नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

मामला: पंचकूला नगर निगम की एफडी (FD) में कथित 150 करोड़ रुपये की हेराफेरी।

कार्रवाई: हरियाणा में बैंक की 109 शाखाओं को किया गया था सील, जिससे 14 लाख ग्राहक हुए परेशान।

समाधान: मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के हस्तक्षेप और 127.27 करोड़ रुपये जमा होने के बाद हटी सील।

150 करोड़ का घोटाला और मुख्य साजिशकर्ता

हिसार टाइम्स – पंचकूला नगर निगम की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) में कथित तौर पर 150 करोड़ रुपये की भारी हेराफेरी का एक नया मोड़ सामने आया है। इस पूरे घोटाले में कोटक महिंद्रा बैंक की सेक्टर-11 शाखा के तत्कालीन प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह को मास्टरमाइंड माना जा रहा है। वर्तमान में इस संवेदनशील और बड़े मामले की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) द्वारा की जा रही है।

बॉम्बे हाईकोर्ट में बैंक का बड़ा दावा: पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

इस मामले को लेकर कोटक महिंद्रा बैंक ने बॉम्बे हाईकोर्ट में एक बड़ा दावा पेश किया है। बैंक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जनक द्वारकादास ने कोर्ट को बताया कि 18 मार्च को नगर निगम से एफडी भुगतान संबंधी पहला पत्र मिलने के तुरंत बाद बैंक ने पंचकूला पुलिस को इसकी शिकायत दी थी। बैंक का गंभीर आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की, बल्कि उल्टा 30 मार्च को हरियाणा में बैंक की 109 शाखाओं को ही सील कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई के कारण बैंक का पूरा कामकाज ठप हो गया।

14 लाख ग्राहक प्रभावित और 24 हजार करोड़ रुपये दांव पर

बैंक के अनुसार, हरियाणा में उनके करीब 14 लाख ग्राहक हैं और बैंक में कुल जमा राशि लगभग 24 हजार करोड़ रुपये है। एक साथ 109 शाखाओं के सील होने से न केवल बैंकिंग कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ, बल्कि आम ग्राहकों और बैंक दोनों को भारी मानसिक व आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा।

सीएम के प्रधान सचिव के हस्तक्षेप से निकला रास्ता

बैंक ने हाईकोर्ट में यह भी खुलासा किया कि इस बड़े संकट का समाधान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद ही संभव हो पाया। उनके बीच-बचाव के बाद बैंक ने नगर निगम के खाते में 127.27 करोड़ रुपये जमा कराए, जिसके बाद ही पुलिस द्वारा शाखाओं की सील हटाई गई। हालांकि, बैंक ने कोर्ट में यह साफ किया है कि यह राशि केवल लंबित मिलान प्रक्रिया पूरी होने तक अस्थायी रूप से जमा कराई गई है।

बारिश से राहत, आंधी से आफत: सैकड़ों पेड़ और खंभे गिरे, कई रास्ते बंद और बत्ती गुल

हिसार टाइम्स – हिसार जिले में मंगलवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन आंधी और अंधड़ ने भारी आफत मचाई। दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छा गए और शाम करीब 5:30 बजे तेज अंधड़ के साथ बारिश और हल्की ओलावृष्टि शुरू हुई, जिसमें जिले में 3 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस तेज रफ्तार आंधी के कारण जिले भर में सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल टूट कर सड़कों पर गिर गए, जिससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और रास्ते बाधित हो गए। नेशनल हाईवे-10 पर हांसी के पास और हांसी-बरवाला रोड पर थिराना के पास सड़क के बीचों-बीच सफेदे का पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। इसके अलावा, तलवंडी राणा में भी कई जगहों पर पेड़ और खंभे गिर गए। वर्तमान में वन विभाग और बिजली निगम की टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं, वहीं मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार जताए हैं।

रावलवास खुर्द में 40 साल पुराना बरगद का पेड़ गिरा: किसान परिवार का इकलौता चिराग बुझा, दो घायल

हिसार टाइम्स – मंगलवार शाम आई तेज आंधी के कारण गांव रावलवास खुर्द में एक बेहद दुखद हादसा हो गया, जिससे एक परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। गांव का 20 वर्षीय युवक रोहित शाम को खेत में काम करने गया था, तभी अचानक आई आंधी और बारिश से बचने के लिए वह खेत की मेड़ पर खड़े 40 साल पुराने एक विशाल बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। उसके साथ गांव के दो अन्य युवक विशाल और योगेश भी खड़े थे। इसी दौरान बरगद का पेड़ अचानक धराशायी होकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण रोहित की मौत हो गई और दोनों साथी घायल हो गए। रोहित को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, रोहित अपने पिता बलजीत के साथ खेती में हाथ बंटाता था और साथ ही नेवी भर्ती की भी तैयारी कर रहा था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन है।

गांवों में भारी नुकसान, टिन शेड उड़ने से 15 दुधारू पशुओं की मौत

अंधड़ और ओलावृष्टि के कारण बरवाला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान हुआ है, जहां कई किसानों के महंगे सोलर प्लांट पैनल पूरी तरह टूट गए और शेड व बोर्ड उड़ गए। गांव हिंदवान में एक पशु डेयरी का टिन शेड उड़ने और दीवारें ढहने के कारण मलबे में दबकर 15 दुधारू पशुओं की मौत हो गई, जबकि शाहपुर का एक चरवाहा भी घायल हो गया। इसके अलावा, कुम्भा गांव में एक पोल्ट्री फार्म का शेड उड़ गया, हालांकि चूजों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सुलखनी में महाबीर नामक व्यक्ति के मकान पर पेड़ गिर गया, लेकिन वहां बंधे पशु सुरक्षित बच गए। एक अन्य गांव में मकान पर लगी लोहे की भारी जाली गिरने से 5-6 लोग बाल-बाल बचे और ईंट भट्टा कार्यालय के गेट का शीशा टूट गया। निवाना व अन्य क्षेत्रों में मेन लाइन के करीब 15 खंभे गिरने से पूरी तरह बत्ती गुल हो गई। वहीं खरड़ अलीपुर, कुम्भा, बुगाना, ढी़ढताणा, बाडो पट्टी, धांसू, सुलखनी, बरवाला और सिवानी में ओले गिरने की खबर है

बिजली निगम की 46 लाइनों पर ब्रेकडाउन: शहर और ग्रामीण इलाकों में घंटों ठप रही सप्लाई

आंधी और भारी बरसात के चलते हिसार सर्कल में बिजली की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बिजली निगम को सुरक्षा के मद्देनजर 33 केवी की 24 लाइनों और 11 केवी की 22 लाइनों पर तत्काल ब्रेकडाउन लेना पड़ा। कई जगहों पर पोल गिरने और ट्रांसफार्मर्स में फॉल्ट आने की शिकायतें मिलीं, जिसके बाद निगम की टीमें सप्लाई दुरुस्त करने के काम में जुट गईं। बरसात के कारण हिसार शहर के सेक्टर 14, आजाद नगर, सेक्टर 9-11 और सेक्टर 13 के 33 केवी बिजलीघरों की सप्लाई रोकनी पड़ी। इसके अतिरिक्त, एचएयू अर्बन, सेक्टर 27-28, तोशाम रोड और मॉडल टाउन की 11 केवी लाइनों पर भी ब्रेकडाउन लिया गया

शव को चूहों द्वारा कुतरने का मामला: डीसी ने बैठाई मजिस्ट्रीयल जांच, 48 घंटे में मांगी रिपोर्हिहिसार

हिसार टाइम्स – के सिविल अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत और फिर मोर्चरी के डी-फ्रीजर में चूहों द्वारा उसके शव को कुतरने के बेहद संवेदनशील मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। डीसी महेंद्र पाल ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) शालिनी चेतल को जांच के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त करते हुए 48 घंटों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने चेतावनी दी है कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

जांच के लिए एडीसी शालिनी चेतल मंगलवार को सिविल अस्पताल पहुंचीं और पीएमओ सहित 5 डॉक्टरों के बयान दर्ज किए। इंजीनियर्स की जांच में सामने आया कि जिस डी-फ्रीजर में शव रखा था, उसमें गैस कम थी, कूलिंग नहीं हो रही थी, डोर गैस्केट कटी थी और नीचे की स्टील प्लेट टूटी हुई थी, जहां से चूहे अंदर घुसे। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने कंपनी को तीन रिमाइंडर भेजे थे, लेकिन वे ठीक करने नहीं आए। इस बीच डायरेक्टर हेल्थ डॉ. सुशील माही ने भी अस्पताल का निरीक्षण कर गंदगी पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

सूरज जैन हत्याकांड: मुख्य आरोपियों को फरार होने में मदद करने वाले दो मददगार गिरफ्तार

हिसार टाइम्स – हांसी के एनएच-10 पर स्थित जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज जैन की हत्या के मामले में सीआईए-1 की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को वारदात के बाद वाहन उपलब्ध कराने, फरार होने और छिपने में मदद करने के आरोप में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिसार निवासी मोहित उर्फ कालू तथा साहिल के रूप में हुई है। सीआईए-1 के उप निरीक्षक कपिल कुमार ने बताया कि मामले में उनकी भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वहीं, हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गोचु और रवि उर्फ गोलू को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

साइबर फ्रॉड होने पर 1 घंटे में 1930 पर करें शिकायत, एटीएम सुरक्षा न होने पर बैंकों पर एक्शन: एसपी सिद्धांत जैन

हिसार टाइम्स -एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर पीड़ित को तुरंत एक घंटे के भीतर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. इससे बैंक खातों में पैसा होल्ड करवाकर वापस मिलने की संभावना बढ़ती है. उन्होंने लोगों को अनजान कॉल्स और भारी मुनाफे के लालच से बचने की सलाह दी. इसके साथ ही, रेड स्क्वेयर मार्केट और भवानी रोहिल्ला में एटीएम से हुई चोरी की वारदातों पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसपी ने कहा कि अधिकांश एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं हैं. बैंकों को सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं, लापरवाही बरतने और वारदात होने पर बैंक प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सोनिया आनंद मर्डर केस: पंजाब में दिखा 50 हजार का इनामी पति सौरभ, लुकआउट सर्कुलर होगा जारी

हिसार टाइम्स – सेक्टर-13 शिक्षिका सोनिया आनंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी पति सौरभ आनंद वारदात के एक महीने बाद भी फरार है, जिसे हाल ही में पंजाब में देखा गया है. घरेलू कलह के कारण पत्नी की हत्या करने वाले इस आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम है. आरोपी पेशेवर निवेशक है और अक्सर विदेश आता-जाता रहता है, इसलिए पुलिस उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करवा रही है ताकि वह देश से भाग न सके. उसकी गिरफ्तारी के लिए 6 पुलिस टीमें जुटी हैं.

जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई पर लगे गंभीर आरोपों की जांच करने पहुंची विजिलेंस टीम

हिसार टाइम्स – गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (GJU) के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई के खिलाफ शिक्षक संघ के प्रधान विनोद गोयल समेत 5 लोगों द्वारा राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायतों की जांच के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की विजिलेंस टीम यूनिवर्सिटी पहुंची और बयान दर्ज किए. कुलपति पर स्थापित वरिष्ठता सूचियों को दरकिनार कर नियम विरुद्ध डीन और चेयरपर्सन की नियुक्तियां करने, विज्ञापित पद भरने के बाद भी वेटिंग लिस्ट से अतिरिक्त अवैध नियुक्तियां देने, और बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कोर्स शुरू करने के आरोप हैं. इसके अलावा पर्यावरण विभाग में रहते हुए किए गए 72 परामर्श (कंसल्टेंसी) कार्यों में से 14 ऐसे उद्योगों से भुगतान का दावा किया गया जो सूची में शामिल ही नहीं हैं, जिसकी जांच जारी है.

सीआईआरबी सेक्टर 33 में खुले में कचरा जलाने से फैला जहरीला धुआं, निवासियों में रोष

हिसार टाइम्स – केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान (CIRB) के सेक्टर 33 परिसर के उत्तर-पश्चिम हिस्से में नियमों का उल्लंघन कर खुले में कचरा जलाया जा रहा है. इससे निकलने वाले जहरीले और दमघोंटू धुएं के कारण आसपास की बस्तियों के लोगों को सांस लेने में भारी दिक्कत हो रही है. नियमों के तहत खुले में आग लगाना दंडनीय है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर चुप हैं. स्थानीय लोगों ने इस पर तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है.

महिला आयोग चेयरपर्सन के बयान पर बवाल; नर्सिंग ऑफिसर्स ने दी बेमियादी हड़ताल की चेतावनी

हिसार: कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में नाबालिग से कुकर्म के मामले में हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया द्वारा नर्सिंग स्टाफ पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से स्वास्थ्य कर्मचारियों में भारी रोष है. हिसार सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर नर्सिंग ऑफिसर्स ने 2 घंटे की ‘पेन डाउन’ हड़ताल कर प्रदर्शन किया. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि चेयरपर्सन ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो 11 जून से बेमियादी हड़ताल की जाएगी. विवाद को देखते हुए डीजी हेल्थ ने सिविल सर्जन को वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं.

एसबीकेएफ 14वें नेशनल गेम्स: 87 साल के अमर सिंह ने जीते दो गोल्ड, सतबीर और हरपाल की गोल्ड हैट्रिक

हिसार: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित 14वें नेशनल गेम्स में हरियाणा के बुजुर्ग एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया. 87 वर्षीय अमर सिंह ने अपनी चीते जैसी फुर्ती से 100 मीटर रेस और लॉन्ग जंप में दो गोल्ड मेडल जीते. 73 वर्षीय सतबीर सिंह पूनिया ने 3 किमी, 5 किमी और 10 किमी रेस वॉक (पैदल चाल) में क्लीन स्वीप करते हुए 3 गोल्ड मेडल हासिल किए, जबकि ईश्वर दत्त ने इसी वर्ग में 3 सिल्वर मेडल जीते. 61 वर्षीय हरपाल सिंह ने भी 400, 1500 और 5000 मीटर रेस में 3 गोल्ड मेडल जीतकर अपना दमखम दिखाया.

अतिक्रमण हटाओ अभियान: राजगुरु मार्केट से जनरेटर जब्त, मेला ग्राउंड में अवैध कब्जे ढहाए

हिसार: शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए नगर निगम और एचएसवीपी ने बड़ा अभियान चलाया. नगर निगम की टीम ने राजगुरु मार्केट में सड़क पर रखे एक दुकानदार के जनरेटर को जब्त कर लिया और तोशाम रोड से सिरसा चुंगी तक सड़क साफ कराई. वहीं, एचएसवीपी की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और भारी पुलिस बल के साथ मेला ग्राउंड सेक्टर (21 पी) में अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया. हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही आधे से ज्यादा अलॉटियों ने पहले ही खुद अपना अतिक्रमण हटा लिया था.

बास्केटबॉल चैंपियनशिप में अंजनी का चयन:

हिसार के चम्मारखेड़ा गांव की अंजनी का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में हुआ है, जो 13 से 22 जून 2026 तक सर्बिया में होने वाली चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.

जीजेयू में दाखिले की तारीख 16 जून तक बढ़ी:

जीजेयू ने छात्रों की भारी मांग को देखते हुए स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 जून 2026 कर दी है (बीएससी नर्सिंग को छोड़कर).

सोनिया हत्याकांड में देरी पर व्यापार मंडल नाराज:

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग गर्ग के नेतृत्व में परिजनों ने आईजी से मुलाकात की और वारदात के एक महीने बाद भी हत्यारे पति की गिरफ्तारी न होने पर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.

आईएचएफ ट्रॉफी: हैंडबॉल इंडियन टीम के कप्तान बने सूर्य नगर के विपुल, टीम में हिसार के 4 खिलाड़ी

बांग्लादेश में 10 से 14 जून तक होने वाली इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन (आईएचएफ) ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व करने की कमान हिसार के खिलाड़ियों को सौंपी गई है। अंडर-20 जूनियर भारतीय टीम की कप्तानी हिसार के सूर्य नगर के रहने वाले विपुल नेहरा को दी गई है। उनके अलावा जिले के तीन अन्य खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है, जिनमें अमरदीप कॉलोनी के प्रिंस (अंडर 20/18), गांव सरसाना के नंदा कस्वां (अंडर 20/18) और गांव लाडवा के ललित (अंडर 20/18) शामिल हैं। भारतीय टीमें मंगलवार को कोलकाता एयरपोर्ट से ढाका के लिए रवाना हो चुकी हैं। ये चारों खिलाड़ी बेहद साधारण और मध्यमवर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, जिन्होंने बिना किसी हाई-टेक सुख-सुविधा के अपनी कड़ी मेहनत और देसी ठाठ के दम पर टीम इंडिया की जर्सी हासिल की है

शहर में आज के कार्यक्रम:

सेक्टर 14 स्थित पंजाबी भवन में प्रातः 10 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। वहीं, शाम 6 बजे से खजांचियान बाजार के श्रीकृष्ण बांके बिहारी मंदिर में संकीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

स्थानीय सोने का भाव (प्रति 10 ग्राम):

24 कैरेट सोने का भाव ₹1,56,000 और 22 कैरेट सोने का भाव ₹1,44,950 दर्ज किया गया (जीएसटी अतिरिक्त)।

===================================

====================================