नोट – नीचे कॉलम में देखें > हिसार टाइम्स जॉब्स क्लासिफाइड > आज की बड़ी खबरें फटा फट…

For Free Job & News Updates Join Hisar Times News Group

👇

https://chat.whatsapp.com/

EHzVoGH50MdINoYniG4crH

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

दूध में गिरी छिपकली: चाय पीने से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की तबीयत बिगड़ी

हिसार टाइम्स – हिसार के मिलगेट क्षेत्र स्थित गीता कॉलोनी में गुरुवार सुबह चाय पीने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पीड़ित सीता देवी के अनुसार, उनका बेटा अन्नू बुधवार रात दुकान से दूध लेकर आया था, जिसे फ्रिज न होने के कारण गर्म कर ढककर रख दिया गया था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब उसी दूध से चाय बनाकर सभी ने पी, तो कुछ ही देर बाद परिजनों को जी घबराने और उल्टी होने की शिकायत होने लगी। इसके बाद जब दूध को जांचा गया तो उसमें छिपकली गिरी हुई मिली। आनन-फानन में बीमार पड़े सर्वेश (पति), सीता, ज्योति व रेणू (पुत्रवधू) और हार्दिक (पोता) को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोडवेज बस के अगले हिस्से में लगी आग, चालक की सूझबूझ से सुरक्षित बचे यात्री

हिसार टाइम्स – नियाना और शिकारपुर के बीच स्थित एक कूलर फैक्ट्री के पास गुरुवार शाम भिवानी डिपो की एक रोडवेज बस के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। यह बस भिवानी से हिसार पहुंचने के बाद शिकारपुर और नियाना होते हुए खरड़ जा रही थी। शाम करीब 6:20 बजे बस से धुआं निकलता देख चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए। इस घटना में किसी भी यात्री, चालक या परिचालक के घायल होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

11 साल बाद हिसार कोर्ट परिसर में गैंगवार, गैंगस्टर विनोद पानू की गोली मारकर हत्या

हिसार जिला अदालत परिसर में 11 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर भीषण गैंगवार को अंजाम दिया गया है। थुराना गांव का रहने वाला गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना कोर्ट में एक पुराने मामले में फैसला सुनने आया था। जब वह अदालत से बाहर निकलकर पैदल लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाकर बैठे दो शूटरों ने उसे आगे-पीछे से घेर लिया और उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। करीब 14 गोलियां लगने से विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे शूटरों का पीछा पास ही खड़े सुल्तानपुर निवासी रविंद्र ने किया और एक शूटर को बहादुरी से दबोच लिया। इस दौरान आरोपी ने रविंद्र के पेट में गोली मार दी, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा में भारी चूक को लेकर जिला बार एसोसिएशन ने कड़ा कड़ा विरोध जताया है और शुक्रवार को कोर्ट में कामकाज पूरी तरह से ठप्प (वर्क सस्पेंड) रखने का निर्णय लिया है।

दोस्तों के दंगल में शुरू हुई झगड़े की रंजिश बनी खूनी खेल

एक समय गांव थुराना के खेल मैदान और कुश्ती के अखाड़े में साथ-साथ अभ्यास करने वाले विनोद पानू और उसके साथियों की दोस्ती धीरे-धीरे एक भयानक खूनी रंजिश में बदल गई। शुरुआती दिनों में विनोद पानू, अजीत पहलवान, राजा मास्टर और बिट्टू आपस में बेहद गहरे दोस्त माने जाते थे। गांव में होने वाली कुश्ती प्रतियोगिताओं में एक-दूसरे को पछाड़ने की होड़ ने उनके बीच व्यक्तिगत खींचतान पैदा कर दी। इसी प्रतिस्पर्धा के दौरान हुए एक झगड़े में विनोद की एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद उसने कृत्रिम आंख लगवाई। इस घटना के बाद से विनोद का नाम लगातार विवादों और जुर्म की दुनिया से जुड़ता चला गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विनोद पानू पर हत्या, जानलेवा हमले, रंगदारी और अवैध हथियार रखने के कुल 33 संगीन मामले दर्ज थे, जिनमें से 18 मामलों में साक्ष्यों के अभाव में वह बरी हो चुका था।

पुलिस बल के बावजूद 15वें दिन भी जारी रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और वेतन में वृद्धि जैसी मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल 15वें दिन भी पूरी तरह से जारी रही। नगर निगम प्रशासन ने पुलिस बल को साथ लेकर शहर से डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहनों को सड़कों पर उतारने का प्रयास किया था, लेकिन नगर पालिका कर्मचारी संघ के भारी विरोध के आगे यह योजना पूरी तरह से विफल साबित हुई। सातरोड स्थित एमआरएफ सेंटर पर पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद कर्मचारियों के उग्र प्रदर्शन के कारण एजेंसियां गाड़ियों को बाहर नहीं निकाल सकीं। लगातार 15 दिनों से सफाई ठप्प होने के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के विशाल ढेर लग गए हैं और संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा बन गया है। इस स्थिति पर ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने सख्त रुख अपनाते हुए डीसी को ज्ञापन सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अदालत में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अध्यापकों के ट्रांसफर ड्राइव के लिए प्वाइंट्स जारी, 24 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

स्कूल शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर ड्राइव के तहत जिले के सभी राजकीय शिक्षकों के प्वाइंट्स और सेवाकाल का पूरा ब्योरा एमआईएस (MIS) पोर्टल पर सार्वजनिक कर दिया है। पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग ने शिक्षकों को 24 अगस्त (सोमवार) तक ऑनलाइन ऐतराज या क्लेम दर्ज कराने का अंतिम अवसर दिया है। इस बार के ट्रांसफर नियमों में सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि कोई भी अध्यापक न केवल अपने, बल्कि किसी अन्य शिक्षक के गलत प्वाइंट्स, संदिग्ध प्रोटेक्टेड कैटेगरी या ठहराव अवधि पर भी आपत्ति दर्ज करा सकता है। शिक्षकों से प्राप्त सभी आपत्तियों का निपटारा जिला स्तरीय कमेटियों द्वारा 31 अगस्त तक किया जाएगा। यदि कोई शिक्षक फैसले से असंतुष्ट रहता है, तो उसे राज्य स्तरीय कमेटी के समक्ष अपील करने का मौका दिया जाएगा।

कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को साइबर हमलों से बचाएगा एआई, जीजेयू को मिला प्रोजेक्ट

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस विभाग के इंचार्ज डॉ. सुनील कुमार कौशिक के एक शोध प्रोजेक्ट को हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने ₹28 लाख का राज्य स्तरीय रिसर्च ग्रांट स्वीकृत किया है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के डिजिटल सिस्टम को साइबर हमलों और डेटा लीक से सुरक्षित रखना है। डॉ. कौशिक इस प्रोजेक्ट के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर होंगे। इसके तहत एक एआई-आधारित ‘साइबर रेजिलीनिएंस फ्रेमवर्क’ विकसित किया जाएगा जो रियल-टाइम में साइबर खतरों की पहचान, पूर्वानुमान और रिस्क असेसमेंट करेगा। इसके अलावा, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित करने के लिए विशेष पोर्टल तैयार किए जाएंगे।

हिसार लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म, आज से बारिश के आसार

हिसार शहर में उमस और पसीने छुड़ाने वाली भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिल पा रही है। लगातार दूसरे दिन हिसार पूरे हरियाणा प्रदेश में सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बने प्रति-चक्रवातीय सर्कुलेशन से आ रही शुष्क हवाओं ने मानसूनी हवाओं को रोक रखा था, जिससे पिछले 10-12 दिनों से अच्छी बारिश नहीं हो सकी और खरीफ की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गईं। हालांकि, मौसम विभाग ने हिसार वासियों के लिए राहत की खबर दी है कि 21 अगस्त से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 21 से 24 अगस्त के दौरान हिसार सहित राज्य के 50 प्रतिशत हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

महाबीर स्टेडियम में ₹1.35 करोड़ का सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट दोबारा बनकर तैयार

हिसार के महाबीर स्टेडियम में 1.35 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार किया गया डबल सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट बनने के महज 15 दिनों के भीतर ही उखड़ने लगा था। इस गंभीर मामले और गुणवत्ता में लापरवाही को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का असर यह हुआ कि खेल विभाग ने तुरंत हरकत में आते ही सिंथेटिक कोर्ट की जांच करवाई और निर्माण एजेंसी के माध्यम से खराब परत को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा से नई सिंथेटिक परत बिछवाई। अब मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है, जिससे बास्केटबॉल खिलाड़ी बिना किसी असुविधा के स्टेडियम में दोबारा अपनी प्रैक्टिस शुरू कर सकेंगे।

चिकन ब्रेस्ट से बनाया प्रोटीन पाउडर, एचएयू की मदद से शुरू हुआ सफल स्टार्टअप

धुराना गांव के युवा उद्यमी अंकित अहलावत ने फिटनेस इंडस्ट्री में पारंपरिक व्हे प्रोटीन के एक बेहतरीन विकल्प के रूप में पकाए हुए चिकन ब्रेस्ट से सुपाच्य ‘चिकन प्रोटीन पाउडर’ तैयार किया है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के ‘एबिक सेंटर’ के सहयोग से शुरू किए गए इस अनूठे स्टार्टअप को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से भी मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोटीन पाउडर के महज एक स्कूप से एथलीट्स और बॉडीबिल्डर्स को 27 ग्राम तक शुद्ध प्रोटीन मिलता है। अंकित द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किए गए इस बिजनेस का सालाना टर्नओवर अब करीब ₹60 लाख तक पहुंच गया है और भारत के अलावा अब यूनाइटेड किंगडम (UK) में भी इसकी नियमित सप्लाई की जा रही है।

पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने निकाला ‘सद्भावना जुलूस’

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर हिसार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशाल ‘सद्भावना जुलूस’ का आयोजन किया गया। इस जुलूस का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस दिन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया और हाथों में मशालें लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से संदेश देते हुए निकले। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राजीव गांधी के देश निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

प्रॉपर्टी डीलर के भाई की हत्या मामले में एक आरोपी दोषी करार

हिसार के प्रेम नगर में 28 दिसंबर 2020 की शाम को इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का काम करने वाले राजेश शर्मा की गोलियां मारकर हत्या किए जाने के चर्चित मामले में सेशन जज अलका मलिक की अदालत ने आरोपी धनंजय उर्फ जुग्नू को दोषी करार दे दिया है। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी अनिरुद्ध को सबूतों के अभाव और संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। अदालत द्वारा दोषी धनंजय की सजा पर फैसला 27 अगस्त को सुनाया जाएगा। पुलिस जांच के अनुसार, राजेश शर्मा अपने साथी के साथ गली में बैठा था, तभी आरोपी बेजा कार में आया और उस पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर फरार हो गया था।

नवदीप और न्यू नवदीप कॉलोनी में 1.74 करोड़ रुपये से बनेंगी सड़कें

हिसार के वार्ड नंबर 19 में स्थित नवदीप कॉलोनी और न्यू नवदीप कॉलोनी के निवासियों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम ने इन कॉलोनियों में अंतर-ब्लॉक (IPB) सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक रणधीर पनिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सड़कों के निर्माण कार्य पर कुल ₹1,74,73,806 की लागत आएगी और इसके निर्माण को पूरा करने के लिए 270 दिनों की समयावधि तय की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार कॉलोनियों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कई गुना रकम करने का लालच देकर 4 लाख ठगने वाले गिरोह के 3 आरोपी काबू

उकलाना थाना क्षेत्र के गांव प्रभुवाला के पास रुपये कई गुना करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब ₹4 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का उकलाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह का एक आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर वारदात में शामिल हुआ था ताकि पीड़ित को डराया जा सके। घटना के दौरान शक होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा किया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

एचएयू ने पीएचडी 2023-24 के छात्रों के लिए पीजीएस-505 की अनिवार्यता हटाई

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की निरंतर मांग के बाद चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण राहत भरा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने पीएचडी 2023-24 बैच के उन शोधार्थियों के लिए ‘पीजीएस-505’ (प्रयोगशाला तकनीकों में बुनियादी अवधारणाएँ) विषय की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है, जिन्होंने पहले ही आपदा प्रबंधन का अध्ययन किया हुआ है। इस विषय की अनिवार्यता के कारण अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर के शोधार्थियों की डिग्री व शोध कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी, जिसे अब दूर कर दिया गया है।

◾अब दोबारा नहीं लौटेगा कैंसर, ‘कीट्रूडा’ संग mRNA वैक्सीन का कमाल, ट्यूमर को फैलने से रोकने में मिली बड़ी कामयाबी

◾CAQM का सख्त आदेश: 1 जनवरी 2027 से सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियों का होगा रजिस्ट्रेशन

◾मोहन भागवत की US यात्रा से पहले बवाल USCIRF की अमेरिका में RSS पर बैन की मांग भारत पहले ही दे चुका करारा जवाब

◾इस अफ्रीकी देश में सोने की खदान धंसी, 100 से अधिक लोगों की मौ’त, बढ़ सकता है आकड़ा

◾दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर चला: बैरिकेड-फेंसिंग हटाई गईं; दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर कार्रवाई हुई थी

◾डॉक्टरों को एक यूनिक ID मिलेगी: नेशनल मेडिकल कमीशन का प्रस्ताव, एक रजिस्ट्रेशन से कहीं भी प्रैक्टिस कर पाएंगे; मरीज भी देख सकेंगे डिजिटल रिकॉर्ड

◾पीएम मोदी की केंद्रीय सचिवों के साथ बैठक: कहा- युवाओं से जुड़ें, ताकि नीतियां बनाने में नए आइडिया मिल सकें

◾पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का तिहाड़ में निधन: सिख विरोधी दंगों में उम्रकैद काट रहे थे; 4 केस में से 2 में बरी, 2 में दोषी थे

◾देहरादून में भारत-नेपाल की बैठक का पहला दिन पूरा: 3 दौर की बातचीत हुई, कल आखिरी सत्र; अंग्रेजों के नक्शों से सीमा विवाद सुलझाने की कोशिश

◾नाइजीरिया में बड़ा हादसा: नाव पलटने से 50 की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी

◾Sergio Gor: श्रीनगर से सीधे लद्दाख पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, किलस रहा पाकिस्तान; दौरे पर गहरी नजर

◾प्रतिबंधों पर भड़का ईरान, अब्बास अराघची बोले- घरेलू मुद्दों से ध्यान भटका रहे ट्रंप

◾चीन की अदालत का ऐतिहासिक फैसला, रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांडे के संस्थापक को उम्रकैद की सजा

◾कीव पर रूस का भीषण मिसाइल हमला: 15 नागरिकों की मौत; 40 से अधिक गंभीर रूप से घायल

◾चीनी के भाव ने छुड़ाए पसीने, बाहर से 10 लाख टन मंगाएगा भारत

◾पंजाब आएंगे राहुल गांधी, मिशन 2027 की करेंगे शुरुआत, तीन क्षेत्रों में अहम बैठकें

◾बांग्लादेश में 35 साल बाद बदला इतिहास, BNP के मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बने देश के नए राष्ट्रपति

◾झारखंड HC ने JSSC और JPSC की परीक्षाएं रद्द करने के सोरेन सरकार के फैसले पर लगाई रोक

◾हिसार कोर्ट में पेशी पर आए गैंगस्टर विनोद पानू की गोलियां मार कर हत्या, हमलावरों ने की 12 राउंड फायरिंग; आरोपी गिरफ्तार

◾पाकिस्तान में चीन-तुर्की की सीक्रेट उड़ानें, 60 घंटे में कई सैन्य विमान उतरे

◾त्रिशा जॉली-गायत्री गोपीचंद ने जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह





===================================

====================================