट की सही स्थिति तय करना और सर्जिकल प्लानिंग में उच्च स्तर की सटीकता प्राप्त करना है। इस दौरान रोबोटिक सर्जरी की लागत, सुरक्षा, पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अंतर और बुजुर्ग मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए गए, साथ ही हार्ट अटैक के लक्षणों और बचाव के तरीकों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर डा. अंकुर कामरा और डा. अनिल ख्यालिया सहित कई अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे।

